मद्रास उच्च न्यायालय ने मंगलवार को हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ अनुदान विभाग (Hindu Religious and Charitable Endowments Department) के अधिकारियों को सभी मंदिरों में बोर्ड लगाने का निर्देश दिया जिसमें लिखा हो कि कोडिमारम अर्थात् ध्वजस्तंभ से परे विधर्मियों अ-हिंदुओं को मंदिर के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। न्यायालय ने निर्देश दिया कि ऐसे बोर्ड मंदिरों के प्रवेश द्वार ध्वजस्तंभ के पास और मंदिरों में प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे।
न्यायमूर्ति एस श्रीमती ने निर्देश दिया कि यदि कोई अ-हिंदू मंदिर में किसी विशेष देवता के दर्शन करता है तो अधिकारियों को उनसे एक शपथ पत्र लेना होगा कि उन्हें देवता में विश्वास है और वे हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों और प्रथाओं का पालन करेंगे। उक्त अ-हिंदू को ऐसे उपक्रम पर मंदिर में जाने की अनुमति दी जा सकती है। जब भी किसी अ-हिंदू को वचन के आधार पर अनुमति दी जाती है तो उसे मंदिर अधिकारियों द्वारा बनाए गए रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
न्यायालय ने यह आदेश उस याचिका को स्वीकार करते हुए पारित किया जिसमें डिंडीगुल ज़िले के पलानी में धनदायुधापानी स्वामी मंदिर में केवल हिंदुओं को जाने की अनुमति देने का निर्देश देने की मांग की गई थी।
मद्रास उच्च न्यायालय के इस निर्णय की प्रासंगिकता, महत्त्व और औचित्य इस बात से समझ में आती है कि प्रायः ‘ईश्वर सभी के हैं’ इस तर्क के बल पर वामपंथी activists प्रत्येक मंदिर में प्रवेश की मांग करते हैं और देश की न्यायपालिका कई बार उनकी इस बेतुकी मांग को शिरोधार्य भी कर लेती है जैसा कि केरल के शबरीमला और महाराष्ट्र के शनि शिंगनापुर में देखा गया।
शबरीमला मामले में तो एक गुजराती महिला तृप्ति देसाई ने यह मांग की हालांकि अय्यप्पा देव के अनुयायी गुजरात में नहीं पाए जाते। यहाँ तक कि एक मुसलमान महिला रेहाना फ़ातिमा ने भी अय्यप्पा मंदिर में प्रवेश की मांग की जिनके अपने मज़हब में महिलाओं को पुरुषों के साथ मस्जिद में नमाज़ अता करने की इजाज़त नहीं है जबकि अय्यप्पा देव के भक्त जिन राज्यों में हैं, अर्थात् केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में किसी 10 से 50 वर्ष की महिला भक्त को ऐसा नहीं लगा कि शबरीमला में उनका प्रवेश वर्जित होना किसी प्रकार का अन्याय है।
हद तो तब हो गई जब सर्वोच्च न्यायालय में जब प्रश्न उठा कि क्या पारसी मंदिरों में भी महिलाओं को पुरुषों के साथ प्रार्थना करने की अनुमति होनी चाहिए तो न्यायाधीशों में से जो एक जज पारसी थे, आरएफ़ नरीमन, वे आग बबूला हो गए!
न्यायालय का यह निर्णय भिन्न-भिन्न मंदिरों को भिन्न-भिन्न संप्रदायों के अधिकारक्षेत्र के रूप में स्थापित करने की ओर एक पहल है।


