पहले राजस्थान और मध्यप्रदेश के उपचुनावों में शिकस्त और अब यूपी और बिहार में हुए उपचुनाव के परिणामों ने बीजेपी के लिए ख़तरे की घंटी बजा दी है। यूपी में समाजवादी पार्टी ने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ का गढ़ मानी जाने वाली गोरखपुर सीट और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की फूलपुर संसदीय सीट पर क़ब्ज़ा कर लिया है। इन दोनों में से गोरखपुर सीट को बीजेपी अपने लिए सुरक्षित मानती थी। फूलपुर सीट को लेकर थोड़ी शंका ज़रूर थी लेकिन यहां से भी बाहुबली अतीक अहमद के चुनाव मैदान में उतर जाने के बाद पार्टी अपनी जीत पक्की मानने लगी थी।
जब परिणाम आए तो बीजेपी के आला नेता हक्के-बक्के रह गये। चुनाव परिणाम आने के बाद अब मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हमें हमारे ही आत्मविश्वास ने हरा दिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी इस परिणाम को अप्रत्याशित बता रहे हैं। लेकिन अगर देखा जाए तो ये परिणाम पूरी तरह से अप्रत्याशित नहीं हैं।
दरअस्ल यूपी में सारा राजनैतिक समीकरण उसी दिन बदल गया था जब बीएसपी नेत्री मायावती ने गोरखपुर और फूलपुर में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया था। हालांकि तब ये भी कहा जा रहा था कि मुलायम और मायावती के पुराने बैर को देखते हुए बीएसपी अपना वोटबैंक शायद ही समाजवादी पार्टी के पक्ष में ट्रांसफर कर सके। लेकिन इस तरह के सारे कयास धरे के धरे रह गये और परिणामों से बीजेपी विरोधी दलों के चेहरे पर ख़ुशी की लहर दौड़ गयी।
अब बात केवल गोरखपुर और फूलपुर संसदीय क्षेत्र के चुनाव परिणाम की ही नहीं, बल्कि जो भी बात होगी वो 2019 के आम चुनाव को ध्यान में रखकर होगी। इन चुनाव परिणामों से इस बात का भी स्पष्ट संकेत मिला है कि एसपी-बीएसपी गठबंधन उत्तर प्रदेश में योगी-मोदी-शाह की तिकड़ी के मैजिक को शिकस्त देने के लिए तैयार है। यूपी यानी वह राज्य जहाँ से केंद्र में सरकार बनाने का रास्ता तैयार होता है और जहाँ से पिछले चुनाव में बीजेपी ने अपनी अभी तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की थी, वहां इस मैजिक का ध्वस्त होना न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए शुभ संकेत है और न ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए।
इन उपचुनाव के नतीजों का दूरगामी परिणाम पड़ना स्वाभाविक है क्योंकि अभी भले ही एसपी-बीएसपी के बीच आगे के चुनावों को लेकर कोई स्पष्ट गठबंधन का ऐलान नहीं किया गया है, ये परिणाम 2019 के आम चुनावों के दौरान दोनों दलों के बीच चुनावी गठजोड़ बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इन चुनाव परिणामों से दोनों दलों को एक बात साफ़ समझ में आने वाली है कि बीजेपी विरोधी वोट अगर गोलबंद हो जायें, तो बीजेपी से पार पाना कठिन नहीं है।
पिछले विधानसभा चुनाव के समय भी अखिलेश यादव ने मायावती के पास गठजोड़ करने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन जब तब मायावती इसके लिए तैयार नहीं हुई थी और उसका परिणाम बीएसपी के लगभग सफ़ाए के रूप में सामने आया था। लोकसभा चुनाव में पहले ही बीएसपी का सफ़ाया हो चुका था। लेकिन अब जबकि दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा है तो सफलता उनका अभिनंदन कर रही है।
पिछले विधानसभा चुनाव और उसके पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में यदि किसी पार्टी को जनाधार होने के बावजूद सर्वाधिक नुक़सान हुआ था, तो वो बीएसपी ही थी। इसलिए बीएसपी प्रमुख मायावती ने इन उपचुनावों में अपना अहं छोड़कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन किया। इस गठजोड़ में यदि कांग्रेस भी शामिल हो जाये तो उसके भी कुछ प्रतिशत वोट मिल जायेंगे और वैसी स्थिति में बीजेपी के लिए यूपी के अपने किले को बचा पाना संभव नहीं हो सकेगा। विपक्षी दलों को ये भी समझ में आसानी से आने वाला है कि यदि बीजेपी को यूपी में ध्वस्त करने में सफलता मिल जाए तो फिर उसे केंद्र की सत्ता तक पहुंचने से रोक पाना ज्यादा कठिन नहीं होगा।
ये उपचुनाव बीजेपी के लिए एक ऐसा बड़ा सबक़ है जो उसे आगे की रणनीति तैयार करने के लिए पर्याप्त समय देने वाला है। चुनाव परिणाम आने के बाद बीजेपी कह रही है कि उसके प्रत्याशी अति आत्मविश्वास की वजह से हार गए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कह रहे हैं कि बीजेपी के ज्यादातर समर्थक वोट देने के लिए घर से निकले ही नहीं। अगर यह बात सच भी है तो आख़िर अपने समर्थकों को वोट डालने के लिए प्रेरित करने की ज़िम्मेदारी किसकी है? इस क्रम में हमें ये भी याद रखना होगा कि बीजेपी प्रत्याशी की हार सिर्फ़ बीएसपी और समाजवादी पार्टी के वोटों के इकट्ठा हो जाने की वजह से ही नहीं हुई है; उसकी वजह चुनाव प्रबंधन का ठीक नहीं होना भी है।
पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को 2,26,344 वोट और बीएसपी 1,76,412 वोट मिले थे। यानी दोनों को कुल मिलाकर 4,02,756 वोट मिले थे, वहीं बीजेपी ने अकेले दम पर 5,39,127 वोट हासिल किया था। यानी एसपी-बीएसपी दोनों दलों को मिलाकर भी बीजेपी से 1,36,371 वोट पीछे रह गये थे। इसी तरह फूलपुर में भी एसपी-बीएसपी के उम्मीदवारों को मिले वोट का कुल योग 3,58,970 था, जबकि बीजेपी को इन दोनों के कुल योग से 1,44,594 वोट ज़्यादा मिले थे।
साफ़ है कि तब इन दोनों दलों की सम्मिलित शक्ति भी बीजेपी से हार जाती। इसलिए इस उपचुनाव में बीजेपी की हार के लिए दोनों दलों के बीच गठबंधन होने को ही मुख्य वजह नहीं माना जाना चाहिए। बीजेपी की हार की सबसे बड़ी वजह अपने कार्यकर्ताओं और वोटरों को एकजुट नहीं रख पाना भी रहा है। हालात तो ये भी थे कि चुनाव के दौरान गोरखपुर और फूलपुर के कई बूथों पर बीजेपी का कोई भी कार्यकर्ता तक नहीं था। यानी उपचुनाव के दौरान बीजेपी का चुनाव प्रबंधन काफ़ी कमज़ोर था।
बीजेपी को यह भी समझना होगा कि जातीय राजनीति के मामले में वो अभी भी समाजवादी पार्टी और बीएसपी जैसे दलों के मुक़ाबले में काफ़ी पीछे है। इसलिए जबतक वो जातीय समीकरणों की काट नहीं निकाल लेती तबतक एसपी-बीएसपी की सम्मिलित ताक़त का मुक़ाबला कर पाना उसके लिए आसान नहीं है। गोरखपुर में निषाद वोटरों की संख्या 3.6 लाख है। 2014 में तो योगी आदित्यनाथ हिन्दुत्व की अपनी छवि की बदौलत इसमें से काफ़ी वोट खींचने में सफल रहे थे, लेकिन इस बार उनकी ग़ैरमौजूदगी में समाजवादी पार्टी के प्रवीण निषाद ने निषाद पार्टी के समर्थन से अपने स्वाजातीय वोटों पर पूरा क़ब्ज़ा कर लिया। इसी तरह यहां यादव, दलित और मुस्लिम वोटर्स की संख्या भी लगभग साढ़े चार लाख है। लगता तो यही है कि ये सारे वोट एकतरफ़ा समाजवादी पार्टी के पक्ष में पड़े हैं और जातीय समीकरणों को साध पाने में विफल होने की वजह से बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है।
बीजेपी के हक़ में सिर्फ़ एक ही बात है कि इन चुनाव परिणमों के आधार पर उसे 2019 में विपक्ष की आगे की रणनीति का अभी से अनुमान लग गया है। बेहतर होगा कि पार्टी हार की वजहों पर चिंतन करने के साथ ही इस बात पर भी विचार करे कि यदि अगले चुनाव में एसपी-बीएसपी-कांग्रेस की तिकड़ी मिलकर चुनाव लड़ती है तो उसे उसका मुक़ाबला कैसे करना है। ये काम सिर्फ़ कार्यकर्ताओं को सम्मान और हौसला देकर ही हो सकता है — इस बात पर पार्टी को विशेष ध्यान देना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार

