देश में अपवादस्वरूप जो वर्जनाओं को तोड़ते हुए सामाजिक समरसता का संदेश देने वाले घटनाक्रम घटते हैं, राष्ट्रीय मीडिया अकसर उन्हें नजरअंदाज करता दिखाई देता है। जबकि देश में जो भेदभाव और असंतोष का वातावरण बन रहा है, उसे उदार और सहिष्णु बनाने में इन घटनाओं का प्रचार व प्रसार अच्छा काम कर सकता है। हाल ही में हैदराबाद के श्रीरंगनाथ मंदिर में छुआछूत के खिलाफ बड़ी पहल करते हुए 2700 साल पुरानी परंपरा तोड़ी गई है।
मंदिर के वैष्णव पुजारी रंगराजन ने मंदिर के एक स्थानीय भक्त आदित्य परासरी को कंधे पर बिठाकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कराया। इस दौरान अन्य पुजारियों ने शंख ध्वनि और गाजे-बाजे के साथ वैदिक मंत्रोच्चार किया। मंदिर के प्रमुख पुजारी और तेलंगाना मंदिर सरंक्षण समिति के अध्यक्ष रंगराजन के अनुसार, ‘दलितों को इस तरह से सम्मान देने का उद्देश्य देश के लोगों में समानता का भाव जगाना है। मालूम हो इस समय देश में वैष्णव संत रामानुचार्य की जन्म शताब्दी मनायी जा रही है। इस अवसर पर इस संप्रदाय के सभी मंदिरों में अनुष्ठान चल रहे हैं।
अछूत, दलित और आदिवासियों को मंदिर में प्रवेश की इजाजत अछूतोद्धार की दिशा में की गई रचनात्मक शुरूआत और अभिनंदनीय पहल है। सनातनी हिन्दुओं द्वारा अपने ही समाज के एक बडे़ हिस्से को भिन्न व अस्पृष्य वर्ग बना देना हिन्दू धर्म के माथे पर सदियों से लगा चला आ रहा ऐसा कलंक है, जो धोए नहीं धुल रहा है। इस लिहाज से केरल के मंदिरों में अनुसूचित जाति और जनजाति के युवाओं को पुजारी भी बनाया गया है। यह निर्णय त्रावणकोर देव स्वामी मंडल (टीडीबी) ने लिया था। यह मंडल 1248 मंदिरों का प्रबंधन करता है। इनमें सबरीमाला का प्रसिद्ध अयप्पा स्वामी मंदिर भी शामिल है। इन मंदिरों में 36 गैर ब्राह्मणों सहित 6 दलितों की नियुक्तियां हुई हैं। इनकी नियुक्ति लोक सेवा आयोग की तर्ज पर लिखित व मौखिक परीक्षा लेकर हुई हैं।
येदू कृष्णन नाम के पहले दलित पुजारी मंदिर में पूजा-पाठ का काम बखूबी कर रहे हैं। इसके पहले मदुरै के पास उथपुरम् गांव के मंदिर में दलित समुदाय के लोगों का प्रवेश एक ऐतिहासिक व युगांतरकारी घटना थी। इस मंदिर में दलितों के प्रवेश पर 20 साल से रोक लगी हुई थी। ये लोग प्रतिकात्मक रूप से मंदिर परिसर में खड़े पीपल के पेड़ की परिक्रमा लगाकर पूजा-अर्चना कर लिया करते थे। अछूत दीवार को तोड़कर समता का यह काम विश्व हिन्दू परिषद ने किया था।
दक्षिण भारत के मंदिरों में दलितों के प्रवेश को कानूनी रूप से 80 साल पहले 1936 में त्रावणकोर के महाराजा ने दिया था। इसके बाद जुलाई 2008 में तिरूपति मंदिर में दलितों को पूजा का अधिकार दिया गया था। इस अवसर पर दलितों का जो स्वागत हुआ, वह हिन्दू समाज में कमोबेश परंपरा बन चुकी रूढ़िवादिता, छूआछूत और जातिवाद को समाप्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल थी। दरअसल दलितों के हित साध्य के हेतुओं में राजनीतिक स्वंतत्रता से कही ज्यादा सामाजिक समानता और समरसता का महत्व है। यह पहल उनमें गरिमा बढ़ायेगी, वे जातिगत हीनताबोध से मुक्त होंगे, फलस्वरूप उनका आत्मबल भी प्रबल होगा। यह सम्मान उनको हिन्दुओं की मुख्यधारा का हिस्सा बन जाने की दिशा भी सुनिश्चित करेगा।
गांधी ने अपने एक भाषण में कहा था ‘अछूतों का एक जुदा वर्ग बना देना हिन्दू धर्म के माथे पर कलंक है। यह अस्पृश्यता रूपी राक्षस तो रावण से भी भंयकर है और जब हम इस राक्षस की पूजा करते हैं, तब तो हमारे पाप की गुरूता और बढ़ जाती है। यदि इसे धर्म कहें तो ऐसे धर्म से मुझे घृणा होती है। यह हिन्दू धर्म हो ही नहीं सकता। मैंने तो हिन्दू धर्म द्वारा ईसाई धर्म और इस्लाम का आदर करना सीखा है, फिर यह पाप हिन्दू धर्म का अंग कैसे हो सकता है ? इस पाखंड और अज्ञान के खिलाफ यदि जरूरत पड़े तो मैं अकेला लडूंगा, अकेला तपश्चर्या करूंगा और उसका नाम जपते हुए मरूंगा।‘
इसमें कोई दो राय नहीं भारत की नामचीन सवर्ण जातियों ने धार्मिक कर्मकाण्ड और पाखण्ड की कपोल कल्पित पृष्ठभूमि के आधार पर जन्म की प्राकृतिक देन के साथ भेदभाव और छूआछूत की संकीर्णता का बीजारोपण किया। इस कारण कृषि, लघु व हस्त शिल्प उद्योगों में उत्पादन से जुड़ी एक बड़ी आबादी को दलित व अछूत का दर्जा देकर उन्हें शर्मनाक व निंदनीय हालातों में बदलने की शुरूआत आजादी के समय से ही की जा रही थी। इसलिए इन जातियों के सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक उत्थान को दृष्टिगत रखते हुए इन्हें विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका में आरक्षण के समुचित संवैधानिक प्रावधान रखे।
ऐसे विषम हालात में मंदिरों में दलित पुजारियों की तैनाती हिन्दुत्व को बड़े स्तर पर पुनर्जीवित करना है। इससे हिन्दू धर्म की वह सामाजिक रूढ़िवादिता भी खत्म होगी, जो समाज में असमानता को बढ़ावा देती चली आ रही है। यह पहल हिन्दू समाज में भिन्न धर्म-उपधर्म और जाति-उपजातियों के कारण जो भेदभाव और बिखराव फैला हुआ है, उसे कम करेगी। समाज में एकता स्थापित होगी और एकता स्थापति होती है तो राष्ट्रीय अखण्डता भी मजबूत होगी। वैसे भी हमारा संविधान अनेक नागरिक अधिकारों के साथ ही धार्मिक स्वतंत्रता की भी गारंटी देता है।
हिन्दू जातियों व उप-जातियों के बीच परस्पर आत्मविश्वास का संबल पैदा होगा। क्योंकि यह एक विचित्र विडंबना ही थी की एक ही धर्म के अनुयायी होने के बावजूद दलित मंदिरों में प्रवेश और पूजा से वंचित थे। लेकिन हिन्दू हित चिंतकों ने इन मिथकों को तोड़ने की कोशिश नहीं की, क्योंकि यही अंधविश्वास उनकी प्रतिष्ठा का आधार था। कर्मकाण्ड का अंधविश्वासी यही अनुष्ठान उनकी जीविकोपार्जन का साध्य भी था। गुप्त साम्राज्य के पतन के बाद देश में गृहयुद्ध के जो हालात उपजे और विदेशी आक्रांताओं के सिलसिलेवार जो हमले हुए उस उथल-पुथल में धर्म के निष्ठावान अनुयायी श्रीहीन हुए। फलस्वरूप धर्म के वाहक ऐसे लोग बन बैठे, जिन्होंने आक्रांताओं के समक्ष घुटने टेक दिए। नतीजतन यथास्थितिवाद के शिकार पंडे-पाखंडियों ने वैदिक कालीन वर्ण-व्यवस्था के सामाजिक विचार को जन्म के अलौकिक चमत्कार और विधि के विधान से जोड़कर रूढ़िवादी दुर्बल पराजय में ढाल दिया। अलौकिक चमत्कार की अवधारणाओं ने देश को परतंत्र बना देने में भी अहम् भूमिका निभायी। जब महमूद गजनवी यवन आक्रमणकारियों के साथ सोमनाथ के प्रसिद्ध शिव मंदिर पर चढ़ाई कर रहा था, तो मंदिर के पंडे पुजारियों ने प्रतिकार के लिए सन्नद्ध खड़े लोगों को भरोसा जताया की भोले शंकर तीसरा नेत्र खोलेंगे और देखते-देखते यवन सेना भस्म हो जाएगी, लेकिन चमत्कारवादी आलौकिक अवधारणाओं के क्या फलित निकले यह इतिहास के पन्नों पर शर्मनाक दस्तावेज के रूप में दर्ज हैं।
दैवीय शक्तियों के भ्रामक विचार ने दुर्बल मानसिकता को जन्म दिया और राजे-रजवाड़े व स्वतंत्र जनपदों में बंटे देश के सत्ताधारी घुटने टेकते चले गये। इस उथल-पुथल में जिन योद्धा समूहों ने पराजय नहीं मानी और अपने धर्म व अस्तित्व को बचाये रखने के लिए भटकते रहे, इनमें से कई जातीय समूह दरिद्र जातियों के समूहों में तब्दील होते चले गये।
स्वातंत्रयोत्तर भारत में हैरानी की बात यह रही कि राजनीतिक स्तर पर भी वैज्ञानिक तरीके से जातीय अवधारणा की पड़ताल नहीं की गई। हां, जातीयता और सांप्रदायिकता को वोट की राजनीति के चलते भुनाया जरूर जाता रहा। सामाजिक न्याय के पैरोकारों ने तो मंडल के बहाने जातीवाद को घृणा की हद तक पहुंचाने का काम किया। बावजूद इसके ऐसा नहीं है कि जातिवाद के विरुद्ध दृष्टि व्यापक नहीं हुई हो, छुआछूत का भेद और दलित का अपमान आज दंडनीय अपराध के दायरे में है। बहरहाल अब समय आ गया है कि हिन्दू हित चिंतक दरिद्रनारायण कहे जाने वाले सभी लोगों को मंदिरों के द्वार खोल दें।
हिन्दुस्थान समाचार/प्रमोद भार्गव

