हमारे भीतर प्रश्न क्यों नहीं उगते?

प्रश्न बेचैन और ज्ञान से संतुष्ट व्यक्ति में अंतर होते हैं, प्रश्न बेचैन जिज्ञासा में रमता है, शोध करता है, बोध के प्रयास करता है, नचिकेता ऐसा ही तरूण जिज्ञासु हैं

266

 तरूणाई प्रश्न बेचैन नहीं है। प्रकृति में प्रतिपल आश्चर्यजनक घटित हो रहा है। सूर्य का उदय और अस्त विस्मय क्यों नहीं पैदा करता? प्रश्नों का क्षेत्र बड़ा है। फूल खिल रहे हैं। वे पृथ्वी से रस काया लेते हैं। यहां बड़े प्रश्न हैं। पृथ्वी के पास रस गंध का कोष कितना है? सूर्य तप रहे हैं। सूर्य के पास ईंधन की मात्रा क्या है? हाथ में दूरभाष यंत्र है। अब दुनिया के तमाम देशों से दूरभाष वार्ता संभव है। इस तकनीकी पर आश्चर्य क्यों नहीं होता। गन्ने के खेत को देखते हैं। गन्ना धरती से रस लेता है। अनंत काल से मीठा है। धरती के गर्भ में क्या शक्कर की मात्रा है? है तो कितने साल चलेगी? प्रश्न ज्ञान के पिता हैं और जिज्ञासा ज्ञान की माता। आश्चर्य है कि यहां तब भी हमारे भीतर प्रश्न क्यों नहीं उगते? उत्तर वैदिक काल प्रश्नों से भरापूरा था। तब प्रश्नों की खेती थी और प्रश्नों के फूल फल। कठोपनिषद् इसी काल की सुंदर रचना है। अल्पवयी नचिकेता प्रश्नकर्ता है और काल के देवता यम उत्तरदाता। बड़ी सुरम्य रचना है कठोपनिषद्। कथा के पात्र और भी हैं। नचिकेता के पिता उद्दालक विख्यात ऋषि परंपरा में है। उन्होंने अपनी कामनाओं की पूर्ति के लिए यज्ञ कराया। अपनी संपदा पुरोहितों को दान कर दी। (कठोपनिषद् 1.1) तब यज्ञ से इच्छित फल प्राप्ति के प्रचार रहे होंगे। लेकिन इसी लपेटे में उद्दालक जैसे ऋषि भी आए। यह एक और बड़ा आश्चर्य है?

उद्दालक की प्रतिष्ठा अन्य उपनिषदों में भी है। संभव है कि इस यज्ञ के बाद वे दर्शन की ओर मुड़े हों। उपनिषद् की कथा के अनुसार ‘अल्पवयी होने के बावजूद नचिकेता श्रद्धा विह्वल आवेश में आया। दान की जीर्ण शीर्ण गायों को देखकर वह दुखी हुआ।’ (कठोपनिषद् 1.2) वैदिक समाज में दान की महिमा थी। आधुनिक समाज में बहुत लोगों को अनुदान की इच्छा रहती है। नचिकेता ने सोचा ‘इन गायों का शरीर जीर्ण हो चुका है। उन्हें अंतिम बार दुहा जा चुका है। वे ठीक से घास भी नहीं खा सकतीं। ऐसी गायों को दान देने वाला सुखहीन लोकों में दुखी जीवन को अभिशप्त होगा।’ (कठोपनिषद् 1.3) संसार कर्मक्षेत्र है। कर्म न करके दान दक्षिणा और यज्ञ के माध्यम से उच्च जीवन की अभिलाषा उचित नहीं। लेकिन नचिकेता के पिता तो और भी बड़ी गलती कर रहे थे। वे कृशकाय गायां के दान से श्रेष्ठ जीवन के अभिलाषी थे। नचिकेता इस बात से व्यथित हुआ। उसने पिता से प्रश्न पूछा ‘पिताजी आप मुझे किसे देंगे? वे नहीं बोले। उसने यही प्रश्न तीन बार पूछा। पिता ने गुस्से में कहा – मैं तुझे मृत्यु को दूंगा।’ (कठोपनिषद् 1.4) अपने कर्म पर गुस्साए और शिशु के तीखे प्रश्न से आहत पिता के पास प्रश्न का सही उत्तर नहीं था।

प्रश्न बेचैन और ज्ञान से संतुष्ट व्यक्ति में अंतर होते हैं। प्रश्न बेचैन जिज्ञासा में रमता है, शोध करता है। बोध के प्रयास करता है। नचिकेता ऐसा ही तरूण जिज्ञासु हैं। पिता उद्दालक स्वयं को जानकार मानते हैं। यज्ञ कर्मकाण्ड में उनका विश्वास है। उनके चित्त में कोई संशय नहीं। लेकिन नचिकेता विचारशील है। वह सोच रहा है, ‘मैं बहुत से सीखने वालों में अच्छे आचरण वाला हूं। कुछ सीखने वालों से मेरा आचरण माध्यम हो सकता हूं। यम का मुझसे क्या काम हो सकता है? जिसे पिताजी मेरे द्वारा मुझे यम के पास पूरा करेंगे।’ (कठोपनिषद् 1.5) सीखने को तैयार व्यक्ति शिष्य कहे जाते हैं। शिष्य में दो गुणों की महत्ता बताई गई है। पहली है प्रश्न बेचैनी और दूसरी आचार्य और वरिष्ठों का आदर। नचिकेता में दोनां है। वह पिता के पास गया। उसने पिता को प्राचीन संस्कृति का स्मरण कराया ‘पूर्वजों द्वारा किए गए आचरण पर विचार कीजिए। उसके बाद के भी व्यवहार पर सोचिए। इस समय के अपने आचरण पर भी गहन विचार की कीजिए। यह संसार मरणधर्मा है। मनुष्य अनाज की तरह पकता है। नष्ट होता है। अनाज की तरह ही फिर जन्म लेता है।’ (कठोपनिषद् 1.6) पूर्वजों के आचरण पर ध्यान देना ऋग्वेद की परंपरा है। कठोपनिषद् में आया ‘यथा पूर्वे’ ऋग्वेद के अंतिम सूक्त में भी प्रयुक्त हुआ है। दोनों प्रसंगों में इसका संदर्भ व अर्थ एक जैसा ही है।

परंपरा से सतत् संवाद जरूरी है। इसी संवाद से आदर्श आधुनिकता का जन्म होता है। गलत आचरण गलत ही हैं। सही गलत के अर्थ पर काल का प्रभाव पड़ता है। इसीलिए परम्परा से संवाद के साथ परम्परा का अनुसंधान भी आवश्यक है। संसार अनित्य है। सो मनुष्य जीवन भी अनित्य है। नचिकेता न अनाज के पकने, झरने और फिर से उगने का उदाहरण दिया है। उपनिषद् काल के ऋषि अपने वातावरण से ही उदाहरण देते थे। फिर फिर उत्पन्न होने के उदाहरण में तत्कालीन समाज की पुनर्जन्म मान्यता भी है। कथा बड़ी प्यारी है। नचिकेता यम के घर पहुंचा। यम घर पर नहीं थे। नचिकेता ने तीन दिन प्रतीक्षा की। यमदेव लौटे। पत्नी ने उनसे कहा, ‘सूर्य पुत्र! ब्राह्मण अतिथि के रूप में स्वयं अग्निदेवता गृहस्थों के घर जाते हैं। गृहस्थ अतिथि रूप अग्नि को शांत करने के लिए उसे जल आदि देते हैं। आप भी जल ले जाइए।’ (कठोपनिषद् 1.7) यहां यम सूर्य पुत्र है। पृथ्वी सूर्य परिवार में है। इसलिए सभी जीव वनस्पति सूर्य पुत्र है। यम देवता भी है। उपनिषद् में उनका सुंदर मानवीकरण किया गया है। यम देवता गृहस्थ है। उनकी पत्नी भी है। वैदिक समाज की अनुभूति वाले सारे देवताओं की पत्नियां हैं। ऋग्वेद के एक मंत्र में स्तुति है कि सभी देवता पत्नियों सहित यज्ञ में पधारें।

वैदिक समाज की पत्नियां मौन नहीं रहतीं। वे अपने पति का मार्गदर्शन भी करती हैं। यम की पत्नी ने भी यम को अतिथि सत्कार का मर्म समझाया, ‘जिसके घर में अतिथि बिना भोजन ही रहता है। ऐसे मंदबुद्धि पुरूष की पुत्र धन आदि की सभी आशाएं समाप्त हो जाती हैं। उसे सुंदर भाषण या वक्तव्य के फल नहीं मिलते। उसकी अभिव्यक्ति क्षीण हो जाती है।’ (कठोपनिषद् 1.8) अतिथि की सेवा जरूरी है। अतिथि उपेक्षा के परिणामों में पुत्र सुख, धन सुख के साथ भाषण सुख भी नष्ट होने की बाते ध्यान देने योग्य हैं। उपनिषद् काल में भाषण से सुख मिलता था। सम्मान होता था। आधुनिक काल में भी भाषण के सुख हैं। तालियां हैं और जयघोष हैं। राजनैतिक भाषणकर्ताओं को भी अतिथि सत्कार पर ध्यान देना चाहिए। यम देव ने पत्नी के कहे अनुसार नचिकेता का आदर किया और कहा, ‘हे ब्राह्मण विद्वान अतिथि! आप तीन दिन से बिना अन्न लिए ही मेरे घर पर हैं। आपको बारंबार नमस्कार है। मेरा कल्याण करें। आप प्रत्येक तीन दिवस के बदले तीन वरदान मांग सकते हैं।’ (कठोपनिषद् 1.9) यहां क्षमा याचना के साथ तीन पुरस्कार भी हैं। कथा सुगठित है। प्रेरक भी हैं। यम देव यहां अपनी शक्ति भी बताते हैं। वे वरदान देने की स्थिति में है। उनका प्रस्ताव विचारणीय है।

संसार कर्म क्षेत्र है। कर्म प्रेरणा का केन्द्र अभिलाषा है। सबकी अभिलाषाएं भिन्न भिन्न हैं। हम नचिकेता की जगह स्वयं को रख सकते हैं। तब हमारे सामने भी तीन वरदान मांगने के विकल्प हो सकते हैं। मैं राजनैतिक क्षेत्र में हूं। मैं उनसे तीन बड़े पद मांग सकता हूं। महत्वाकांक्षी बहुधा ऐसा ही सोचते हैं। यम देव मेरे चक्कर में नहीं फंस सकते। वे सावित्री सत्यवान की कथा में सावित्री को वर देकर फंस गए थे। नचिकेता युवा होकर भी साधारण महत्वाकांक्षी नहीं था। उसने पिता की प्रसन्नता से जुड़ा पहला वर मांगा। पिता माता हमारे यहां संसार में होने का कारण है। वे न होते तो हम भी न होते। पिता प्रसन्न रहें, बाकी बातें बाद की। यमराज ने यह वर दे दिया। अब बारी ज्ञान की। नचिकेता ने ‘अग्नि तत्व’ की गहरी जानकारी मांगी। संसार का आधार ताप है। ताप अग्नि का अंतस् है। हम सब अग्नि पोषित हैं। अग्नि की खोज ने दुनिया की सभ्यताएं बदल दीं। नचिकेता ने ठीक ही अग्नि तत्व की व्याख्या पूछी। यह दूसरा वर था। फिर तीसरे की बारी आई। नचिकेता ने मनुष्य के होने और मृत्यु के बाद होने या न होने के असमंजस पर स्पष्टीकरण मांगा। यह प्रश्न भारतीय दर्शन की एक प्रमुख समस्या था और आज भी है। बाद के दोनो प्रश्नों के उत्तर जानने के लिए कठोपनिषद् पढ़ने में कोई समस्या नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/हृदयनारायण दीक्षित

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.