विपक्ष का मजबूत गठबंधन या मजबूर गठबंधन

ऐसे में हो सकता है कि बीजेपी विरोध के नाम पर बन रहा विपक्ष दलों का ये प्रस्तावित गठबंधन भी 2019 के चुनाव में बीजेपी को करारा झटका देने में सफल हो जाए

313

कर्नाटक में एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण के साथ ही एक बार फिर कांग्रेस राज्य की सत्ता पर काबिज हो गई है। चुनाव के पहले तक राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार चलाने वाली कांग्रेस इस बार वहां जेडीएस से बड़ी पार्टी होने के बावजूद जूनियर सहयोगी की भूमिका में है। कुमारस्वामी और जी परमेश्वर ने मुख्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर दावा किया कि उनकी सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। शपथ ग्रहण का यह समारोह जहां कर्नाटक में एक बार फिर गठबंधन सरकार के दौर की शुरुआत है, वहीं यह विपक्ष की एकजुटता का मेगा शो भी बना। समारोह में विपक्षी पार्टियों के लगभग सभी दिग्गज नेताओं ने भाग लिया। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पहुंचना तो स्वाभाविक ही था, क्योंकि वे इस गठबंधन सरकार के एक प्रमुख घटक दल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा बीएसपी सुप्रीमो मायावती, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू, आरएलडी प्रमुख अजीत सिंह, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, जेडीयू से निष्कासित शरद यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी प्रमुख शरद पवार भी समारोह में पहुंचे। मंच पर इन सभी नेताओं ने एक दूसरे से हाथ जोड़कर विपक्ष की एकजुटता का एलान भी किया। शपथ ग्रहण समारोह के बाद विपक्षी नेताओं की ओर से दावा किया गया कि यह विपक्ष का एक मजबूत गठबंधन है, जो अब आने वाले सभी चुनावों में बीजेपी को आसानी से पटखनी देगा और 2019 में बीजेपी को सत्ता से बेदखल कर देगा। आने वाले चुनावों में क्या होगा, यह समय बताएगा। विपक्षी पार्टियां इसे बीजेपी के खिलाफ एक मजबूत गठबंधन बता रही हैं, वही बीजेपी इसे विपक्ष के मजबूर गठबंधन की संज्ञा दे रही है।

बीजेपी का कहना है कि भाजपा की बढ़ती ताकत के कारण बिना किसी सिद्धांत या विचारधारा बात सोचे ही विपक्षी दलों ने एक ऐसा गठबंधन बनाया है, जिसकी अपनी कोई नीति नहीं है। इस गठबंधन का हर दल अपने हिसाब से अपनी नीति तय करता है। सच्चाई भी यही है कि बीजेपी की धमक के कारण उत्तर भारत के लगभग तमाम विपक्षी दलों की हवा खराब हो चुकी है। कांग्रेस पराभव के सबसे नीचे स्तर तक पहुंच चुकी है। बीएसपी की हालत दयनीय हो चुकी है। समाजवादी पार्टी भी दीन-हीन हालत में है। राष्ट्रीय जनता दल निश्चित रूप से थोड़ी बेहतर स्थिति में है, लेकिन अगर बिहार में जेडीयू और बीजेपी का गठबंधन बना रहा तो माना जा रहा है कि आने वाले चुनाव में आरजेडी की स्थिति भी अच्छी नहीं रहने वाली है। यह ठीक है कि पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के राज्यों में क्षेत्रीय दलों की स्थिति बीजेपी से बेहतर नजर आती है। लेकिन यहां की हर पार्टी की नीति एक-दूसरे से पूरी तरह से अलग है। बीजेपी के डर से इन सभी दलों को एकजुट जरूर होना पड़ा है, लेकिन ये दल कबतक एकजुट रह पाएंगे, यह कह पाना बहुत ही कठिन है। बड़ी दिक्कत ये भी है कि जो दल राज्य में कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, वही दल केंद्र में एक साथ काम करने की कसमें खा रहे हैं। ममता बनर्जी बंगाल में कांग्रेस के खिलाफ हैं, चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ हैं, के. चंद्रशेखर राव तेलंगाना में कांग्रेस के खिलाफ हैं, और तो और चंद्रबाबू नायडू और चंद्रशेखर राव आपस में एक-दूसरे के विरोधी हैं। यही स्थिति अन्य स्थानों के लिए भी कही जा सकती है। ऐसे में स्वाभाविक रूप से पूछा जा सकता है कि परस्पर विरोध की स्थिति में केंद्रीय स्तर पर तालमेल कैसे बन सकेगा और ये तालमेल कितना टिकाऊ होगा। सत्तर के दशक में जनता पार्टी की विफलता की भी एक बड़ी वजह सिर्फ इंदिरा गांधी के विरोध के नाम पर तमाम अलग-अलग विचारधारा वाली पार्टियों का एक साथ आना और फिर विचारधारा के स्तर पर सामंजस्य नहीं होने की वजह से अलग हो जाना रहा था। एक साथ होकर उन्होंने इंदिरा गांधी को तो हरा दिया था, लेकिन वह खुद लंबे समय तक साथ नहीं चल सके और जनता पार्टी बिखर गई। राष्ट्रीय मोर्चा सरकार के समय भी यही हुआ। कांग्रेस के विरोध के नाम पर पार्टियां एक साथ तो आईं, लेकिन कुछ ही समय बाद सारी पार्टियां बिखर गईं।

ऐसे में हो सकता है कि बीजेपी विरोध के नाम पर बन रहा विपक्ष दलों का ये प्रस्तावित गठबंधन भी 2019 के चुनाव में बीजेपी को करारा झटका देने में सफल हो जाए, लेकिन खुद ये गठबंधन कब तक साथ रहेगा, इसको इसकी कोई गारंटी नहीं है। सच तो ये है कि यह सारी विपक्षी पार्टियां बीजेपी के उभार से डरी हुई हैं। इन्हें बीजेपी का मुकाबला करने के लिए मजबूर होकर एक मंच पर आने के लिए विवश होना पड़ा है। इसलिए अगर बीजेपी इस गठबंधन को मजबूर गठबंधन की संज्ञा दे रही है, तो इसे पूरी तरह से नकारा भी नहीं जा सकता। कांग्रेस ने उस जेडीएस का साथ दिया है, जिसके पास सिर्फ 37 सीटें आई हैं। 78 सीट वाली कांग्रेस ने सिर्फ बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए ही बड़ी पार्टी होने के बावजूद सरकार में जूनियर सहयोगी की भूमिका को स्वीकार किया है। बीजेपी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने जेडीएस को मुख्यमंत्री पद की रिश्वत देकर बीजेपी को सत्ता तक तो नहीं पहुंचने दिया, लेकिन इस सच से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि जेडीएस और कांग्रेस दोनों ही हर स्तर पर एक दूसरे के विरोधी पार्टियां रही हैं। ऐसे में इन दोनों दलों के बीच बना तालमेल कब तक चल सकेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। क्योंकि अगर ये गठबंधन फेल हुआ तो निश्चित रूप से इसका असर राष्ट्रीय स्तर पर बनने वाले इनके प्रस्तावित गठबंधन पर भी पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.