फ़र्ज़ी शपथ/प्रमाण पत्र दाख़िल करने, तमाम जाहिलों, ग़ुन्डों और ठगों को विधायक बनाने, सरकारी कर्मचारियों के साथ हाथापाई करने आदि आम आदमी पार्टी की करतूतों से वो जनता क्या परेशान होगी जो सबसे ज़्यादा सब्सिडी देने वाले दल को सत्ता सौंपती है?
सरकारी काम के सिलसिले में किसी आमले को अपने घर बुलाकर विधायकों द्वारा उसपर हमला करवाने की घटना ने आम आदमी पार्टी के पतन को और द्रुतगामी कर दिया है। एक अरसा हुआ अरविन्द केजरीवाल की पार्टी भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ चलाई जा रही किसी मुहिम की तरह और नहीं दिखती क्योंकि इसके कई मंत्री, विधायक और अन्य नेता तमाम तरह के निंदनीय अपराधों में लिप्त पाए गए, और ऐसी ख़बरों के प्रकाश में कुछ जन प्रतिनिधियों को दिल्ली सरकार और पार्टी से निलंबित करने के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल बाध्य हुए। यह विडम्बना की पराकाष्ठा थी कि भ्रष्टाचार के कथित विरोधी सबसे अधिक जिस अपराध को अंजाम देने के दोषी पाए गए वह भ्रष्टाचार ही था; तदोपरी, स्वयं क़ानून मंत्री नक़ली प्रमाण पत्र के आधार पर वकील बने हुए थे और विधायक व मंत्री भी! हाल ही में पार्टी के 20 विधायक अयोग्य घोषित किये जा चुके हैं — एक और पहले से ही निलंबित थे — क्योंकि इन्हें नियमों का उल्लंघन करते हुए संसदीय सचिव बनाया गया था। उस वाक़ए से यह भी उजागर हुआ था कि ये राजनेता पद के लोभ से ही पार्टी के साथ टिके हुए थे; वरना इतने भारी अनुपात में किसी भी राज्य में विधायकों को अब तक संसदीय सचिव का पद नहीं दिया गया। लेकिन कल से जिस मुद्दे को लेकर दिल्ली में हंगामा है उसकी जितनी मज़म्मत की जाए, कम है। जिन दो विधायकों ने मुख्य सचिव अंशु प्रकाश पर हमला किया, उनमें से एक, अमानतुल्लाह ख़ान, सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले पोस्टर लगाने, ‘आप’ नेता कुमार विश्वास पर हमला करने और एक महिला को डराने-धमकाने के लिए पुलिस हिफाज़त की हवा खा चुके हैं। दूसरे विधायक प्रकाश जरवाल पर आरोप है कि वे दो-दो बार महिलाओं पर यौन हमला कर चुके हैं। आख़िर यह वही पार्टी है जिसके ‘राशन कार्ड’ बनाने का अनोखा तरीक़ा आज एक क्रूड़ लतीफ़ा बन गया है। केवल सत्ता हासिल करने की ललक के कारण केजरीवाल को ऐसे जघन्य समाज-विरोधियों को शह देनी पड़ी और इन्हें चुनावी टिकट देकर विधायक बनाना पड़ा। उधर देश की मीडिया इनके काले करतूतों पर ध्यान न देकर आम आदमी पार्टी में कितने करोड़पति या ‘ख़ास’ आदमी हैं, ऐसे वाहियात मसाइल में उलझी रही। इस पार्टी के लगभग छः साल पूरे होने को आए और आज भी इसके छोटे से अतीत में भरे कई अंधकारमय अध्याय देश के सामने नहीं आये हैं — विदेशी ताक़तों के बूते पर आन्दोलन चलाना, पार्टी के पंजीकरण के समय फ़र्ज़ी शपथ पत्र दाख़िल करना, तमाम जाहिलों, ग़ुन्डों और ठगों को विधायक बनाना, सरकारी कार्य में बाधा पहुँचाना, आदि ख़बरों ने सुर्खियाँ कम बटोरी हैं जब कि केजरीवाल सरे-आम कितनी बार अपने ही पुराने मुरीदों के हाथों पिट चुके हैं, इसकी ख़बर ज़्यादा बनी।
2015 की अभूतपूर्व विजय के बाद ‘आप’ ने दिल्ली का चेहरा बेहतर बनाने की तरफ़ कोई ख़ास क़दम नहीं उठाए। फिर दिल्ली नगर निगम के चुनाव में जनता ने इन्हें यह अहसास दिलाने की कोशिश की कि किसी भी पार्टी की लोकप्रियता स्थायी नहीं होती। लेकिन इतने सारे इस्तीफ़ों, निलंबन और निष्कासन के बावजूद 67 सीटों का आंकड़ा घट कर इतना कम नहीं हुआ कि दिल्ली की सरकार गिर जाए। और इस दंभ में चूर केजरीवाल सुधरने को तैयार नहीं हैं। सबसे पहले उन्होंने मध्यम वर्ग के आन्दोलन को एक समाजवादी दल में परिवर्तित कर अपने ही समर्थकों को वैचारिक रूप से ठगा था। फिर पहली बार 49 दिनों के लिए सरकार चलाने के पश्चात पलायन करने के बाद जब ये दूसरी बार आए तो इन्हें लगा कि शासन चलाने की विधि इन्हें भले ही न आती हो, जनता द्वारा सौंपे गए काम को छोड़ भाग जाना अत्यंत अशोभनीय है। सो वे अब कुर्सी पर टिक कर हर तरह के अनाप-शनाप कार्यक्रम में शामिल हो जाते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध प्रत्येक दिन एक नए इल्ज़ाम लगा देते हैं, केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली पर कीचड़ उछालने के सबब मानहानि का मुआमला झेल रहे हैं, लगातार शिकायत करते हैं कि इनके मनपसंद अफसर इन्हें मुहय्या नहीं कराए जाते — और जब इन सभी उल-जुलूल हरकतों से वो बाज़ आते हैं तो अपनी पार्टी के मवालियों की पैरवी करने में अपनी ऊर्जा खपा देते हैं। एक दफ़े समय निकाल कर इन्हें पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से यह सलाह लेनी चाहिए कि केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की भाजपा सरकार के होते उन्होंने 1998-2004 के दौरान दिल्ली में सरकार कैसे चलाई। पर केजरीवाल सबसे बड़ा सबक़ दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता के लिए हैं। अर्थनीति में अनपढ़ जनता जब सर्वाधिक सब्सिडी देने की पेशकश करने वाली पार्टी को सत्ता सौंपती है तब ‘आप’ जैसी सरकार ही बनती है।

