बंगाल चुनाव में बीजेपी का उभार

हालांकि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी का दावा है कि इन क्षेत्रों में बीजेपी को सीपीएम और माओवादी संगठनों ने गुपचुप तरीके से साथ दिया

209
पश्चिम बंगाल में हुए पंचायत चुनाव के परिणामों ने स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिये हैं। ममता बनर्जी के शासन वाले इस राज्य में एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस ने बाजी मारी है, लेकिन राज्य की दूसरी प्रमुख पार्टी के स्थान पर बीजेपी ने अपने पैर जमाकर स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले दिनों में बंगाल का रंग भी लाल और हरा की जगह भगवा हो सकता है। ग्राम पंचायत स्तर पर हुए चुनावों में बृहस्पतिवार को आए 29,626 परिणामों में से 20,103 स्थानों पर जीत दर्ज कर तृणमूल कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल वही राज्य की सबसे मजबूत पार्टी है। लेकिन इस चुनाव परिणाम में एक और बात साफ साफ नजर आई और वह है लेफ्ट फ्रंट और कांग्रेस का स्पष्ट पराभव। कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट दोनों ही निर्दलीय उम्मीदवारों से भी कम सीट पा सकीं और सीटों की संख्या के मामले में चौथे और पांचवे पायदान पर खिसक गईं। जबकि बीजेपी ने 5,293 स्थानों पर कब्ज़ा करके अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
यह चुनाव इस बात का भी संदेश है कि पश्चिम बंगाल से लेफ्ट फ्रंट और कांग्रेस का नामोनिशान मिटा जा रहा है। चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों को 1,700 स्थानों पर सफलता मिली, जबकि लेफ्ट फ्रंट 1,561 स्थानों पर जीत सका। इसी तरह कांग्रेस सिर्फ 969 स्थानों पर ही अपने उम्मीदवारों को जिता सकी। साफ है कि लेफ्ट फ्रंट और कांग्रेस निर्दलीय उम्मीदवारों के बराबर भी नहीं पहुंच सकी हैं और यह उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से काफी चिंताजनक है। लेफ्ट और कांग्रेस दोनों ने अतीत में बंगाल में लंबे समय तक राज किया है, लेकिन अब उनका पराभव साफ साफ नजर आने लगा है। पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में अभूतपूर्व हिंसा हुई। भारी संख्या में लोग मारे गए। कई लोगों को गांव और घर छोड़कर भागना पड़ा। आरोप तो यहां तक है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के डर से कई गांवों में लोग वोट देने भी नहीं जा सके। हाल के वर्षों में देश के अधिकांश हिस्सों में बूथ लूटने की घटनाएं काफी कम हुई हैं, लेकिन बंगाल में बूथ कैप्चरिंग की अनेकों शिकायतें सामने आई।
चुनाव आयोग को मिली शिकायतों में ये भी बताया गया है कि कई गांवों में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हथियार के बल पर पीठासीन अधिकारी तक को बूथ से बाहर निकाल दिया और फिर एकतरफा टीएमसी के पक्ष में वोटिंग की गयी। जहां तक इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन की बात है तो पार्टी के लिहाज से इस चुनाव का महत्व इसलिए भी है, क्योंकि ये चुनाव बंगाल के ग्रामीण अंचल में हुए थे। बीजेपी को शहर और शहरी मतदाताओं की पार्टी माना जाता है। बंगाल के शहरों में बीजेपी सीट भले ही न जीत सके लेकिन उसको अच्छा वोट प्रतिशत मिलता रहा है। लेकिन ग्रामीण अंचल में पार्टी को कभी भी सफलता नहीं मिल सकी है। ऐसी स्थिति में ग्राम पंचायत की लगभग 17.7 फीसदी सीटों पर कब्जा कर बीजेपी ने इस बात का स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अब ग्रामीण क्षेत्र में भी उसे दबाया नहीं जा सकता और राज्य में बीजेपी का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।
2019 के लोकसभा चुनाव के पहले पश्चिम बंगाल में होने वाला यह आखिरी चुनावी शक्ति परीक्षण था। बीजेपी की नजर लोकसभा चुनाव पर ही टिकी है। माना जा रहा है कि वह राज्य की 42 में से 22 संसदीय सीटों पर तृणमूल कांग्रेस को अच्छी टक्कर दे सकती है। पिछले दो-तीन साल की अवधि में बीजेपी ने इन सीटों पर ग्रासरूट लेवल पर काफी काम किया है और उसके कार्यकर्ताओं की एक समर्पित फौज भी तैयार हुई है। भारतीय जनता पार्टी के लिए अच्छी बात ये भी है कि उसने सीटों की संख्या के मामले में न केवल कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट को पीछे छोड़ दिया है, बल्कि उसने वामपंथियों के गढ़ समझे जाने वाले झाड़ग्राम, पुरुलिया, वेस्ट मिदनापुर और बांकुड़ा क्षेत्र में भी अच्छी सफलता प्राप्त की है।
हालांकि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी का दावा है कि इन क्षेत्रों में बीजेपी को सीपीएम और माओवादी संगठनों ने गुपचुप तरीके से साथ दिया। इतना ही नहीं चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद ममता बनर्जी ने एक और हास्यास्पद बयान दिया कि बीजेपी बांग्लादेशी घुसपैठियों की मदद से चुनावी सफलता पाने में सफल रही है। यह बात किसी से छुपी नहीं है कि बीजेपी शुरू से ही बांग्लादेशी घुसपैठ के खिलाफ अभियान चलाती रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस और लेफ्ट दोनों ही बांग्लादेशी घुसपैठियों के प्रति नरम रवैया अपनाते रहे हैं। अपने दूसरे कार्यकाल में ममता बनर्जी ने मुस्लिम तुष्टीकरण की सारी हदें पार कर दी हैं, यह बात भी किसी से छुपी नहीं है। सच्चाई तो ये है कि बीजेपी के उभार की सबसे बड़ी वजह भी ममता बनर्जी की अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की नीति ही रही है।
ममता बनर्जी जिस हद तक तुष्टीकरण की राह पर चलती रहीं, राज्य की हिंदू जनता उसी अनुपात में उनसे विमुख होती गई। इसके साथ ही बीजेपी ने त्रिपुरा मॉडल के आधार पर ही पश्चिम बंगाल के ग्रामीण अंचल में भी अपने पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की फौजी लगा दी है, जो इन दिनों घर-घर संपर्क के काम में लगी हुई है। ग्रास रूट पर किया जाने वाला यह काम बीजेपी को शक्ति प्रदान कर रहा है, जबकि ग्रास रूट पर कार्यकर्ता नहीं होने की वजह से ही कांग्रेस आज निर्दलीय और लेफ्ट भी पीछे जाकर पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। सीपीएम के साथ भी यही परेशानी है कि उसका पूरा का पूरा कैडर तृणमूल कांग्रेस की ओर शिफ्ट हो गया है। जिसकी वजह से कभी राज्य में एकमात्र राजनीतिक शक्ति समझा जाने वाला लेफ्ट फ्रंट इस पंचायत चुनाव में अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए जूझता हुआ नजर आया। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को उम्मीद है कि आने वाले समय में राज्य में उसका उभार और बढ़ेगा, क्योंकि ममता बनर्जी यदि अभी की तरह ही तानाशाही मनोवृत्ति चलाती रहीं, तो राज्य की जनता उन्हें भी सबक सिखाने में देर नहीं करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/पप्पू गोस्वामी

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.