प्रणब मुखर्जी के निर्णय को लेकर कांग्रेस में छटपटाहट

प्रणब मुखर्जी ने जो फैसला किया है, वह उनका व्यक्तिगत फैसला है और इसकी आलोचना करने का किसी भी पक्ष को अधिकार नहीं है

221
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे, ये बात कांग्रेस को पच नहीं रही है। संघ ने पूर्व राष्ट्रपति को नागपुर में होने वाले संघ शिक्षा वर्ग तृतीय वर्ष के समारोप कार्यक्रम में राष्ट्रवाद विषय पर व्याख्यान देने का न्योता दिया था। जब ये खबर मीडिया द्वारा प्रसारित हुई कि प्रणब मुखर्जी ने संघ का न्योता स्वीकार कर लिया है, तब से ही कांग्रेस की छटपटाहट शुरू हो गयी है। उससे अब न तो कुछ बोलते बन रहा है और न ही चुप रह पाना संभव हो पा रहा है। आधिकारिक तौर पर तो यही कहा गया है कि संघ के कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला प्रणब मुखर्जी का है, कांग्रेस का नहीं। लेकिन, पूर्व सांसद और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित से नहीं रहा गया और उन्होंने खुलकर इसकी आलोचना कर दी। अपनी टिप्पणी में संदीप दीक्षित ने ये भी जोड़ा कि क्या प्रणब मुखर्जी ने अपनी विचारधारा बदल दी है। इसी तरह पूर्व केंद्रीय मंत्री सीके जाफर शरीफ भी प्रणब मुखर्जी को पत्र लिखकर उनसे संघ के कार्यक्रम में भाग न लेने की गुहार लगा चुके हैं।
हर साल नागपुर में होने वाले संघ शिक्षा वर्ग के तृतीय वर्ष पाठ्यक्रम के समारोप कार्यक्रम में देश के प्रमुख विचारकों को बुलाया जाता रहा है। प्रणब मुखर्जी को इसके पहले भी संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने आमंत्रित किया था, लेकिन उस समय राष्ट्रपति पद पर होने की वजह से प्रणब मुखर्जी ने इस आमंत्रण को विनम्रता के साथ अस्वीकार कर दिया था। लेकिन अब संवैधानिक पद से मुक्त होने के बाद उन्होंने इस साल के समारोप में शामिल होने का संघ का न्योता स्वीकार कर लिया। कांग्रेस की परेशानी ये है कि उसके अध्यक्ष राहुल गांधी शुरू से ही आरएसएस के खिलाफ जहर उगलते रहे हैं। उन्हें संघ अपना सबसे बड़ा शत्रु नजर आता है।
यह एक तथ्य है कि संघ के सक्रिय समर्थन की बदौलत ही बीजेपी 2014 में कांग्रेस को सत्ता से हटा पाने में सफल हो सकी है। इसके पहले भी 1977 में कांग्रेस को जो पहली करारी चुनावी चोट लगी थी, उस समय भी संघ ने ही खुलकर जयप्रकाश नारायण का साथ दिया था और कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ा था। उसके पहले ऐसी करारी हार कांग्रेस को पहले कभी नहीं मिली थी। संघ की संगठित शक्ति हमेशा ही कांग्रेस को डराती रही है। यही कारण है कि राहुल गांधी मौका-बेमौका संघ के प्रति अपनी खुन्नस दिखाते रहते हैं। उनकी देखादेखी कांग्रेस के अन्य नेता भी संघ को लेकर प्रायः आपत्तिजनक टिप्पणियां करते रहते हैं। इन टिप्पणियों को लेकर राहुल गांधी समेत कुछ अन्य कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ विभिन्न अदालतों में मानहानि हनन का मामला भी चल रहा है। जहां तक प्रणब मखर्जी के संघ के कार्यक्रम में जाने की बात है, तो तकनीकी तौर पर प्रणब मुखर्जी अभी किसी भी दल से संबद्ध नहीं हैं। यद्यपि 1986 से 1989 के बीच के काल को छोड़ दें तो, उनका पूरा राजनीतिक जीवन एक कांग्रेस नेता के रूप में ही बीता है। कांग्रेसी नेता होने की वजह से ही यूपीए की सरकार ने उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार भी बनाया था राष्ट्रपति या राज्यपाल किसी भी दल से संबद्ध नहीं होते हैं। यही कारण है कि प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के बाद कांग्रेस की सदस्यता त्याग दी थी।
मौजूदा समय में उनकी स्थिति देश के पूर्व राष्ट्रपति की है, जो किसी भी दल से जुड़ा हुआ नहीं है। व्यक्तिगत रूप से वह किसी भी ऐसे संगठन के कार्यक्रम में जाने के लिए स्वतंत्र हैं, जिसका कोई अपराधिक या राष्ट्रद्रोही इतिहास न रहा हो। राजनीतिक वजहों से संघ की चाहे जितनी भी आलोचना की जाए, लेकिन यह भी एक तथ्य है कि संघ के राष्ट्रवाद या उसकी राष्ट्रभक्ति पर कभी शक नहीं किया जा सकता। ये संघ की राष्ट्रभक्ति ही है, जिससे प्रभावित होकर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1963 में संघ के स्वयंसेवकों को गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था। इसी तरह लालबहादुर शास्त्री भी संघ के स्वयंसेवकों की कार्य-निष्ठा की प्रशंसा कर चुके हैं। उन्होंने 1965 में पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध के दौरान आयोजित सर्वदलीय बैठक और सामाजिक संस्थाओं की बैठक में संघ के तत्कालीन सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवरकर गुरुजी को भी आमंत्रित किया था। और तो और संघ को प्रतिबंधित कर कुचलने की चेष्टा कर चुकीं इंदिरा गांधी भी बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के बाद संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में सेना की मदद के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा कर चुकी हैं।
कभी संघ के आलोचक रहे जयपकाश नारायण ने बाद में न केवल संघ की प्रशंसा की, बल्कि उन्हें देश का सबसे बड़ा राष्ट्रवादी संगठन भी माना था और आपातकाल के खिलाफ शुरू की गई अपनी लड़ाई में उन्होंने संघ का साथ सहर्ष स्वीकार किया था। लेकिन आज की तिथि में राहुल गांधी हर हालत में संघ से मोर्चा लेने की कोशिश करते रहते हैं। हर बात में उन्हें संघ की साजिश नजर आती है। संघ का ऐसा हौवा उनके दिमाग में घुस गया है कि किसी भी परेशानी की मूल वजह उनको संघ ही नजर आता है। एक परिवारवादी पार्टी होने की वजह से कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं को भी वही बात समझ में आती है, जो राहुल गांधी कहते हैं। संदीप दीक्षित और सीके जाफर शरीफ की टिप्पणी इसी छटपटाहट का परिचायक है। इसमें कोई शक नहीं कि संघ अपनी संगठन शक्ति की वजह से प्रायः विरोधियों की आलोचना का शिकार होता रहा है। समय-समय पर उस पर कई घृणित और भद्दे आरोप भी लगाए जाते रहे, लेकिन सभी आरोपों से उबरकर संघ ने अपनी समाजसेवी भावना और राष्ट्रभक्ति का प्रमाण कई बार देश के सामने प्रस्तुत किया है। जहां तक संकट की स्थिति में स्वयं प्रेरणा से संघ के स्वयंसेवकों के काम करने की बात है, तो आजादी के पहले से लेकर अभी तक ऐसे कई उदाहरण गिनाए जा सकते हैं, जब स्वयंसेवकों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर राष्ट्रहित में आगे बढ़कर काम किया। इसलिए अगर आज प्रणब मुखर्जी राष्ट्रवाद विषय पर अपना व्याख्यान देने के लिए संघ के मंच पर जा रहे हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
प्रणब मुखर्जी लगातार कांग्रेस से जुड़े रहे और उनकी राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रनिष्ठा पर कभी उंगली नहीं उठी। अपने पूरे राजनीतिक जीवन में वे न केवल बेदाग रहे, बल्कि ईमानदारी के साथ उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का पालन किया। यह ठीक है कि राजनीतिक वजहों से कांग्रेस के विरोधी उनकी कुछ मुद्दों पर नीतिगत आलोचना करें, लेकिन उन्होंने कभी भी ऐसा कुछ नहीं किया, जिससे कि उनपर उंगली उठाई जा सके। स्पष्ट है कि पूर्व राष्ट्रपति संघ के कार्यक्रम में भी कोई संघ का बयान नहीं पढ़ेंगे, बल्कि वही कहेंगे जिसे वो सही मानते और समझते हैं। कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए अगर उसके नेता इस मसले पर संघ फोबिया से पीड़ित होकर संदीप दीक्षित और जाफर शरीफ की तरह ही उटपटांग बयान जारी करते रहे, तो इससे जनता में उसका ही भरोसा कम होगा, जो अंततः उसके जनाधार को कम करने का काम करेगा। प्रणब मुखर्जी ने जो फैसला किया है, वह उनका व्यक्तिगत फैसला है और इसकी आलोचना करने का किसी भी पक्ष को अधिकार नहीं है।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.