कर्जमाफी और राहत पैकेज से नहीं, ईमानदारी से बनेगी बात

250
किसानों का सच्चा हितैषी कौन है, यह सवाल हर आम और खास की जुबान पर है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि अगर मध्यप्रदेश में उनकी सरकार बनी तो दस दिन के अंदर ही किसानों का सारा कर्ज माफ कर देंगे। किसानों या बैंक से कर्ज लेने वाले किसी भी व्यक्ति का कर्ज क्यों माफ किया जाना चाहिए। ऐसे में तो लोगों में कर्ज लेकर न चुकाने की घातक प्रवृत्ति विकसित हो जाएगी और इसका दूसरा खतरा यह होगा कि बैंक किसानों को ऋण देना बंद कर देंगे, यह सोचकर कि ये ऋण चुकाने वाले तो हैं नहीं। जो भी राजनीतिक दल किसानों के ऋण माफ करने की बात करते हैं, वे किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम क्यों नहीं करते। लहसुन के दाम की चिंता करने वाले राहुल गांधी को कांग्रेस का वह दौर याद करना चाहिए जब किसानों ने खेती को उद्योग का दर्जा घोषित करने की मांग की थी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने गन्ना किसानों को राहत देने के लिए 8,500 करोड़ के पैकेज का ऐलान किया है। नई इथेनॉल उत्पादन क्षमता के विकास के लिए 4500 करोड़ का वह चीनी मिलों को कर्ज देगी। इसके ब्याज पर 1300 करोड़ की सब्सिडी दी जाएगी। यही नहीं, अतिरिक्त आपूर्ति के लिए 30 लाख टन भंडारण क्षमता वाले स्टोरेज का निर्माण कराएगी। पैकेज में चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का बकाया भुगतान चुकाने के लिए 1540 करोड़ की राशि भी शामिल है। सवाल यह उठता है कि राहत पैकेज चीनी मिलों को क्यों दिया जाना चाहिए।
केंद्र और प्रदेश में चाहे जिस किसी भी दल की सरकार रही हो, इस तरह का खेल वह करती ही रही है। सवाल उठता है कि क्या भारतीय चीनी मिलें वाकई घाटे में हैं। चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं। इसके अलावा चीनी मिलें गन्ने की खोई से लेकर अन्य सामग्रियों को भी मार्केट में बेच लेती हैं। उसके शीरे से शराब भी बन रही है। अब तो उससे तैयार होने वाल इथेनॉल पेट्रोलियम उत्पादन कंपनियों में भी प्रयुक्त हो रहा है। मतलब चीनी मिलों के दोनों हाथ में लड्डू है। एक ओर तो वे पूरा लाभ उठा रही हैं और दूसरी ओर गन्ना किसानों को उन्होंने उनके हाल पर छोड़ दिया है। चीनी मिल मालिक चाहें तो हर साल गन्ना-किसानों का पाई-पाई चुकता कर सकते हैं, लेकिन वे ऐसा इसलिए नहीं करते, क्योंकि ऐसा करने पर वे अपने को घाटे में नहीं दिखा पाएंगे और उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार से मिलने वाले राहत पैकेज से हाथ धोना पड़ेगा। भारत के लगभग सभी गन्ना उत्पादक राज्यों में चीनी मिल मालिक इसी तरह का शातिराना खेल खेल रहे हैं। वे चीनी मिल का मुनाफा भी हासिल कर रहे हैं। सरकार से राहत पैकेज भी ले रहे हैं और किसानों का पूरा भुगतान भी नहीं कर रहे हैं। चूंकि इन चीनी मिलों के स्वामी हर राजनीतिक दल को चुनाव में उसकी हैसियत के हिसाब से मदद देते हैं, इसलिए कोई भी राजनीतिक दल खुलकर इनकी मुखालफत नहीं करता। चीनी मिल मालिक कभी अपनी आमदनी से किसानों का भुगतान नहीं करते। उन्हें सरकार राहत पैकेज देती है तो उसी में से कुछ किसानों का बकाया चुका देते हैं। यह क्रम वर्षों से चला आ रहा है।
सरकारी चीनी मिलों का घाटा सरकार पूरी करे तो बात समझ में भी आती है लेकिन निजी चीनी मिलों का घाटा पूरा करने की बात समझ से परे है। सरकारें चीनों मिलों को गन्ना किसानों के नाम पर जो राहत पैकेज देती हैं, वह भी इस देश की खून-कमाई का पैसा है। एक-एक पैसे का सोच-समझकर करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसमें संदेह नहीं कि जब कभी देश में चुनाव आता है तो अचानक जन हितैषी दलों की बाढ़ आ जाती है। सभी राजनीतिक दल जनता के हितों की बात करने लगते हैं। सत्तारूढ़ दल पर जनभावनाओं से खेलने और वादाखिलाफी के आरोप लगाने लगते हैं। आजादी के बाद से लेकर आज तक यह खेल भारत में बदस्तूर चल रहा है। गत माह मोदी सरकार ने गन्ना किसानों को भुगतान में मिलों की मदद के लिए 1,540 करोड़ रुपए प्रोडक्शन-लिंक्ड सब्सिडी देने की घोषणा की थी जिसे कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का 22 हजार करोड़ रुपये का बकाया है। अकेले उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों का 13 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बकाया हो चुका है। इसके अलावा महाराष्ट्र और कर्नाटक के किसानों का 3-3 हजार करोड़ रुपए बकाया है। 22 हजार करोड़ रुपये कम नहीं होते। केंद्र सरकार ने किसानों को 60 प्रतिशत सब्सिडी पर सोलर पंप देने का निर्णय लिया है, इस निर्णय का स्वागत किया जाना चाहिए। मंदसौर गोलीकांड की पहली बरसी पर मध्यप्रदेश के खोखरा गांव पहुंचे राहुल गांधी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी ने किसानों के साथ धोखा किया। किसानों के लिए मोदी जी के पास एक शब्द नहीं है। हिंदुस्तान में सबसे अमीर लोगों का लाखों करोड़ का एनपीए है। वे माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के हजारों करोड़ रुपये लेकर विदेश भाग जाने के आधार पर भी मोदी सरकार को घेरते हैं, लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि ज्यादातर उद्योगपतियों को कांग्रेस सरकार के दौर में ही बैंकों द्वारा नियम-कानून को ताक पर रखकर लोन दिये गये थे। सरकार को यह सुनिश्चित करना ही होगा कि जो लोन लेगा, वही चुकाएगा।
सरकार ने तय किया है कि जिसकी ईएमआई लेट होगी या जिसका क्रेडिट कार्ड से भुगतान विफल होगा उसे जीएसटी देना होगा। यह एक तरह से कर्ज लेने वाले व्यक्ति को घेरने का ही प्रयास कहा जाएगा, लेकिन यह नियम सब पर समान रूप से लागू हो तो बात बने। किसानों का गन्ना बकाया 22,000 करोड़ रुपये से अधिक हो जाने से मोदी सरकार की चिंता स्वाभाविक है और सरकार का मुखिया होने के नाते उन्हें मध्य का रास्ता निकालना भी चाहिए। पिछले महीने सरकार ने गन्ना किसानों के लिए 1500 करोड़ रुपये की उत्पादन से संबद्ध सब्सिडी की घोषणा की थी, ताकि गन्ना बकाये के भुगतान के लिए चीनी मिलों की मदद की जा सके। चीनी मिलों का तर्क था कि गन्ना उत्पादकों का भुगतान करने में वे इसलिए असमर्थ हैं, क्योंकि चीनी उत्पादन वर्ष 2017-18 (अक्टूबर – सितंबर) में अब तक 3.16 करोड़ टन के रिकॉर्ड उत्पादन के बाद चीनी कीमतों में तेज गिरावट आने से उनकी वित्तीय हालत कमजोर हो हुई है। खाद्य मंत्रालय ने 30 लाख टन चीनी के बफर स्टॉक बनाने का प्रस्ताव दिया है। चीनी स्टॉक को बनाये रखने की लागत सरकार द्वारा वहन की जाएगी, जिसके कारण राजकोष पर करीब 1,300 करोड़ रुपये का व्यय आ सकता है। बफर स्टॉक बनाने के अलावा, खाद्य मंत्रालय ने 30 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम एक्स-मिल बिक्री मूल्य तय करने, मासिक चीनी को जारी करने की व्यवस्था को पुनः लागू करने और प्रत्येक मिल के लिए कोटा तय कर मिलों पर स्टॉक रखने की सीमा तय करने का प्रस्ताव किया है। चीनी उद्योग की मदद के लिए, पेट्रोलियम मंत्रालय ने इथेनॉल की नई क्षमता के विस्तार और निर्माण के लिए चीनी मिलों को 4,500 करोड़ रुपये पर छह फीसदी ब्याज सब्सिडी का प्रस्ताव दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय इथेनॉल मूल्य बढ़ाने के बारे में भी सोच रहा है ताकि चीनी मिल जल्द से जल्द किसानों को भुगतान कर सकें। अच्छा तो यह होगा कि केंद्र सरकार की सहानुभूति को चीनी मिल मालिक उसकी कमजोरी न समझें। वे अपनी ईमानदारी का परिचय दें। अपने संसाधनों से किसानों का भुगतान सुनिश्चित करें। सरकार को भी इस बाबत सख्ती करनी होगी, क्योंकि सीधी अंगुली से घी निकलने का सिद्धांत है ही नहीं।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.