घातक न बन जाये आतंकियों को जिंदा पकड़ो अभियान

समाजशास्त्री का मानना है कि आतंकवादियों को आतंकवाद का रास्ता छोड़ने के लिए प्रेरित करना एक अच्छा कदम जरूर है

300

कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अब सुरक्षाबल का एक नया अभियान शुरु होने वाला है। सुरक्षाबल के जवान इस अभियान में आतंकवादियों को मारने की जगह जिंदा पकड़ने की कोशिश करेंगे। सेना पिछले सात महीने में 70 से ज्यादा आतंकवादियों को विभिन्न मुठभेड़ों में मार चुकी है, लेकिन कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की पहल पर अब आतंकवादियों को जिंदा पकड़ कर उन्हें आतंकवाद से दूर करने की कोशिश के तहत ये अभियान शुरू किया जा रहा है। यह ठीक है कि आतंकवादियों को देश की मुख्यधारा से जोड़ा जाना चाहिए। जो नौजवान भटक गए हैं, उन्हें सही रास्ते पर लाना एक राष्ट्रीय कर्तव्य जरूर है, लेकिन जम्मू-कश्मीर के आतंकवादियों से निपटने के लिए सुरक्षाबलों की रणनीति में होने वाला यह बड़ा बदलाव देश के लिए घातक भी सिद्ध हो सकता है। कहा जा रहा है की सुरक्षा एजेंसियों की इस नई रणनीति का उद्देश्य आतंकवादियों के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेटवर्क को ध्वस्त करना है। जिंदा पकड़कर आतंकवादियों को समझाने की कोशिश की जाएगी, ताकि वह बंदूक को छोड़कर देश की मुख्यधारा से जुड़ सकें। अभी तक सुरक्षा बल कहीं भी आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना पाकर उनकी घेराबंदी करता रहा है। पहली कोशिश अभी भी उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए प्रेरित करने की ही होती है।

आतंकवादियों द्वारा समर्पण करने से इनकार करने और सुरक्षाबलों पर हमला करने की स्थिति में ही सुरक्षाबल के जवानों को एनकाउंटर का सहारा लेना पड़ता है। जिसमें जवान भी शहीद होते हैं और आतंकवादी भी मारे जाते हैं। रमजान के महीने में ही केंद्र सरकार ने अपनी ओर से कश्मीर में एकतरफा संघर्ष विराम का ऐलान किया है। केंद्र सरकार की इस घोषणा का उद्देश्य भी कश्मीर में शांति और सद्भाव का माहौल बनाने का है, ताकि सौहार्दपूर्ण माहौल में आतंकवादियों को आतंक का रास्ता छोड़ने के लिए समझाया जा सके। लेकिन, रमजान के एक हफ्ते बीतने के बाद भी आतंकवादियों की ओर से ऐसी कोई भी पहल होती नजर नहीं आयी है, जिससे लगे कि वे आतंकवाद का रास्ता छोड़ने के लिए तैयार हैं। जम्मू-कश्मीर की सरकार का कहना है कई आतंकी आतंकवाद से रास्ते से वापस लौटना चाहते हैं। ऐसे लोगों के परिजनों ने सुरक्षाबल के अधिकारियों और प्रशासन से संपर्क भी किया है। इसलिए सरकार को ऐसा लगता है कि यदि आतंकियों को जिंदा पकड़कर उनके परिजनों की मदद से उन्हें समझाया जाए, तो उन्हें आतंकवाद का रास्ता छोड़ने के लिए राजी किया जा सकता है।

समाजशास्त्री का मानना है कि आतंकवादियों को आतंकवाद का रास्ता छोड़ने के लिए प्रेरित करना एक अच्छा कदम जरूर है, लेकिन इसके पहले उनके मन में इस बात का खौफ भी बैठा देना चाहिए कि अगर वे आतंकवाद के रास्ते पर बने रहे, तो उसका अंजाम मौत भी हो सकता है। हमें याद रखना चाहिए कि बुरहान वानी गैंग के एक आतंकवादी तारीक पंडित ने नसीर अहमद पंडित के मारे जाने के बाद ही खौफजदा होकर सुरक्षाबलों से संपर्क कर आत्मसमर्पण किया था। इसके अलावा जब भी घाटी में आतंकवादियों से मुठभेड़ होता रहा है, सुरक्षाबल के जवान लगभग हमेशा ही इस बात की कोशिश करते रहे हैं कि आतंकियों के परिजनों को वहां बुला कर आतंकवादियों को समर्पण करने के लिए राजी किया जा सके। हालांकि ये अलग की बात है कि सुरक्षाबल को शायद ही इस कोशिश में कभी सफलता मिल सकी है। सच्चाई तो ये है की जिहाद के नाम पर पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई में कश्मीरी नौजवानों के दिलो दमाग में इतना जहर भर दिया है कि उन्हें आतंकवाद का रास्ता सीधा जन्नत तक जाने वाला नजर आता है। ऐसे लोग खुद को परिजनों के कहने या मनोवैज्ञानिकों के कहने पर आतंकवाद से दूर हो सकेंगे, इसकी संभावना काफी कम है।

आतंकवाद का पूरा सफाया होना ही चाहिए। इसके अलावा देश के सामने और कोई विकल्प नहीं है। केंद्र या राज्य सरकार द्वारा आत्मसमर्पण करने और उसके बाद पुनर्वास के नाम पर मोटा पैकेज मिलने के लालच में कुछ लोग अवश्य आत्मसमर्पण कर सकते हैं, लेकिन ऐसे लोग कब वापस आतंकवाद के रास्ते पर लौट जाएंगे, इस बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। झारखंड और छत्तीसगढ़ के समर्पण कर चुके नक्सलवादियों तथा असम में समर्पण कर चुके उल्फा अलगाववादियों का ही उदाहरण यदि देखा जाए तो पता चलता है कि समर्पण का फायदा उठाने वाले लगभग 40 फीसदी लोग वापस अलगाववाद के रास्ते पर लौट चुके हैं। ऐसे में आतंकवादी एक बार समर्पण करने के बाद मुख्यधारा से जुड़े ही रहेंगे इस बात की गारंटी नहीं ली जा सकती। वह भी तब जबकि उनके दिलो-दिमाग में जिहाद के नाम पर जहर भरा जा चुका है। धर्म मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरी होती है और आतंकी सरगनाओं ने कश्मीर में आम लोगों की इसी सबसे कमजोर नस को पकड़ा है। यही कारण है कि सरकार की कोई भी कोशिश अभी तक उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में सफल नहीं हो सकी है।

आतंकवादियों का बस एक ही इलाज है कि उन्हें खत्म कर दिया जाए। जहां तक आतंकवादियों को सुधारने की बात है, तो सबसे पहले ध्यान पत्थरबाजों को सुधारने पर देना चाहिए। कश्मीर में आतंकवादियों को सबसे ज्यादा साथ पत्थरबाजों से ही मिलता है। ये लोग मुठभेड़ के दौरान पत्थरबाजी कर आतंकवादियों को बचाने का काम करते हैं। इन पत्थरबाजों के दिमाग में भी जिहाद का जहर भरा जा चुका है। साथ ही पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई उन्हें आतंकियों को पथराव रूपी सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने के लिए पैसे भी उपलब्ध कराती है। केंद्र और राज्य की सरकार अगर सच में भटक चुके युवाओं को आतंकवाद से दूर करने की कोशिश करना चाहती है, तो सबसे पहले यह कोशिश पत्थरबाजों को सुधारने की दिशा में होनी चाहिए। क्योंकि, पत्थरबाजों को सुधारना आतंकवादियों को सुधारने की तुलना में कहीं ज्यादा आसान हो सकता है। सबसे बड़ी बात तो ये है कि डर का कोई विकल्प नहीं होता। जब तक आतंकवादियों या देश के टुकड़े करने की मंशा रखने वाले लोगों के मन में मौत का डर नहीं समाएगा, तब तक वे इस तथाकथित जिहाद के रास्ते से अलग नहीं होंगे। सद्भावना जरूरी है, भटके हुए युवकों को देश से जोड़ना भी जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही यह भी याद रखना चाहिए सरकार की इस नेक-नीयति का फायदा वहां के आतंकवादी उसी तरह ना उठाने लगें जिस तरह से समर्पण कर चुके उल्फा या नक्सली अलगाववादी अभी तक उठाते रहे हैं। क्योंकि ऐसा होने पर समस्या जस की तस बनी रहेगी, सिर्फ सरकारी संसाधन बर्बाद होंगे और जवानों को आतंकियों को जिंदा पकड़ने की कोशिश में अपनी जान गंवानी पड़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.