कभी देश में अन्न कम पैदा हुआ करता था, तब देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्रीजी ने ‘जय जवान’ के साथ ही ‘जय किसान’ का नारा देते हुए हर भारतीय से सप्ताह में एक दिन का उपवास करने का आग्रह किया था। देश ने उसे माना। हर भारतीय गर्व से सीमा पर देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन उत्सर्ग करने वाले सैनिक के समान ही प्रत्येक किसान को देश का गौरव मानकर उसके कर्म को लेकर नमन करने लगा था। उसके बाद अपने समय में प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी ने इस जय जवान-जय किसान के नारे में जय विज्ञान को भी जोड़कर किसानों के जीवन में विज्ञान के महत्व का प्रतिपादन किया।लेकिन, आज किसान देशभर में आन्दोलन के नाम पर जो कर रहे हैं, उसमें मूल रूप से यह भाव छिपा है कि ‘’चाहे जो मजबूरी हो, मांग हमारी पूरी हो।’’ ऐसे में लगता है कि किसानों की इस मतलबपरस्ती और आन्दोलन से उपजते संकट को कितना सही ठहराया जा सकता है ? ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि जिस देश में आजादी के बाद लगभग 60 साल राज करने वाली कांग्रेस सभी बच्चों को आवश्यक पौष्टिक आहार एवं दूध सुलभ नहीं करा सकी, सभी को शुद्ध पीने का पानी नहीं दे सकी और देश से कुपोषण की समस्या दूर नहीं कर सकी, वहीं मोदी सरकार से सिर्फ चार साल में सारा काम कर देने की अपेक्षा की जा रही है।
छह दशक की कमियों को चार साल की मोदी सरकार में पूरा करने की व्यर्थ अपेक्षा की जा रही है। आन्दोलनकर्ता किसान जैसे तमाम लोग, जनसंगठन तथा विभिन्न राजनीतिक पार्टियां केंद्र की सरकार से चाहती हैं कि वो 60 सालों का जहर 4 साल में उतार दे और सारी व्यवस्था दुरुस्त हो जाए? दुर्भाग्यपूर्ण बात ये है कि कांग्रेस की पहल तथा उसकी विघटनकारी नीयत में आकर देश के आम किसान आज वैचारिक शून्यता की ओर बढ़ रहे हैं। जहां उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर उनके पक्ष में क्या है। सयुंक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन की 2017 की रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में सर्वाधिक भारत में कुपोषित लोगों की संख्या 19.07 करोड़ है। देश में 15 से 49 वर्ष की 51.4 फीसदी महिलाओं में खून की कमी है। पांच वर्ष से कम उम्र के 38.4 फीसदी बच्चे अपनी आयु के मुताबिक कम लंबे हैं। 21 फीसदी का वजन अत्यधिक कम है। भोजन की कमी से हुई बीमारियों से देश में सालाना तीन हजार बच्चे दम तोड़ देते हैं। इसी तरह वैश्विक भूख सूचकांक में 118 देशों में भारत को 97वां स्थान मिला हुआ है।
देश में भुखमरी के कगार पर रहने वालों की एक बड़ी संख्या है। इसके बाद भी किसान आन्दोलन को लेकर देशभर से खबर यही आ रही है कि किसान कई हजार लीटर दूध सड़कों पर व्यर्थ बहा रहे हैं। दूध बहाने के इस कृत्य पर वे सभी तथाकथित महान आत्माएं चुप हैं जो शिवजी पर दूध चढ़ाने को पाखण्ड मानकर उसकी खिल्ली उड़ाती हैं। किंतु यहां जो हो रहा है, उसे गलत नहीं कहतीं, बल्कि ये कह रही हैं कि किसानों की मांगें नहीं मानने के कारण उनका आक्रोश सड़कों पर है। यह कैसा आक्रोश है? अपने देशवासियों को भूखा रख, उनके बच्चों के पेट का दूध सड़कों पर उड़ेलकर वह मोदी सरकार से मांग कर रहे हैं कि उनकी मांगे पूरी की जाएं? स्वामीनाथन की रिपोर्ट क्या हुआ? देश के हर बजट में किसान का मसला आज तक सबसे आगे रहता आया है, मान लेते हैं कि पहले कि सरकारें किसानों का हक उन तक नहीं पहुंचा सकी होंगी, लेकिन क्या अब भी वही स्थिति है? उत्तर निश्चित ही नहीं है, फिर मोदी सरकार पर ये कैसे आरोप हैं? अगर इतना ही था तो किसान संगठन 60 सालों की कांग्रेस सरकारों के वक्त चुप्पी क्यों साधे रहे? आज राष्ट्रीय किसान महासंघ ने 130 संगठनों के साथ विरोध प्रदर्शन और हड़ताल का जो हंगामा देशभर के कई राज्यों में फैला रखा है, वह कहां तक जायज है?
इस आन्दोलन की आड़ में आगरा में अपने वाहनों की फ्री आवाजाही कराने के लिए किसानों ने जिस तरह से टोल पर कब्जा किया और जमकर की तोड़फोड़ की, क्या उसे भी देश का कोई भी सभ्य नागरिक सही ठहरा सकता है? यह उम्मीद कैसे की जा सकती है कि आगे भी इस दृष्य को देखनेवाले किसानों का सम्मान करते रहेंगे? बर्नाला और संगरूर समेत पंजाब में कई जगह किसानों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सब्जियों और डेयरी प्रोडक्ट्स को बाहर सप्लाई करने से मना किया हुआ है? क्या यह सीमा पर एक जवान का अपने वतन के लिए सर्वस्व बलिदान कर देने की ललक की तरह लिया गया देशहित का फैसला है? पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात जैसे देश के मुख्य सात राज्यों में किसानों का विरोध प्रदर्शन हो रहा है, यहां किसान सड़कों पर सब्जियां फेंक कर विरोध जता रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन की किसानों से की गई अपील जिसमें कहा गया है कि हड़ताल के दौरान फल, फूल, सब्जी और अनाज को अपने घरों से बाहर न ले जाएं, और न ही वे शहरों से खरीदी करें और न गांवों में बिक्री करें, इसे आज कौन सही ठहरा सकता है? हम यह नहीं कहते कि लोकतंत्र में चुनी हुई सरकार को किसानों की मांगों पर गौर नहीं करना चाहिए। उसे स्वामीनाथन कमीशन द्वारा की गई अनुशंसाओं को लागू करने और कर्ज माफ करने समेत सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का भुगतान के वादे को पूरा करने देरी कर देनी चाहिए। लेकिन क्या इसी लोकतंत्र में उन्हें यह हक दिया जा सकता है कि वे सार्वजनिक सम्पत्ति का आन्दोलन के नाम पर नुकसान करें? किसी की वैयक्तिक सम्पत्ति में आग लगा दें?
आन्दोलन की आड़ में किसी के घर में घुसकर महिलाओं को परेशान करें। वास्तव में इस आन्दोलन के आगे बढ़ने के साथ जो सबसे बड़ा डर बना हुआ है, वह यही है कि किसानों के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले उन्हें इतना न भड़का दें कि वे पिछले साल की तरह इस वर्ष फिर चलती बसों, सवारी वाहनों, पुलिस गाड़ियों और सार्वजनिक सम्पत्ति को इस आन्दोलन के नाम की भीड़ के सहारे आग के हवाले करने में कामयाब हो जाएं? मंदसौर गोलीकांड की तरह फिर से लोग बेकार में मारे जाएं। किसान अन्नदाता है, पेट की भूख को शांत करनेवाला एक मसीहा के रूप में मां-पिता और गुरु के बाद नहीं बल्कि पहले उसका स्थान है। उसके बाद भी यह आन्दोलन के नाम पर उसका विकृत स्वरूप कहीं न कहीं हमारे विश्वास को तोड़ रहा है, जो किसी भी सूरत मे देश की सेहत के लिए उचित नहीं माना जा सकता है।

