भारतीय राजनीति के साथ प्याज का बहुत पुराना रिश्ता है। प्याज की कीमत ने कई बार सरकारों को जोरदार झटका लगाया है। लेकिन, लगता है कि अब प्याज की जगह पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने ले ली है। पेट्रोल-डीजल की कीमत जिस तेजी स बढ़ती जा रही हैं, उससे आम लोगों को तो परेशानी हो ही रही है, सरकारी हलकों में भी चिंता जताई जाने लगी है। माना जा रहा है कि पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में आई यह तेजी आगे चलकर केंद्र की सरकार के लिए भारी मुसीबत की वजह बन सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर प्रति बैरल के पार हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ये उछाल नवंबर 2014 के बाद की सबसे ऊंची उछाल है। इसी तरह भारतीय बाजार में पेट्रोल भी दिल्ली में 75 रुपये के स्तर को पारकर सितंबर 2013 की बाद अपनी सर्वाधिक ऊंचाई पर पहुंच चुका है। सरकार के लिए चिंता की बात ये है कि इसी साल मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में विधानसभा के चुनाव होने हैं। जबकि अगले साल लोकसभा चुनाव के साथ ही सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, उड़ीसा, और आंध्रप्रदेश की विधानसभाओं के चुनाव होने वाले हैं। ऐन चुनावी साल में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में हो रही बढ़ोतरी केंद्र सरकार की चुनावी संभावनाओं पर नकारात्मक असर डाल सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत बढ़ोतरी होने का सीधा असर भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत पर पड़ता है। यह एक तथ्य है कि भारत को अपनी जरूरत का लगभग 83 फीसदी कच्चा तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार से खरीदना पड़ता है।
ऐसी स्थिति में अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम की कीमत में होने होने वाला कोई भी उतार-चढ़ाव भारतीय तेल बाजार पर सीधा असर डालता है। इसे एक संयोग ही कहना चाहिए कि 2014 में केंद्र सरकार के गठन के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगातार कम होती गयी थी, जिसकी वजह से भारत का इंपोर्ट बिल भी लगातार कम होता गया था। लेकिन अब स्थिति बदल गयी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत में एक बार फिर तेजी आने लगी है और यह पिछले लगभग चार सालों के सर्वोच्च स्तर पर है। इसके साथ ही एक बड़ी परेशानी ये भी है कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते हुए तनाव को देखते हुए इस बात का भी अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमत में और उछाल आ सकता है। अगर ऐसा हुआ तो स्वाभाविक रूप से भारतीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत और भी तेज होगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का महंगा होना सीधे तौर पर भारतीय अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करता है। इससे प्रत्यक्ष तौर पर देश का इंपोर्ट बिल बढ़ता है, जिसकी वजह से चालू खाते के घाटे में भी बढ़ोतरी होती जाती है। बात यहीं तक नहीं रुकती, चालू खाते का घाटा बढ़ता है, तो इसकी वजह से महंगाई दर भी बढ़ती है और महंगाई दर बढ़ने का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ता है। मौजूदा एनडीए सरकार के पहले यूपीए सरकार के कार्यकाल में क्रूड ऑयल की कीमत प्रति बैरल 130 डॉलर के स्तर को भी पार कर गयी थी। यही वजह है कि उस वक्त महंगाई दर भी दस फीसदी के स्तर से ऊपर बनी हुई थी। इसी एक बड़ी वजह इंपोर्ट बिल में हुई बढ़ोतरी और चालू खाते के घाटे में वृद्धि होना भी था। परेशानी ये भी है कि अगर महंगाई बढ़ी, तो उसका प्रत्यक्ष असर विकास दर पर भी पड़ेगा। एक मोटे अनुमान के मुताबिक कच्चे तेल की कीमत में प्रति बैरल 10 डॉलर की बढ़ोतरी होने से आम तौर पर राजकोषीय घाटा 0.1 फीसदी तक बढ़ जाता है। इसी तरह प्रति डॉलर 10 डॉलर तक की बढ़ोतरी महंगाई दर में लगभग 0.3 फीसदी तक की बढ़ोतरी करती है।
इसके साथ ही सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के विकास दर में 0.1 फीसदी तक की कमी कर देती है। पिछले एक साल के दौरान कच्चे तेल की कीमत 52 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। स्पष्ट है कि कच्चे तेल की कीमत में आये इस उछाल से एक साल की इस अवधि में महंगाई दर पर इसने लगभग 0.9 फीसदी तक का दबाव डाला है। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में एक डॉलर की बढ़ोतरी होने से भारतीय बाजार में पेट्रोल की कीमत पर प्रति लीटर लगभग पचास पैसे और डीजल की कीमत पर चालीस पैसे का भार बढ़ जाता है। आलम यह है कि लगातार महंगे हो रहे पेट्रोल और डीजल की कीमत की वजह से सुस्त पड़ी रही महंगाई दर भी अब धीरे-धीरे सुलगने लगी है। अप्रैल में ही पेट्रोलियम उत्पादों के साथ ही फल और सब्जियों के महंगा होने की वजह से थोक महंगाई दर बढ़कर 3.18 फीसदी हो गई है, जो पिछले चार महीने का सर्वोच्च स्तर है। इसी तरह खुदरा महंगाई दर भी उछलकर 4.58 फीसदी के स्तर पर पहुंच गयी है। इससे साफ है कि पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में हो रही बढ़ोतरी का असर अब महंगाई दर के रूप में नजर आने लगा है। विडंबना तो यह है कि एक ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, दूसरी ओर भारत सरकार उपभोक्ताओं को राहत देने की जगह पेट्रोल और डीजल पर लगातार केंद्रीय उत्पाद शुल्क बढ़ाती जा रही है। पिछले सवा साल के दौरान पेट्रोल और डीजल पर नौ बार केंद्रीय उत्पाद शुल्क बढ़ाया जा चुका है।
घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल पर केंद्र सरकार अभी प्रति लीटर क्रमशः 20 और 15 रुपये कर के रूप में वसूल रही है। इसमें कोई शक नहीं है कि केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की घटती कीमत के दौर में उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी कर राजकोष को मजबूत करने का कदम उठाया था। उस समय राजकोष की चिंताजनक स्थिति के मद्देनजर यह एक जरूरी कदम भी था और निश्चित रूप से सरकार का ये कदम देश के मुद्रा भंडार को मजबूत करने में सफल भी रहा। इसकी वजह से ही देश में विकास योजनाओं को भी अच्छी गति मिली। औद्योगिक संगठन पीएचडीसीसीआई के एक अध्ययन के मुताबिक यूपीए-टू के पांच साल के कार्यकाल की तुलना में एनडीए की मौजूदा सरकार अपने शुरुआती साढ़े तीन साल के दौरान ही बुनियादी ढांचे के विकास में 322 फीसदी ज्यादा राशि खर्च कर चुकी थी। इसका परिणाम सड़क निर्माण के काम में आई तेजी, विद्युतीकरण, रेलवे का ढांचा विकसित करने आदि के रूप में साफ नजर आ भी रहा है। इसके साथ ही राजकोषीय मजबूती के बल पर ही केंद्र सरकार बीपीएल तबके के उत्थान के लिए भी उज्ज्वला योजना, दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना आदि को क्रियान्वित कर सकी है। लेकिन इस तथ्य से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि देश का राजकोष अब 2014 के पहले जैसी लचर हालत में नहीं है और अब आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार पेट्रोलियम उत्पादों से कर का बोझ कम कर सकती है। इस बात को ध्यान में रखना जरूरी है कि ये चुनावी साल है। इस साल भी अगर आम उपभोक्ताओं को पिछले चार सालों की तरह ही महंगाई के बोझ से राहत नहीं मिली तो इसका प्रत्यक्ष असर चुनाव परिणामों में दिख सकता है।
सरकार को चाहिए कि अब जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो चुकी है तब वो भारतीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों से केंद्रीय उत्पाद शुल्क का बोझ कम करके आम उपभोक्ताओं को राहत दे। देश में विकास भी जरूरी है, लेकिन साथ ही महंगाई पर अंकुश लगाना भी उतना ही आवश्यक है। यह ठीक है कि पूर्ववर्ती सालों में प्राकृतिक वजहों और जमाखोरों के कारण तब की सरकारें प्याज की कीमतों पर तो रोक नहीं लगा पाने का खामियाजा भुगती थीं, लेकिन पेट्रोलियम उत्पादों के मामले में सरकार सिर्फ करों की कटौती करके ही आसानी से आम उपभोक्ताओं को राहत पहुंचा सकती है। इसके साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी के दायरे में लाने पर भी सरकार को विचार करना चाहिए। इन उपायों का अनुपालन करके ही सरकार आम उपभोक्ताओं को राहत दे सकेगी, अन्यथा पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत ही सरकार के खिलाफ विपक्ष को बैठे-बिठाये एक बड़ा मुद्दा थमा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार/योगिता पाठक

