केंद्र सरकार ने 2 अक्टूबर 2019 से 2 अक्टूबर 2020 तक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वें जयंती वर्ष में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ लोगों के बीच पहुंचने का फैसला किया है। सरकारी आयोजन समिति में विभिन्न दलों के प्रतिनिधि होने के बावजूद विपक्ष में बैठे राजनीतिक दल, खासकर कांग्रेस ने अलग से अपने स्तर पर गांधीजी को याद करने का फैसला किया है। देश के कई प्रमुख गांधीवादी संगठन तो पहले ही अपने पृथक आयोजनों की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में सवाल किया गया है कि 2019 के चुनावों के पहले वाली धमाचौकड़ी में कौन किस तरह से राष्ट्रपिता को याद करने की तैयारी करने जा रहा है।
गांधीजी को उनकी 150वीं जयंती पर याद करने के लिए केंद्र सरकार की राष्ट्रीय समिति का गठन पिछले साल अक्टूबर में ही किया गया था। परंपरा रही है कि इस तरह की समिति के साथ ही पूरा देश किसी महापुरुष को याद करता है। फिर काग्रेस का अलग से कार्यक्रम कहीं उसकी यह चिंता तो नहीं है, कि जिस गांधी को वह सिर्फ अपना पूर्वज समझती रही है, उस परंपरा पर दूसरे लोग भी काबिज हो जाएंगे? गांधीवादियों की चिंता अलग है और वे गांधी के रास्ते जन-संघर्ष करने वाले संगठनों को जोड़कर अपने आयोजन करने का मन बना चुके हैं।
केंद्र सरकार और उसके मुखिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गांधी के प्रति पहल को याद करने का यह सही वक्त है। अभी 10 अप्रैल को चंपारन सत्याग्रह की भूमि से प्रधानमंत्री ने देश की जनता को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए 20 हजार स्वच्छाग्रहियों के माध्यम से देशभर में फैले करीब चार लाख स्वच्छाग्रहियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि इतिहास खुद को दोहराता नहीं, वे यहां आकर देख सकते हैं कि कैसे 100 वर्ष पहले का इतिहास, आज फिर साक्षात, हमारे सामने खड़ा है। चंपारन की पवित्र भूमि पर जन आंदोलन की ऐसी ही तस्वीर 100 साल पहले दुनिया ने देखी थी। आज वह एक बार फिर वैसा ही देख रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे सामने जो स्वच्छाग्रही बैठे हैं, उनमें पूजनीय बापू का अंश मौजूद है, मैं इन स्वच्छाग्रहियों के भीतर उपस्थित बापू के अंश को नमन करता हूं। नरेंद्र मोदी चंपारन सत्याग्रह के 100 साल से स्वच्छाग्रह को जोड़कर देखते हैं। उनकी इस पहल को समझने के लिए हमें दक्षिण अफ्रीका से लौटे मोहनदास करमचंद गांधी के शांति निकेतन में बिताये एक सप्ताह के दिनों पर गौर करना होगा। इतिहास गवाह है कि इस दौरान गांधीजी ने शांति निकेतन में सफाई के जरिए उसका कायाकल्प ही कर दिया। वास्तव में गांधीजी की नजर में सफाई हमारे दैनिक जीवन का अंग ही नहीं, एक विचार है। इससे स्वास्थ्य और समाज की आर्थिकी पर भी अनुकूल असर पड़ता है। ऐसा मानने, समझने और लोगों को समझाने वाले गांधी के देश में उसके प्रधानमंत्री मोदी भी स्वच्छता का संदेश देते हैं, तो गांधी से उनका सहज जुड़ाव हो जाता है। साथ ही जुड़ जाती है बापू के रास्ते चलकर देश के कायाकल्प की मंशा।
नरेंद्र मोदी ने अपनी यह मंशा प्रधानमंत्री बनने के साथ ही जाहिर कर दी थी। देश के स्वाधीनता दिवस पर प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का लाल किले से पहला भाषण था। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद किया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका से गांधीजी की वापसी के 100 साल होने को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि-स्वरूप गांधीजी को प्रिय, सफाई के लिए लोगों का आह्वान किया।
मोदी की दूरदृष्टि
प्रधानमंत्री मोदी ने बापू की जयंती के 150वें साल के लिए कहीं अलग से नहीं, राष्ट्रपिता की प्रबल इच्छा में से एक को लक्ष्य के रूप में अपना लेने का आह्वान किया था। उसी साल यानी 2014 की गांधी जयंती को सरकारी स्तर पर स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत भी कर दी गई। सफाई जैसे मुद्दे पर राष्ट्रपिता को जोड़कर चलने से मोदी के समाजिक आधार-भूमि पर विरोधहीन-अभियान शुरू हो सका। कम से कम तब तो किसी भी पार्टी अथवा व्यक्ति इसके विरोध का साहस नहीं कर सकता था। आज भी विरोध के नाम पर सिर्फ दबी जुबान से यह कहा जाता है कि मोदी और उनकी पार्टी के नेता गांधी के नाम को भी अपने तरह से उपयोग करने में लगे हैं। इस तरह का सवाल दबी जुबान इसलिए है कि सफाई अभियान के पीछे जातिविहीन व्यवस्था को ताकत देने का काम किया जा सकता है। गांधीजी के स्वच्छता कार्यक्रम के पीछे भी तो यही भाव था। बालक मोहनदास को इस बात का बहुत कष्ट था कि उसके घर के सदस्यों की गंदगी साफ करने के लिए ‘उका’ नाम का लड़का ही क्यों आया करता है। घर के लोग अपनी गंदगी खुद क्यों नहीं साफ किया करते। एक बालक के मन में तब इस बारे में स्पष्ट तस्वीर भले न बनी हो, तभी उसे सामाजिक विषमता का अहसास होने लगा था। इतिहास गवाह है कि बाद में इसी तरह की और भी विडम्बनाओं के विद्रोहस्वरूप जिस आत्मा ने एक वृहद आकार लिया, वह मोहनदास करमचंद गांधी, गांधीजी, महात्मा, बापू और यहां तक कि राष्ट्रपिता कहलाया। उसी राष्ट्रपिता के इस एक अभियान को पूरे देश से अपनाने का आह्वान देश का प्रधानमंत्री करे तो इसमें गलती खोजना वास्तव में कठिन हो जाता है।
सरकार करेगी कई आयोजन
तय है कि गांधी और उनके विचारों को शुरू से ही अपना कर चलने वाली सरकार राष्ट्रपिता के डेढ़ सौ साल पर कई तरह के आयोजन करेगी। गांधीजी पर केंद्रित आयोजनों के लिए पीएम की अध्यक्षता में जो समिति बनी है, उसमें सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, गांधीवादी चिंतक तथा समाज के विभिन्न हिस्सों के लोग शामिल किए गये हैं। यह समिति आयोजनों के लिए गतिविधियां, नीतियां और कार्यक्रमों का अनुमोदन तथा मार्गदर्शन करेगी। महात्मा गांधी के संदेशों का प्रसार करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर समारोहों के आयोजन भी किए जायेंगे। इस दृष्टि से समिति में संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान और बान-की-मून के अलावा अमेरिका के पूर्व उप-राष्ट्रपति अल गोर को भी शामिल किया जाना काबिल-ए-गौर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी 11 विदेशी हस्तियों को इसका सदस्य बनाया है। गांधी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अहमियत को देखते हुए ऐसी कमेटी शायद पहली बार बनाई गई है। यहां याद करना होगा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2007 में गांधी जयंती को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में घोषित किया है।
साजिश से बचने की जरूरत
गांधीजी के निकट पहुंचने यानी उनके बार में समझ रखने वालों के अपने अलग अनुभव हो सकते हैं। जो नहीं पहुंच सके और जिनके लिए सम्भव नहीं रहा, उनके पास भी बहुत बहुत कुछ है। हां, हमारे राष्ट्रपिता के निधन के दशकों बाद कुछ निहित उद्देश्यों से बहुत कुछ विपरीत भी लिखा गया। हमारे देश के खिलाफ ऐसी कुत्सित कोशिशें पहले भी हुई हैं। आजादी के पहले हमारे वेदों और विशिष्ट वैज्ञानिक कृतियों को पौराणिक कथा कहा गया। हमारी सांस्कृतिक विरासतों को अन्धविश्वास बताया गया। और तो और,जातीय और वर्ग विभेद आधारित जनगणना के जरिए भारतीय समाज को बांटने की साजिश हुई। ऐसे में गांधीजी की 150वीं जयंती पर यह देखना जरूरी हो जाता है कि उनके बारे में हमारे यहां समवेत राष्ट्रीय स्वर क्या है। उम्मीद है कि राजनीतिक दल इसे समय रहते समझेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ प्रभात ओझा

