पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में बढ़ोतरी से परेशान देश की जनता के लिए एक राहत वाली खबर है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की तेजी पर ब्रेक लग सकता है। इस साल करीब 20 फीसदी तक की तेजी आने के बाद कच्चे तेल की कीमत में पिछले शुक्रवार से ही गिरावट का रुख बना है। शुक्रवार के पहले तक प्रति बैरल 80 डॉलर की कीमत तक पहुंच चुका कच्चा तेल 75.3 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले दो सप्ताह में कच्चे तेल की कीमत में 5 से 10 डॉलर प्रति बैरल की और गिरावट आ सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आने की एक बड़ी वजह यह भी मानी जा रही है कि तेल उत्पादक देशों ने कच्चे तेल की आपूर्ति को बढ़ाने का संकेत दिया है। बताया जा रहाा है रहा है कि सऊदी अरब और रूस ने कच्चे तेल के रोजाना उत्पादन में प्रतिदिन 10 लाख बैरल की बढ़ोतरी करने का संकेत दिया है। स्वाभाविक रूप से इसका असर तेल उत्पादक अन्य देशोंं पर भी पड़ेगा और उन्हें भी कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने के लिए तैयार होना पड़ेगा। यहां यह बताना प्रासंगिक होगा कि कच्चे तेल की कीमत में लगातार आई गिरावट की वजह से पिछले ही साल ओपेक और गैर ओपेक देश रूस ने मिलकर तेल की कीमत में गिरावट को रोकने के लिए उत्पादन मेंं कमी लाने का समझौता किया था। उसके बाद से ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत में लगातार तेजी का रुख बना हुआ था। लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई ज्यादा घटने और उसकी वजह से सकल राजस्व में कमी आने के डर से सऊदी अरब और रूस ने क्रूड ऑयल के उत्पादन को बढ़ाने का संकेत दिया है। स्पष्ट रूप से इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में कमी आएगी। निश्चित रूप से कच्चे तेल की कीमत में होने वाली कोई भी गिरावट भारत सरकार के लिए बहुत राहत लाएगी। लेकिन यह राहत कबतक बनी रहेगी, इसको लेकर कोई भी बात दावे के साथ नहीं कही जा सकती। इसलिए सरकार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में कमी होने का इंतजार करने की जगह ऐसे उपाय पर विचार करना चाहिए, जिससे कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उछाल के बावजूद देश के उपभोक्ताओं पर बढ़ी कीमत का भार न पड़े।
पिछले एक साल से लगातार कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से देश के आयात बिल में भी काफी बढ़ोतरी हुुई है। इसके साथ ही चूंकि तेल मार्केटिंग कंपनियां बढ़ी हुई कीमत सीधे उपभोक्ताओं से वसूूल रही हैं, जिसकी वजह से पेट्रोल और डीजल की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है। इस कीमत में बढ़ोतरी का पहला असर तो ये हुआ है कि पेट्रोल-डीजल की खरीद में उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ पड़ने लगा, वहीं दूसरी ओर ट्रांसपोर्टर्स ने अपना माल भाड़ा बढ़ा दिया है। माल भाड़ा बढ़ाने का सीधा असर हर चीज के महंगा होने पर पड़ने वाला है। इसके साथ ही ये भी माना जा रहा है कि पेट्रोल और डीजल के दाम इसी तरह रिकॉर्ड लेवल पर बने रहे तो पैकेज्ड आइटम, डिटर्जेंट और खाद्य तेल जैसी चीजों रोजमर्रा के उपयोग की चीजों के दाम भी काफी बढ़ सकते हैं। इसकी वजह से थोक और खुदरा महंगाई दर भी स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। ऐसे में पहले ही महंगाई से त्रस्त देश की जनता के लिए ये एक बड़ा झटका होगा। दिक्कत सिर्फ इतनी ही नहीं है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने भी संकेत दिये हैं कि यदि महंगाई दर में उछाल आया तो मौद्रिक नीति में कर्ज की दर भी बढ़ायी जा सकती है। लगभग एक साल की अवधि में कच्चे तेल की कीमत में 50 फीसदी से भी अधिक का इजाफा हो चुका है, लेकिन तेल उत्पादक देशों द्वारा कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने की खबर मात्र से ही वैश्विक बाजार में नरमी आने लगी है। यही वजह है कि भारत में भी पेट्रोल-डीजल जैसे पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में भी कमी आने की संभावना बनने लगी है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में जिस तरह की उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई है, उसके मद्देनजर ये नहीं कहा जा सकता है कि कच्चे तेल की कीमत में गिरावट का रुख कबतक बना रहेगा। माना जा रहा है कि अगर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में जल्द ही कमी नहीं आई, तो इसका असर पेट्रोल-डीजल का उपयोग करने वालों के साथ ही देश के हर नागरिक पर पड़ेगा, क्योंकि इससे माल ढुलाई लगातार महंगी होती जाएगी। इसके साथ ही जिन चीजों के उत्पादन में पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग होता है, वह चीजें भी स्वतः ही महंगी हो जाएंगी। इसलिए जरूरी ये है कि जिस तरह पेट्रोलियम कंपनियों ने कच्चे तेल की कीमत बढ़ने पर पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की है, उसी तरह वे अब कच्चे तेल की कीमत में कमी होने पर भी तत्परता के साथ पेट्रोल और डीजल के दाम में भी कमी करें। केंद्र सरकार को भी इस दिशा में विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि इसी साल चार राज्यों के विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और उसके बाद 2019 में लोकसभा चुनाव का भी सामना करना है। अगर इस समय केंद्र ने इस पर ध्यान नहीं दिया तो पेट्रोल-डीजल की महंगाई आम लोगों को निश्चित रूप से केंद्र सरकार में सत्तारूढ़ पार्टी से विमुख कर देंगी। ये ठीक है की पेट्रोल-डीजल की कीमत में उछाल के लिए सिर्फ केंद्र सरकार ही जिम्मेदार नहीं है।
राज्यों की सरकारें भी पेट्रोल और डीजल से वैट के रूप में लगभग उतना ही राजस्व वसूलती हैं, जितना कि केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी के रूप में वसूलती है। इसलिए जरूरत इस बात की है कि केंद्र सरकार जहां एक्साइज ड्यूटी में कमी लाए, वहीं वह राज्यों से भी वैट में कटौती करने के लिए कहे। सबसे बेहतर तो यह होगा कि पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की कोशिश की जाए। हालांकि यह काम बहुत आसान नहीं है, क्योंकि जब तक जीएसटी काउंसिल सर्वसम्मति से इसके लिए तैयार नहीं होगी, तब तक ऐसा नहीं हो सकता है। लेकिन, केंद्र सरकार को आम लोगों को राहत देने के लिए ऐसा करने के लिए अभी से ही कोशिश करनी होगी। ऐसी पहल ही केंद्र सरकार को नया जीवन भी दे सकेगी, वहीं देश के आम उपभोक्ताओं को भी राहत की सांस मिल सकेगी।

