कर्नाटक के मांड्या ज़िले के केरागोडु गाँव में हनुमान् ध्वज विवाद का समाधान होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। हिंदू समर्थक संगठनों के सदस्य फिर से झंडा फहराने पर अड़े हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को केरागोडु गाँव में घरों पर हनुमान् ध्वज फहराकर एक अभियान चलाया।
पिछले सप्ताह जब 28 जनवरी को ज़िला प्रशासन ने केरागोडु गाँव के अर्जुन स्तंभ पर लगे हनुमान् ध्वज को उतार दिया और तिरंगा फहरा दिया तो विवाद भड़क उठा। इस घटना से गाँव में अशांति फैल गई और हिंदू समर्थक संगठन के कार्यकर्ताओं ने अर्जुन स्तंभ पर झंडा फहराने का संकल्प लिया।
मांड्या के सहायक आयुक्त डॉ कुमार ने कहा कि प्रशासन ने शुक्रवार को शांति बैठक की लेकिन बैठक किसी फ़ैसले पर नहीं पहुँची। उन्होंने कहा कि प्रशासन 9 फरवरी के बाद एक और बैठक बुलाएगा।
मामले से अवगत लोगों के अनुसार भाजपा नेताओं ने शांति बैठक में किसी भी समाधान पर पहुँचने के लिए केरेगोडु ध्वजस्तंभ में हनुमान् ध्वज फहराने की पूर्व शर्त रखी।
भाजपा ज़िला अध्यक्ष इंद्रेश ने शनिवार को केरागोडु गाँव में अंजनेयस्वामी पूजा के साथ शुरू हुए ‘हनुमान् ध्वज’ अभियान का नेतृत्व किया। तब गाँव के 300 से अधिक घरों पर हनुमान् ध्वज फहराए गए। आंदोलन की शुरुआत 108 फुट ऊँचे ध्वजस्तंभ के पास अंजनेय स्वामी मंदिर में पूजा के साथ हुई। अभियान पड़ोसी गांवों में भी फैल गया जहाँ निवासियों ने एकजुटता दिखाते हुए झंडे फहराए।
चल रहे विवाद के कारण 7 और 9 फरवरी को मांड्या शहर बंध की घोषणा की गई है। फरवरी की 7 को समाना मनस्का वेदिके ने ज़िले में अशांति के कारण बंध का आह्वान किया जबकि बजरंग दल ने 9 फरवरी को हनुमान् ध्वज नीचे करने की निंदा करने हेतु बंध की घोषणा की। परंतु ऑटो चालकों और व्यापारियों ने बंध को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसमें शामिल न होने की घोषणा की है।
घटनाक्रम में ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन की मांड्या शाखा ने डीसी कोर्ट में आवेदन देकर लोकसभा चुनाव की घोषणा तक किसी भी मज़हब के झंडे फहराने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। संघ ने मांड्या में भड़काऊ भाषण देने वाले व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने का भी आग्रह किया।
संघ अध्यक्ष बीटी विश्वनाथ ने कहा कि जद(एस) और भाजपा के चुनावी गठबंधन में शामिल होने के बाद ज़िले में सांप्रदायिक सद्भाव के लिए ख़तरा पैदा हो गया है और इसलिए उन्होंने अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए डीसी को एक याचिका सौंपी है।
मांड्या ज़िले के विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप) अध्यक्ष भानु प्रकाश शर्मा ने कहा कि उनका संगठन 9 फरवरी के बाद पूरे राज्य में हनुमान् ध्वज आंदोलन की अगुवाई करेगा। उन्होंने कहा कि हनुमान् झंडे को हटाकर कांग्रेस सरकार एक समुदाय को लुभाने की कोशिश कर रही है, जबकि स्थानीय ग्राम पंचायत ने झंडा फहराने की मौखिक अनुमति दी थी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मांड्या शहर के पश्चिम पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज करवाई जिसमें सांसद डीके सुरेश के विरुद्ध उनके एक बयान के लिए देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की गई जिसमें उन्होंने कहा था कि दक्षिण भारतीय राज्यों को मिलाकर एक अलग राष्ट्र की मांग की जानी चाहिए। बेंगलुरु में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुरेश के घर पर धरना दिया।
सुरेश के अनुसार भाजपा उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है जबकि उन्होंने देश को विभाजित करने के बारे में बात नहीं की। सुरेश ने संवाददाताओं से कहा कि हर किसी को लड़ने का अधिकार है। “मेरे बयान बहुत स्पष्ट हैं, पर विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है।”


