10 अप्रैल—आर्य समाज के स्थापना दिवस पर विशेष चिर पुरातन धर्म होने की वजह से हिन्दू धर्म में समय के साथ कई ऐसी प्रथाएं भी जुटती गईं, जिनसे ये महान धर्म कर्मकांडों से जकड़ा हुआ नजर आने लगा। ऐसे समय देश में समय समय पर ऐसे महान पुरुषों का जन्म भी होता रहा, जिन्होंने दूषित हो चुकी या कर्मकांडी परंपराओं को खत्म करने का संकल्प किया और उसे दूर कर भी दिया। देश की आजादी के पहले के सौ साल को कुछ ऐसा ही काल माना जा सकता है जब लोग कर्मकाण्ड को ही हिन्दू धर्म का पर्याय समझने लगे थे। कुछ बुरी अथवा समय के हिसाब से काफी दूषित हो चुकी परंपराओं ने हिन्दू धर्म को बुरी तरह से जकड़ लिया था। इसके परिणामस्वरूप क्रिश्चियन मिशनरियां भी लोगों को बरगलाकर धर्मांतरण के काम में लग गयी थीं। संयोग से तब के अंग्रेज शासक भी उनको पूरा सहयोग दे रहे थे।
धर्म के लिए ऐसे विषम काल में ही स्वामी दयानंद सरस्वती ने 1875 में दस अप्रैल को आर्य समाज की स्थापना की। इस संगठन का उद्देश्य हिन्दुओं के मन में बैठ चुकी बुरी परंपराओं को दूर करना, वैदिक संस्कृति और मान्यताओं को प्रचारित करना और धर्मांतरण को रोक कर समाज से बिछड़ चुके बंधुओं को वापस सनातनी मान्यताओं से जोड़ना था। 12 फरवरी 1824 को गुजरात के काठियावाड़ में जन्म लेने वाले दयानंत सरस्वती 14 वर्ष की उम्र में ही कर्मकांडों से विमुख हो गये थे। कर्मकांडों से मन उचट जाने के बाद उन्होंने हिन्दू धर्म के मूल तत्व को जानने की कोशिश की। इसी की कोशिश में उन्होंने नर्मदा के तट पर स्वामी पूर्णानन्द से संन्यास की दीक्षा ली और तब से दयानन्द सरस्वती के रूप में समाज सुधार और वैदिक मान्यताओं का खुद को प्रचारक बना डाला। शुरू में कई स्थानों पर भटकने के बाद मथुरा में उनकी भेंट प्रज्ञाचक्षु स्वामी विरजानन्द जी से हुई। उन्होंने दयानन्द जी के सब प्रश्नों के समाधानकारक उत्तर दिये। इस प्रकार लम्बी खोज के बाद उन्हें सच्चे गुरु की प्राप्ति हुई। मथुरा में स्वामी जी के पास रहकर ही उन्होंने वेदों का गहन अध्ययन किया। कहते हैं अध्ययन पूरा होने के बाद उनके गुरु विरजानंद ने गुरुदक्षिणा के रूप में उनसे यह वचन लिया कि वे वेदों का ज्ञान देश भर में फैलायेंगे। दयानन्द जी पूरी शक्ति से इसमें लग गये। प्रारम्भ में वे गुजराती और संस्कृत में प्रवचन देते थे; पर फिर उन्हें लगा कि भारत भर में अपनी बात फैलाने के लिए हिन्दी अपनानी होगी। उन्होंने अपना प्रसिद्ध ग्रन्थ ‘सत्यार्थ प्रकाश’ भी हिन्दी में ही लिखा।
‘आर्य समाज’ के माध्यम से उन्होंने हिन्दू धर्म में व्याप्त पाखण्ड और अन्धविश्वासों का विरोध किया। इस बारे में जागरूकता लाने के लिए उन्होंने देश भर का भ्रमण किया। अनेक विद्वानों से उनका शास्त्रार्थ हुआ; पर उनके तर्कों के आगे कोई टिक नहीं पाता था। इससे ‘आर्य समाज’ की प्रसिद्धी पूरे देश में फैल गयी। स्वामी जी ने कन्याओं की हत्या की परंपरा, बाल विवाह, छुआछूत जैसी कुरीतियों का प्रबल विरोध किया। वे नारी शिक्षा और विधवा विवाह के भी समर्थक थे। धीरे-धीरे आर्य समाज का विस्तार भारत के साथ ही अन्य अनेक देशों में भी हो गया।
दयानंद सरस्वती ने धार्मिक शिक्षा और वैदिक मान्यताओं के प्रसार की दिशा में तो काम किया ही, शिक्षा के प्रसार के क्षेत्र में भी उन्होंने काफी काम किया। स्वामी दयानंद मानते थे कि वैदिक शिक्षा तो भारतीय बच्चों को मिलनी ही चाहिए, साथ ही बच्चों को आधुनिक समय में आगे बढ़ने के लिए अंग्रेजी व आधुनिक शिक्षा भी मिलनी चाहिए। उनकी इसी सोच को लेकर डीएवी स्कूलों की स्थापना की गयी। आर्य समाज द्वारा संचालित डीएवी विद्यालयों (दयानंद ऐंग्लो वैदिक विद्यालय) का शिक्षा के प्रसार के क्षेत्र में बड़ा योगदान है। देश एवं हिन्दू धर्म के उत्थान के लिए जीवन समर्पित करने वाले स्वामी दयानंद सरस्वती के समाजोद्धार के कामों की वजह से कई लोग उनके शत्रु भी बन गये थे। ऐसे ही एक शत्रु ने उन्हें उनके रसोइये द्वारा जहर मिला दूध दिला दिया, जिससे 30 अक्टूबर 1883 को उनका स्वर्गवास हो गया। हालांकि उनके स्वर्गवास के बाद भी आर्य समाज आजतक वैदिक परंपराओं के प्रचार और प्रसार के काम में पूरे मनोयोग के साथ जुटा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. कविता सारस्वत

