मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस देने की सर्वत्र आलोचना हो रही है। सर्वोच्च न्यायालय ने भी इसे विक्षुब्धकारी प्रयास बताया है और देश के अटाॅर्नी जनरल से यह जानना चाहा है कि इस प्रक्रिया को रोका जा सकता है या नहीं। देश के तमाम न्यायविद और बुद्धिजीवी इसे न्यायपालिका को डराने की राजनीति करार दे रहे हैं। कांग्रेस और सात अन्य राजनीतिक दलों द्वारा महाभियोग के प्रस्ताव का नोटिस देने को सीधे तौर पर न्यायपालिका पर आक्षेप माना जा रहा है। सोली सोराब जी ने तो यहां तक कहा है कि अगर आप न्यायपालिका के आदेश से सहमत नहीं होंगे तो क्या महाभियोग लाएंगे। सांसदों के इस आचरण को पूरा देश न्यायपालिका को कमजोर करने और उसका मनोबल तोड़ने के प्रयास के क्रम में देख रहा है। जबकि सच तो यह है कि मौजूदा दौर में न्यायपालिका ने बेहद तटस्थ निर्णय दिए हैं। उन निर्णयों से देश में गलत काम करने वालों की रूह कांपी है।
इन सबके बावजूद कुछ लोगों को लगता है कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। न्यायपालिका का वजूद खतरे में है। ऐसा सोचने वालों में राजनीतिक दल ही हों, ऐसा भी नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय के चार न्यायाधीश भी कुछ समय पहले न्यायपालिका के अस्तित्व पर संकट की बात कह चुके हैं। वे देश के मुख्य न्यायाधीश की कार्यशैली पर भी सवाल उठा चुके हैं। लेकिन उन्हीं से एक वरिष्ठ जज चेलमेश्वर ने यह भी कहा है कि महाभियोग समस्या का हल नहीं है। जो न्यायाधीश अभियोग तय करते हैं, उसके गुण-दोष और अपराध की प्रकृति और प्रवृत्ति पर विचार करते हैं, उन्हीं पर अगर महाभियोग चलाया जाने लगा, उनकी कार्यशैली पर अंगुली उठाई जाने लगी तो न्याय के प्रति उनकी निष्ठा का डगमगाना स्वाभाविक है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को महाभियोग प्रस्ताव लाने से पूर्व उसके दूरगामी परिणामों पर भी विचार करना चाहिए था। इसे राजनीतिक अदूरदर्शिता कहना ज्यादा मुनासिब होगा। अभी तक तो वे नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा शासित राज्यों की सरकारों पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगा रहे थे लेकिन अपने ही बुने मकड़जाल में वे खुद फंस गए हैं।
जिस कांग्रेस ने 25 साल पहले महाभियोग का बचाव किया था और इसकी पुरजोर वकालत कपिल सिब्बल ने की थी, वही कांग्रेस और कपिल सिब्बल देश के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ लाए गए महाभियोग के महारथी होकर उभरे हैं। विचारों का यह परिवर्तन क्या हाथ से सत्ता जाने की हताशा है या कानून के डंडे से खुद को बचाए रखने की कोशिश, यह तो सुस्पष्ट होना ही चाहिए।
वैसे इस देश में बहुत कुछ अभूतपूर्व हो रहा है। न्यायपालिका के इतिहास में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने पहली बार प्रेस वार्ता की थी। उन्होंने न्यायपालिका की आजादी को खतरे में बताया था। कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, सीपीएम, सीपीआई, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने देश के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस दे रखा है। तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक ने तो ऐन वक्त पर अपना इरादा ही बदल दिया। पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह, पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम समेत कांग्रेस के पांच बड़े नेताओं ने भी महाभियोग प्रस्ताव पर दस्तखत नहीं किया है। इससे कांग्रेस सवालों के कठघरे में खड़ा तो होती ही है। भले ही कांग्रेस जान-बूझकर उनसे दस्तखत न कराने की बात कहे लेकिन इससे इस मुद्दे पर पार्टी में मतभिन्नता तो दिखती ही है। सलमान खुर्शीद ने भी सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय पर राजनीति न किए जाने की बात कही है। पार्टी लाइन से अलग अपनी बात कहने का खामियाजा उन्हें भुगतना भी पड़ सकता हैं। सर्वोच्च न्यायालय के इतिहास में किसी मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव नहीं लाया गया था। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के विरुद्ध तो महाभियोग प्रस्ताव लाए गए लेकिन सर्वोच्च न्यायालय इसकी छाया से बचा रहा था। कपिल सिब्बल का तर्क है कि उनकी पार्टी नहीं चाहती थी कि यह दिन आए। लेकिन अगर ऐसा है तो पिछले छह माह से वह सांसदों और अन्य राजनीतिक दलों से हस्ताक्षर अभियान क्यों चला रही थी? इस सवाल का जवाब शायद उसके पास भी नहीं है।
कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना लगाने वाली कांग्रेस घेरना तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चाह रही है। उसके निशाने पर अमित शाह भी हैं, लेकिन उन्हें घेरने में उसे कामयाबी नहीं मिली तो देश के मुख्य न्यायाधीश ही सही। इससे पहले कुछ न्यायाधीशों ने महाभियोग पर चर्चा से पूर्व इस्तीफे भी दे दिए थे। दीपक मिश्र भी ऐसा करेंगे, ऐसा मुमकिन नहीं है। महाभियोग से अगर न्यायपालिका का मनोबल गिरता है तो इससे लोकतंत्र कमजोर होगा। जब न्यायपालिका के निर्णयों पर सवाल उठेंगे, जैसा कि हाल के दिनों में हुआ है तो न्याय पर से लोगों का भरोसा उठ जाएगा।
अगर शीर्ष न्यायालय के फैसले पर किसी को कोई आपत्ति है तो वह पुनर्विचार याचिका दाखिल कर सकता है, उसे किसने रोका है। वैसे भी कांग्रेस समेत सात राजनीतिक दलों ने जिन पांच आधारों पर देश के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू को दिया है, उसमें मुख्य आरोप है कि उनका आचरण पद के अनुरूप नहीं है। उन पर प्रसाद एजुकेशन ट्रस्ट में फायदा उठाने का आरोप लगाया गया है। जमीन का अधिग्रहण करना, फर्जी शपथपत्र लगाने और सुप्रीम कोर्ट जज बनने के बाद 2013 में जमीन को सरेंडर करने और कई संवेदनशील मामलों को चुनिंदा बेंच को देने के आरोप हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा है कि कुछ खास मामलों में मुख्य न्यायाधीश के रवैये की वजह से महाभियोग लाने पर हम मजबूर हुए हैं। अगर उपराष्ट्रपति इस नोटिस को खारिज करते हैं तो भी उनके पास और कई रास्ते हैं। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश पर अपने पद की मर्यादा तोड़ने का भी आरोप लगाया है। उनका मानना है कि न्यायपालिका के खतरे में आने से लोकतंत्र पर खतरा है।
सर्वोच्च न्यायालय ने सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ की सुनवाई कर रहे सीबीआई जज बीएच लोया की मौत की स्वतंत्र जांच को लेकर लगाई गई कई याचिकाओं को खारिज कर दिया है। यह फैसला मुख्य न्यायाधीश की अगुवाई वाली पीठ ने सुनाया था। यही नहीं, पीठ ने इसके पीछे न्यायालय का अपमान किए जाने की भावना को ही सर्वोपरि माना है। इस बात को विपक्ष पचा नहीं पा रहा है। इसलिए भी उसने न्यापालिका के बहाने केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की।
कपिल सिब्बल कह रहे हैं कि मुुख्य न्यायाधीश को वकीलों की भावना समझनी चाहिए थी। पर वकीलों की भावना को समझकर क्या तटस्थ न्याय संभव है। विमर्श तो इस पर भी होना चाहिए। यह पहला और अंतिम मौका नहीं है जब किसी न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव आया हो। इससे पहले वर्ष 2016 में आंध्रप्रदेश और तेलंगाना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति नागार्जुन रेड्डी पर एक दलित न्यायाधीश को प्रताड़ित करने के आरोप में राज्यसभा में महाभियोग लाया गया था। वर्ष 2015 में राज्यसभा के 58 सदस्यों ने गुजरात उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जे बी पर्दीवाला के खिलाफ महाभियोग का नोटिस जारी किया था। वर्ष 2011 में राज्यसभा ने कोलकाता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सौमित्र सेन को एक न्यायाधीश के तौर पर वित्तीय गड़बड़ी करने और तथ्यों की गलतबयानी करने का दोषी पाया था। उसके बाद उच्च सदन ने उनके खिलाफ महाभियोग चलाने के पक्ष में मतदान किया था। लोकसभा में महाभियोग की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व ही न्यायमूर्ति सेन ने त्यागपत्र दे दिया था। सिक्किम उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पीडी दिनाकरण पर भूमि पर कब्जा करने, भ्रष्टाचार और न्यायिक पद का दुरुपयोग करने को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने भी महाभियोग की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही 2011 में इस्तीफा दे दिया था। पंजाब और हरियाणा के मुख्य न्यायाधीश वी रामास्वामी पर वर्ष 1993 में महाभियोग की कार्यवाही शुरू की गई थी। कांग्रेस के विरोध के चलते लोकसभा में उनके खिलाफ लाया गया महाभियोग प्रस्ताव गिर गया था। कांग्रेस का तर्क यह है कि जब उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों को लगता है कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता खतरे में है तो क्या हमें चुप रहना चाहिए, कुछ नहीं करना चाहिए। जरूर करना चाहिए लेकिन उसका यह मतलब तो नहीं है कि देश की न्याय व्यवस्था ही पंगु हो जाए।
हिन्दुस्थान समाचार/सियाराम शरण ‘शांत’

