विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा धूम्रपान एवं तम्बाकू से होने वाले खतरों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए प्रतिवर्ष 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस का आयोजन किया जाता है। इस साल भी परंपरागत रूप से ये दिवस मनाया गया। परन्तु ऐसे अनेक प्रयासों के बाद भी तंबाकू निषेध की कोशिश में हमें सफलता नहीं मिल सकी है। जैसे-जैसे इसकी दवा की जा रही है, वैसे वैसे ही मर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। धूम्रपान के बढ़ते प्रयोग के कारण पूरा चिकित्साजगत चिन्तित है, क्योंकि इसके प्रयोग के कारण हमारे देश में अनेक प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। गांव के गरीब से लेकर शहर के अमीर तक, पढे़ लिखे लोगों से लेकर अनपढ़ तक इसका प्रयोग धड़ल्ले से करते हैं। अब तो स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि बच्चों से लेकर महिलाएं तक इसका प्रयोग खुलेआम करने लगी हैं। एक अनुमान के अनुसार भारत में 10 साल से ऊपर के 30 से 35 प्रतिशत तक लोग तम्बाकू की लत से पीड़ित हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान है कि भारत में 35 से 45 प्रतिशत लोग तम्बाकू या धूम्रपान का किसी न किसी तरह प्रयोग करते हैं। भारत में तम्बाकू का सेवन धूम्रपान के अतिरिक्त चबाकर, सूंघकर, पान में या गुल या गुड़ाखु मंजन के रूप में किया जाता हैं। भारत में तम्बाकू का प्रचलन पुर्तगालियों ने पहुंचाया और अब इसने भारतीय समाज को बुरी तरह जकड़ लिया। अब सिगरेट, बीड़ी तम्बाकू, पान मसाला और गुटखा गली-गली, चौराहे-चौराहे पर मिलने लगे हैं। इसका परिणाम है कि इनके प्रयोग से अनेक प्रकार की जानलेवा स्वास्थ्य समस्याएं विकराल रूप धारण करती जा रही हैं। यह जानते हुए कि तम्बाकू से जान का खतरा हो सकता है, इसका प्रचलन तेजी से बढ़ता जा रहा हैं। धूम्रपान करने वालों को हृदय रोग का खतरा तीन से चार गुना बढ़ जाता है। यदि उच्च रक्तचाप की शिकायत है तो हृदयघात का खतरा पांच से छह गुना तक बढ़ जाता है। देश में 9 से 10 प्रतिशत लोग तम्बाकू एवं धूम्रपान से होने वाली बीमारियों से मरते हैं। धूम्रपान के कारण फेफड़ों का कैंसर, श्वसन संबंधी रोग, ब्रांकाइटिस, दमा, मुंह एवं गले का कैंसर आदि हो सकता है। इसके कारण चक्कर आना, भूख न लगना, अनिद्रा, हाथ पैरों में दर्द, मसूड़ों में खराबी, याददाश्त का कमजोर होना, खांसी आना आदि शिकायतें भी हो सकती है। आजकल हमारे समाज में पश्चिमी सभ्यता का प्रचलन तेजी से हो रहा है और अब महिलाएं भी धूम्रपान करने लगी हैं। महिलाओं में मासिक चक्र की अनियमितता, कब्ज, भूख न लगना, गैस बनना, चक्कर आना एवं अन्य परेशानियां हो सकती हैं। यदि गर्भवती महिलाएं धूम्रपान करती है तो पेट में पल रहे बच्चे का पूरा विकास नहीं हो पाता है। बच्चे का वजन कम हो सकता हैं। गर्भधारण में मुश्किल हो सकती है। यहां तक कि गर्भपात भी हो सकता है। बच्चे को अनेक प्रकार के संक्रमण हो सकते हैं तथा उसके बौद्धिक स्तर में भी कमी हो सकती है। धूम्रपान के कारण दिल की धड़कन तेज होना, सांस फूलना, रक्त नलिकाओं का सिकुड़ना, नेत्र ज्योति कमजोर होना, पाचन तंत्र की गड़बड़ी, वायु विकार एवं कब्ज की शिकायतें भी हो सकती है। धूम्रपान के कारण आपके शरीर को तो नुकसान होता ही है, आप के मुंह से निकला धुंआ दूसरे के शरीर में पहुंचकर उसे बीमार बना सकता है। लोग सिगरेट एवं तम्बाकू के पैकटों पर लिखी चेतावनी को भी नजरअंदाज कर देते हैं। इस लत को पूरा करने के लिए लोग अपने अन्य खर्चों में कटौती करते हैं तथा सरकार करोड़ों रूपया इसके कारण उत्पन्न होने वाली बीमारियों पर खर्च करती है। इसकी लत को छोड़ने के लिए इच्छा शक्ति को मजबूत बनाना होगा, जब तलब ज्यादा लगे तो लौंग, इलायची, सौंफ का प्रयोग करें। लत छोड़ने की तिथि निश्चित कर उस पर अमल करें। एक बार यदि छोड़ दें तो दोबारा कतई न लें। घर के लोगों को लत छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। ध्यान, व्यायाम एवं योग इस तलब पर काबू पाने में मददगार हो सकता है। सरकार को चाहिये कि तम्बाकू के निर्माण एवं बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाये। इसी तरह सार्वजनिक रूप से धूम्रपान करने वालों पर आर्थिक दण्ड लगाया जाना चाहिए। सरकार को इसे आमदनी का साधन नहीं बनाया जाना चाहिए तथा इसे सामाजिक अपराध माना जाना चाहिए। ऐसा करके ही इस समस्या से मुक्ति पायी जा सकती है और धूम्रपान एवं तम्बाकू मुक्त समाज का निर्माण कर इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
धूम्रपान के बढ़ते प्रयोग से चिकित्सा जगत चिन्तित
सरकार को इसे आमदनी का साधन नहीं बनाया जाना चाहिए तथा इसे सामाजिक अपराध माना जाना चाहिए

