विदेश नीति की सफलता का अनुकूल प्रभाव वैश्विक सम्मेलनों में भी दिखाई देता है। इसके अनेक परोक्ष और अपरोक्ष लाभ होते हैं। यह मानना होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत को यह मुकाम मिला है। इसका प्रमाण मोदी की यूरोप यात्रा के दौरान मिला। उनकी यह यात्रा मुख्यतः दो वैश्विक सम्मेलनों में भागीदारी के लिए थी। लेकिन मोदी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में इसे व्यापक रूप दिया।
अनेक देशों के नेताओं से उनकी द्विपक्षीय वार्ता हुई। स्वीडन, ब्रिटेन, जर्मनी के साथ महत्वपूर्ण समझौते हुए। अनेक विषयों पर सहमति बनी। स्टॉकहोम में वह नॉर्डिक देशों के सम्मेलन में शामिल हुए। इसके सदस्य मुल्क स्वीडन, डेनमार्क, आइसलैंड, नार्वे, और फ़िनलैंड ने सर्वसम्मति से भारत को संयुक्त राष्ट्र संघ सुरक्षा परिषद की स्थाई सदस्य्ता देने की पैरिवी की। तीन दशक में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली स्वीडन यात्रा थी। स्वीडन के प्रधानमंत्री स्टेफान लोफवेन और राजा कार्ल गुस्ताफ से मोदी की उपयोगी वार्ता हुई। स्वीडन के प्रधानमंत्री लोफवेन प्रोटोकॉल तोड़ते हुए मोदी की अगवानी के लिए मौजूद थे।
नरेंद्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा मुख्यतः राष्ट्रमंडल शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए थी। मोदी की यात्रा से भारत और ब्रिटेन के बीच स्वास्थ्य, नवाचार, डिजिटाइजेशन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा और साइबर सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहयोग बढा है। मोदी और उनकी ब्रिटिश समकक्ष थेरेसा ने अलगाववाद, सीमा पार से आतंकवाद, वीजा, आव्रजन सहित आपसी हितों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मोदी यहां दोनों देशों की अग्रणी कंपनियों के प्रमुखों से भी मिले।
ये सभी भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक साझेदारी बढ़ाने के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी ब्रिटेन में आपसी रिश्तों को नये शिखर पर ले जाने के लिए प्रयास किया। इसके अलावा राष्ट्रमंडल के शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। उनका भारतीय समुदाय के लोगों के साथ उनके संवाद का कार्यक्रम ‘भारत की बात, सबके साथ’ विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा। यहां मोदी के भाषण ने सभी का दिल जीत लिया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री थेरेसा और मोदी ने स्वास्थ्य, इनोवेशन, डिजिटलीकरण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्रों में भारत ब्रिटेन साझेदारी बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
ब्रिटेन इस बार राष्ट्रमंडल सम्मेलन का मेजबान था। इसमें इक्यावन देशों ने हिस्सा लिया। ब्रिटेन ने माल्टा से राष्ट्रमंडल के चेयर-इन-ऑफिस का पदभार ग्रहण किया। सम्मेलन में सदस्य राष्ट्र उसके समक्ष अवसरों और चुनौतियों, लोकतंत्र और शांति तथा समृद्धि को आगे बढ़ाने के बारे में साझेदारी कायम करने पर सहमत हुए। इसमें सदस्य राष्ट्र अपने समक्ष अवसरों और चुनौतियों, लोकतंत्र और शांति तथा समृद्धि को आगे बढ़ाने पर भी सार्थक विचार किया गया। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन, छोटे द्वीपीय देशों पर मंडराते खतरे, बेहद गरीब देशों को मदद के प्रयासों पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान विभिन्न देशों से कई अहम द्विपक्षीय समझौते भी हुए। लंदन में मोदी ने विज्ञान और इनोवेशन के पांच हजार साल पर एक प्रदर्शनी देखी। लिविंग ब्रिज कार्यक्रम के तहत जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित लोगों से उनकी मुलाकात भी उपयोगी रही। उन्होंने रिसर्च लैब का दौरा किया और भारत ब्रिटेन सीईओ फोरम की बैठक में हिस्सा लिया। भारत-ब्रिटेन के बीच विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग प्रदर्शित करने वाले एक कार्यक्रम में भी उन्होंने शिरकत की।
नरेंद्र मोदी को प्रत्येक अवसर पर विशेष महत्व दिया गया। इक्यावन देशों के राष्ट्राध्यक्ष ट्रेन से राष्ट्रमंडल सम्मेलन स्थल पहुंचे, वहीं नरेंद्र मोदी को लक्जरी कार लिमोजिन उपलब्ध कराई गई। बकिंघम पैलेस में रानी एलिजाबेथ ने केवल तीन शासकों को निजी बैठक के लिए आमंत्रित किया था, जिनमें नरेंद्र मोदी भी शामिल थे। प्रिंस चार्ल्स ने मोदी के लिए एक विशेष तकनीक कार्यक्रम आयोजित किया था। दोनों देशों के लिए ये कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण था।
जाहिर है कि नरेंद्र मोदी की हालिया यूरोप यात्रा बहुत उपयोगी रही। इसके तीन अलग अलग पड़ाव थे। पहला यह कि अनेक देशों के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई, समझौते हुए, कई मुद्दों पर सहमति बनी। दूसरा नॉर्डिक के बीच आपस में समझ बढ़ी। ये देश उन अर्थव्यवस्थाओं से सावधान हो रहे हैं, जिन्होंने संरक्षणवाद का रवैया अपना लिया है। दो करोड़ सत्तर लाख आबादी वाले ये देश भारत के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाएंगे।तीसरा महत्व राष्ट्रमंडल सम्मेलन से संबंधित था। सभी रूप में भारत के राष्ट्रीय हित सुनिश्चित हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

