यह मानने में किसी को हिचक नहीं होनी चाहिए कि अमेरिका विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति है। सोवियत संघ के विघटन के बाद अमेरिका को सीधी चुनौती देने की स्थिति में आज दुनिया का कोई भी देश नहीं है। यही कारण है कि अमेरिका हर वैश्विक मामलों में अपनी दादागिरी दिखाते रहता है। अमेरिका में सत्ता पर चाहे रिपब्लिकन हों या डेमोक्रेट, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वहां का हर शासक विश्व व्यवस्था में अपनी दादागिरी चलाना चाहता है। भारत अमेरिका की दादागिरी का कई बार शिकार हो चुका है। अब एक बार फिर रूस के साथ संबंध को लेकर अमेरिका धमकी देने पर उतारू हो गया है। अमेरिका का कहना है कि अगर भारत ने रूस के साथ किए गए एस-400 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम की खरीद के समझौते पर आगे बढ़ेगा, तो उसे आर्म्ड ड्रोन और उच्च तकनीक वाले सैन्य उपकरणों की आपूर्ति रोकी जा सकती है। यह अमेरिकी सरकार की नई नीति का एक प्रत्यक्ष उदाहरण है। इस सौदे की आड़ में वह सीधे-सीधे धमकी दे रहा है कि या तो भारत रूस के साथ संबंध रखे या फिर अमेरिका के साथ।
शीत युद्ध के जमाने से ही सोवियत संघ के रूप में रूस भारत का सहयोगी रहा है। जबकि, अमेरिका को पहले पाकिस्तान का मददगार माना जाता था। पाकिस्तान को कई मौकों पर अमेरिका ने न केवल सैन्य सहायता दी है, बल्कि विभिन्न मदों में उसे आर्थिक सहायता भी देता रहा है। ताजा विवाद भारत और रूस के बीच एस-400 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम के सौदे को लेकर शुरू हुआ है। कुछ समय पहले ही अमेरिका में एक नया कानून काउंटरिंग अमेरिकाज एडवर्सरीज थ्रू सैंक्शंन एक्ट यानी सीएएटीएसए पारित हुआ है। इसके तहत अमेरिका अपने व्यावसायिक हितों की रक्षा के लिए किसी भी ऐसे देश को चेतावनी दे सकता है या उसके साथ सौदा करने से इनकार कर सकता है, जिससे कि उसको अपना हित प्रभावित होता हुआ नजर आए। लेकिन ट्रंप प्रशासन इस नए कानून का उपयोग अब भारत को ब्लैकमेल करने के लिए कर रहा है कि हम रूस के साथ युद्धक सामग्री खरीदने का इरादा ही छोड़ दें और सिर्फ अमेरिका के साथ ही सौदा करें। जिस तरह से अमेरिका ने भारत को एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम की रूस से खरीद करने पर आर्म्ड ड्रोन और उच्च तकनीक के सैन्य उपकरण देने से इनकार करने की बात कही है, वो सीधे-सीधे ब्लैकमेलिंग है। इसके साथ ही अमेरिका परोक्ष तरीके से यह संदेश भी देना चाहता है कि या तो भारत उसकी ताबेदारी कबूल कर ले, वरना वह भारत के साथ सहयोग की नीति नहीं अपनाएगा।
इसके पहले भी जब भारत और रूस के बीच क्रायोजेनिक इंजन के सौदे को लेकर सहमति बनी थी, उस समय भी अमेरिका ने इस सौदे को रद्द करने के लिए दबाव बनाया था। सोवियत संघ के विघटन की वजह से रूस की स्थिति उस समय काफी पतली थी और मजबूरन उसने इस सौदे को रद्द कर दिया था। इसी तरह अमेरिका ने भारत को सुपर कंप्यूटर देने से भी इनकार कर दिया था, लेकिन भारतीय वैज्ञानिकों ने इसे चुनौती के रूप में लिया। कुछ समय जरूर लगा, लेकिन आज भारत न केवल स्वदेशी तकनीक से क्रायोजेनिक इंजन का खुद विकास करने में सफल रहा है, बल्कि उसने अपना सुपर कंप्यूटर भी तैयार कर लिया है। आज भारतीय वैज्ञानिकों ने क्रायोजेनिक इंजन और सुपर कंप्यूटर जैसी कई तकनीकों का खुद विकास कर लिया है, जिन्हें वह पहले अन्य देशों से खरीदना चाहता था। भारत के सीमावर्ती क्षेत्र में फिलहाल जैसे हालात हैं, उसमें निश्चित रूप से आर्म्ड ड्रोन काफी मददगार साबित हो सकता है। पाकिस्तान की हरकतों पर लगाम लगाने, खासकर आतंकवादियों की घुसपैठ पर काबू पाने और सीमा के पास बने आतंकियों के शिविर को ध्वस्त करने में ये ड्रोन काफी उपयोगी साबित हो सकता है। इन शिविरों का उपयोग अभी तक पाकिस्तानी सेना और आईएसआई आतंकवादियों के लॉन्चिंग पैड के रूप में करता है। इन शिविरों का तबाह होना भारत के हित में जरूरी है और यह काम आर्म्ड ड्रोन जैसी तीसरी आंख की मदद से सहजता पूर्वक किया जा सकता है। अमेरिका भारत की इस आवश्यकता को अच्छी तरह से समझता है। उसको मालूम है कि आर्म्ड ड्रोन के मसले पर भारत को दबाव में लाया जा सकता है।
फिलहाल, अमेरिका की नजर भारत से इतर रूस के साथ उसकी प्रतिद्वंद्विता पर टिकी हुई है। मध्य एशिया में अमेरिका और रूस की दखलंदाजी जिस तरह से बढ़ी है, उसको लेकर ये दोनों देश शीतयुद्ध का काल बीतने के सालों बाद एक बार फिर से विपरीत ध्रुवों पर खड़े नजर आ रहे हैं। और यही वजह है कि अमेरिका ने काउंटरिंग अमेरिकाज एडवर्सरीज थ्रू सैंक्शंन एक्ट लागू करके उन तमाम देशों को धमकाने का हथियार तैयार किया है, जो रूस से सहयोग लेते हैं या फिर ले सकते हैं। ये उसकी दादागीरी का भी एक हथियार है। इस कानून की आड़ में वो एक बार फिर तीसरी दुनिया के तमाम देशों को धमकाकर अपनी बॉसगीरी साबित करना चाहता है। अमेरिका को यह समझ लेना चाहिए की मौजूदा विश्व व्यवस्था में दुनिया का कोई भी देश किसी दूसरे संप्रभुता संपन्न देश को अपनी रक्षा संबंधी जरूरतों और प्राथमिकताओं को तय करने के लिए ब्लैकमेल नहीं कर सकता है। अमेरिका की यह कोशिश न केवल एक गलत उदाहरण पेश करेगी बल्कि वह विश्व बंधुत्व की भावना को भी नुकसान पहुंचाएगी।
भारत पहले भी अपनी ओर से स्पष्ट करता रहा है कि वह अपनी रक्षा जरूरतों और प्राथमिकताओं को लेकर किसी की भी दखलदाजी को स्वीकार नहीं करेगा। लेकिन अमेरिका की मौजूदा धमकी के मद्देनजर इस बात पर चार किया जाना चाहिए कि अमेरिका की ऐसी दादागिरी कब तक चलेगी। अभी जरूरत अमेरिका को सख्ती से जवाब देने की है कि भारत उसकी धमकी या ब्लैकमेलिंग के आगे नहीं झुकेगा। अमेरिका के हठी रवैये के कारण संभव है कि आर्म्ड ड्रोन की तैनाती करने में भारत को कुछ समय लगे, लेकिन ये समय कूटनीति के साथ बातचीत करने और भारतीय वैज्ञानिकों को प्रेरित करने का है, ताकि वे कम से कम समय में ऐसा ड्रोन तयार कर लें। और इसमें भी कोई शक नहीं कि अगर भारतीय वैज्ञानिक प्रतिबद्ध हो गए तो भारत इस तकनीक को भी सहजता के साथ तैयार कर लेगा।

