कर्नाटक – यहां भी है एक नालंदा

एक आध्‍यात्‍म‍िक शक्‍ति स्‍वामीजी रूप में सारे वातावरण को प्रभावित कर रही है

302

नालंदा का नाम लेते ही मन में उस महान विश्वविद्यालय का खयाल आता है और अपने सुदीर्घ परंपरागत वैभव पर आत्‍मगौरव होता है जो कि अत्यंत सुनियोजित ढंग से और विस्तृत क्षेत्र में बना हुआ दुनिया का पहला विश्वविद्यालय था, जहां न सिर्फ देश के कोने-कोने से, बल्कि विदेशों से भी छात्र पढ़ने आते थे। जिसकी स्थापना गुप्त शासक कुमारगुप्त प्रथम ने 450-470 ईस्वी के बीच की थी। पटना से 88.5 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और राजगीर से 11.5 किलोमीटर उत्तर में स्थापित इस विश्वविद्यालय में तब 12 हजार छात्र और 2000 शिक्षक हुआ करते थे। गुप्तवंश के पतन के बाद भी सभी शासक वंशों ने इसकी समृद्धि में अपना योगदान जारी रखा था। किंतु कालांतर में एक तुर्क लुटेरे बख्तियार खिलजी ने 1199 ईस्वी में इस्‍लाम की चली आंधी से वशीभूत होकर इसे जला कर पूर्णत: नष्ट कर दिया। विद्यार्थी यहां आकर ज्ञान की उस महान परंपरा में दक्ष होते थे, जहां से वे जीवन के भौतिक और आध्यात्मिक जगत के उन तमाम पहलुओं की शिक्षा ग्रहण कर सकें, जो उनके लिए उनके जीवन में वरदान सिद्ध हो। आज भी नालंदा का नामभर लेने से यह विचार स्‍वत: स्‍फुरित हो उठता है कि मगध का नालंदा हमारी परंपरा की बहुत बड़ी थाती है, जिसने दुनिया को ज्ञान मीमांसा, तर्क मीमांसा, वेद, उपनिषद, आयुर्वेद, ब्रह्मांड का रहस्‍य, ग्रह-नक्षत्र, वनस्पति शास्‍त्र, पारिस्थितिकी इत्यादि विभिन्न विषयों का ज्ञान, शरीर के विभिन्न अंगों के बारे में विस्तृत सूक्ष्‍मतम जानकारी उस वक्‍त करा दी थी, जब युरोप अंधकार युग में था और खाड़ी के देश कबीलाई जीवन जी रहे थे।

इस महान विश्‍वविद्यालय की तरह ही एक ज्ञान का केंद्र कर्नाटक में भी स्‍थ‍ित है, जिसे उस वेद वाक्‍य को ग्रहण कर चलाया जा रहा है कि सर्वम् खल्विदं ब्रह्म अर्थात् सर्वत्र ब्रह्म ही है। एक ऐसा ज्ञान परंपरा पर स्थापित और बिना किसी सरकारी सहायता से सतत संतों द्वारा और उसी कुल परंपरा में आगे निरंतर बढ़ने वाला यह अध्ययन केंद्र है श्रीसिद्ध गंगामठ। जैसा कि नालंदा के बारे में कहा जाता है कि कई हजार पुस्तकें और कई लाख पांडुलिपियां यहां पर रखी हुई थी और उनसे निश्चित ज्ञान प्राप्त कर यहां से जो भी विद्यार्थी निकलते थे, वे अपने जीवन में पूर्णतया सफल होते थे। ऐसा ही कुछ कर्नाटक स्थित वीरशैव्‍य लिंगायत समुदाय के मठ में प्रचीनतम भाषा संस्कृत सहित सभी प्राच्‍य भाषाओं व अनेक पाश्‍चात्‍य भाषाओं के अध्‍ययन से पूर्ण विद्यालय पुस्‍तकालय तथा परिक्षेत्र में देखने को मिलता है। यहां पर इसके प्रमुख 111 वर्ष के संत डॉ शिव कुमार स्‍वामीजी हैं, जिनके बारे में कर्नाटक में आम धारणा है कि वह चलते फिरते भगवान हैं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से 70 किलोमीटर दूर तुमकुरु में जीवन के भौतिक और आध्यात्मि‍क शांति एवं कर्म बंधन से प्राप्‍त होने वाले यश की कामना से यहां जब भी आप देखेंगे भक्‍तों का तांता लगा रहता है। मठ का प्रभाव इतना अधिक है कि सभी राजनेता एवं नौकरशाह अनायास ही यहां दौड़े चले आते हैं। दूसरी ओर मठ में बिना किसी भेदभाव के सभी को एक समान मानकर गरीब और अमीर में भेद ना करते हुए विद्यार्थियों को पूरी तरह निशुल्क शिक्षा दी जाती है। वर्तमान में मठ में 10,000 से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं। ये छात्र सामान्‍य वर्ग से लेकर अनुसूचित जाति-जनजातियों के तो हैं ही, साथ में इसमें बहुत बड़ी संख्‍या अन्‍य पंथ के छात्रों की है, जिसमें मुसलमान और ईसाई विशेष रूप में शामिल हैं। विभिन्न वर्गों के तहत देखा जाए तो कुल 123 जाति, समुदाय, धर्म के विद्यार्थी यहां आज नियमित अध्‍ययन कर रहे हैं। इन सभी छात्रों में सबसे अधिक उत्तरी कर्नाटक से करीब 5,500 छात्र शिक्षा प्राप्‍त करने के लिए आए हैं, जबकि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल जैसे पड़ोसी राज्यों से भी यहां आने वाले विद्यार्थ‍ियों की एक बहुत बड़ी संख्‍या मौजूद है। डॉ शिवकुमार आज भी अपनी दिनचर्या प्रात: 4 बजे से आरंभ कर रात्रि 11 बजे तक अविरल मानव सेवा की सच्‍ची साधना में लगे रहते हैं। यही कारण है कि अब तक न जाने कितने विद्यार्थी यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकलते ही स्‍वामीजी की प्रेरणा से देशभर में केंद्रीय राज्यों की नौकरियों के साथ सामाजिक क्षेत्र में संत समाज में अलग-अलग विधाओं में आज कार्य कर रहे हैं। इतना ही नहीं, जैसे कभी नालंदा यूनिवर्सिटी में पूरी दुनिया से ज्ञान प्राप्‍ति की आशा में विद्यार्थी भारत दौड़े चले आते थे, ऐसे ही यहां भी विद्यार्थी पूरे देश से विशेष शोध-अध्‍ययन करने दौड़े चले आते हैं। मठ के संपर्क प्रमुख एवं सेवाधारी रेणुकाराद्य के मुताबिक स्‍वामीजी अपनी 111 वर्ष की आयु होने के बाद भी हर विषय पर गंभीरतापूर्वक स्‍वयं ध्‍यान देते हैं, अभी तक न जाने कितने बालक यहां से शिक्षा प्राप्‍त करके निकले हैं जो आज बहुत से उच्‍चपदों पर बैठकर देश सेवा और समाज सेवा कर रहे हैं। यहां के समृद्ध पुस्‍तकालय में शोध अध्‍ययन करने के लिए निरंतर देश के कई विश्‍वविद्यालयों से छात्र-छात्राएं आते रहते हैं। अब तक देश का कोई बड़ा ख्‍यातिलब्‍ध विश्‍वविद्यालय ऐसा नहीं बचा है जहां से कोई न कोई कभी न कभी यहां अध्‍ययन करने न आया हो। वे कहते हैं कि वीरशैव्‍य संप्रदाय के इस मठ में प्राचीन ज्ञान के भण्‍डार स्‍वरूप न केवल संस्‍कृत में पुस्‍तकें उपलब्‍ध हैं, बल्‍कि अन्‍य भारतीय भाषाओं कन्‍नड़, मलयालम, तमिल, हिन्‍दी, उर्दू, मराठी, गुजराती, असीमिया, उड़ि‍या इत्‍यादि में प्राचीन ज्ञान आधारित अनेकानेक दुर्लभ पुस्‍तकें सुलभ हैं, जिन्‍हें स्‍वामीजी के निर्देश पर संरक्षित किया गया है।

वैसे देखा जाए तो देश का कर्नाटक राज्‍य मंदिर और मठों का प्रदेश है। यहां के 30 जिलों में 600 से ज्यादा बड़े मठ हैं। इसमें अत्‍यधिक मान्‍य राज्य में लिंगायत समुदाय के 400 मठ, वोकालिगा समुदाय के 150 मठ और कुरुबा समुदाय के 80 से ज्यादा मठ हैं। इन सब के बीच वास्‍तव में ‘श्री सिद्धगंगा मठ’ की बात ही कुछ विशेष ही है। क्‍योंकि एक तरफ सभी मठ अपने जाति-संप्रदायों के हितों तक सीमित हैं, तो यहां से जुड़े लोग अपने व्‍यहारिक जीवन को श्रीजगज्योति बसवेश्वर के सिद्धान्तों और शिक्षाओं, जिसमें कि माना जाता है कि ‘कर्म ही पूजा है’, के आधार पर जीवन जीते हुए सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने में विश्‍वास रखते हैं। इस मठ की एक विशेषता यह भी है कि यह जितना प्राचीन है उतना ही अधुनातन है। जैसे कि एक ओर जहां शिवरात्रि का पावन पर्व बहुत उत्साह और हर्ष के साथ मनाया जाता है, तो दूसरी ओर कई दशकों से यहां आयोजित होने वाली कृषि और औद्योगिक प्रदर्शनियों से बहुत-से किसानों, छात्रों, उद्योगपतियों और लोगों को नवीनतम प्रौद्योगिकी के विषय में जानने और उसे सीखने में सहायता की जाती है। कर्नाटक के इस नालंदा में वेदों में ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद, अथर्ववेद, मनुसंहिता, शालिहोत्रसंहिता अन्‍य संहिताओं से लेकर वैदिक काल, उत्तर वैदिक काल, वेद का स्वरूप, वैदिक वाङ्मय का शास्त्रीय स्वरूप, वेदों का रचना काल, वेदांग और वैदिक धर्म से संबंधित हजारों नहीं लाखों पुस्‍तकें मौजूद हैं, वह भी संस्‍कृत या हिन्‍दी में नहीं बल्कि कई भारतीय भाषाओं में यह साहित्‍य यहां सहज रूप से देखा जा सकता है। यहां आप कामन्दक सूत्र, कौटिल्य के अर्थशास्त्र, चाणक्य सूत्र, नीतिवाक्यमृतसूत्र, बृहस्पतेय अर्थाधिकारकम् और शुक्रनीति का अध्‍ययन कर अपनी प्राचीन कानून परंपरा पर गौरवान्‍वित हो सकते हैं। इसके अलावा वेदों के उपवेद स्‍वरूप धनुर्वेद, गान्धर्ववेद यानि की सामवेद, आयुर्वेद का भी अध्‍ययन कर सकते हैं। मुक्ति कल्पतरू, वृद्ध शारंगधर, वैशम्पायन नीति-प्रकाशिका, समरांगण सूत्रधार, दत्तिलम, भरत नाट्यशास्त्र, मल्लिनाथ रत्नाकर, संगीत दर्पण और संगीत रत्नाकर पढ़कर युद्धनीति एवं संगीत की अपार विधा का ज्ञान बढ़ा सकते हैं। यहां आयुर्वेद के अंतर्गत अग्निग्रहसूत्रराज, अश्विनीकुमार संहिता, अष्टांगहृदय, दाल्भ्य सूत्र, इन्द्रसूत्र, चरक संहिता, देवल सूत्र, धन्वन्तरिसूत्र, जाबालिसूत्र, ब्रह्मन संहिता, भेल संहिता, मानसूत्र, शब्द कौतूहल, सुश्रुत संहिता, सूपसूत्र और सौवारिसूत्र का ज्ञान सहज ही प्राप्‍त होता है। इसके अतिरिक्‍त गृह्यसूत्र, रीति-रिवाजों एवं प्रथाओं के संदर्भ में और धर्मसूत्र शासकों के लिए, श्रौतसूत्र यज्ञ जानने एवं करने के लिए भी उपलब्‍ध हैं। उच्‍च ज्ञान के धरातल पर सामवेद अंतर्गत गौतमी शिक्षा, ऋग्वेद की नारदीय शिक्षा एवं पाणिनीय शिक्षा, कृष्ण यजुर्वेद की बाह्य शिक्षा, शुक्ल यजुर्वेद की याज्ञवल्क्य शिक्षा व लोमशीय शिक्षा के साथ ही अथर्ववेद की माण्ड्की शिक्षा का भी सहज ज्ञान वीरशैव्‍य परंपरा के इस मठ में सुलभ है। मठ के संस्‍कृत व्याकरणाचार्य एवं प्राचार्य जीसी राजशेखर कहते हैं कि भारतीय प्राचीन शिक्षा परंपरा से जुड़ा हुआ अधिकतम ज्ञान का जो भी मार्ग है, उससे सं‍बंधित साहित्‍य सृजित कर यहां रखने का प्रयत्‍न हमारे स्‍वामीजी महाराज द्वारा किया गया है। इसीलिए ही जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी इस मठ में आए तो अपनी भावांजलि देने से वे अपने को रोक न सके। उन्‍होंने इस मठ और स्‍वामीजी के बारे में तब कहा जोकि अक्षश: सत्‍य भी है कि सिद्धगंगा में अनेक गंगाएं प्रवाहित होती हुई दिखाई देती हैं। यह कर्म की गंगा है, ज्ञान की गंगा है, विचार की गंगा है, करुणा की गंगा भी है। कई शताब्‍दियों से यहां ज्ञान का अहोरात यज्ञ चल रहा है। एक आध्‍यात्‍म‍िक शक्‍ति स्‍वामीजी रूप में सारे वातावरण को प्रभावित कर रही है। यह केवल शरीर मात्र का खेल नहीं है। इसके मूल में नैतिक प्रेरणा है। जब वर्षों पहले सर्वसाधारण के लिए, दीनों के लिए, दलितों के लिए, कथित पि‍छड़े लोगों के लिए संस्‍कृत भाषा का पठन-पाठन वर्जित था; ऐसे में यहां पर संस्‍कृत भाषा और वेद का पठन-पाठन सर्व सुलभ करके एक सामाजिक क्रांति की गई है। एक नए भारत के निर्माण की रचना की गई।

प्राचार्य राजशेखर आगे कहते हैं कि अटलजी ने इस मठ और स्‍वामीजी के बारे में जो कहा है वह पूरी तरह आज भी यहां अक्षरश: पालन करते हुए सहज देखा जा सकता है। उन्‍होंने बताया कि आज से 77 वर्ष पूर्व 1941 में स्‍थापित यहां के पुस्‍तकालय में व्‍याकरण ग्रंथों के स्‍तर पर कल्प व्याकरण, प्रकृति व्याकरण, कामधेनु व्याकरण, पाणिनि व्याकरण, प्रकृति प्रकाश, हेमचन्द्र व्याकरण, शाक्टायन व्याकरण, सारस्वत व्याकरण, मुग्धबोध व्याकरण मौजूद हैं।

वास्‍तव में यहां सब कुछ साक्षात अपनी आंखों से देखने और समझने के बाद यही कहना होगा कि यदि देशभर में डॉ. शिवकुमार स्वामी जैसे 100 महंत ही जन्‍म ले लें तो भारत का आधुनिक दृष्‍य कुछ और ही होगा। वह भारत प्राचीन वैभवपूर्व नालंदा के वक्‍त का भारत होगा। वह भारत विश्‍व का सिरमौर भारत होगा।वह भारत वर्तमान में विश्‍व गुरू भारत होगा। शिवकुमार स्वामी ने इस मठ के प्रमुख बनने के बाद अपनी चली आ रही परम्‍परा का अनुसरण करते हुए अधुनातन का भी जैसा यहां समावेशी विकास किया है, उसके लिए जितना श्रेयस्‍कर बोला और लिखा जाए शायद आज वह कम ही होगा।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.