भारतीय सेनाध्यक्ष बिपिन रावत ने कश्मीर के पत्थरबाजों को अब कायदे से समझा दिया है। उन्हें बता दिया गया है कि उनकी तथाकथित ‘आजादी’ का खवाब कभी पूरा होने वाला नहीं है। मैं स्पष्ट कर दूं कि उनकी यह आजादी नामुमकिन है। यह कभी नहीं होगा। इसलिए वे व्यर्थ की भावनाओं में न खुद बहें। न दूसरों को बहकाएं I” जनरल रावत का यह कठोर बयान विगत दिनों कश्मीर के बड़गाम ज़िले में पत्थरबाज़ी की घटना में एक पर्यटक की मौत के बाद आया है। यह हादसा श्रीनगर से क़रीब 15 किलोमीटर दूर नरबल इलाक़े में हुआ। गुलमर्ग जा रहे एक वाहन पर अचानक कुछ लोगों ने पत्थर बरसाए थे। सभी घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां उनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक पर्यटक की पहचान 23 वर्षीय थिरुमणि के रूप में की गई है। तमिलनाडु के थिरुमणि एक ग्रुप के साथ गुलमर्ग जा रहे थे।
बेशक, देश उनकी इस ‘आजादी’ के सपने को कभी पूरा नहीं होने देगा। जो आजादी की मांग करेंगे उनसे सेना लड़ेगी और ध्वस्त कर देगी। देश को खंड-खंड करने के संबंध में सोचने वालों को देश कभी क्षमा नहीं करेगा। यानी उनके लिए सफल होने का कोई अवसर ही नहीं बचा है। उनकी पराजय और मौत तो तय ही है। भारतीय सेना की शक्ति से चीन तक पानी मांगता फिर रहा है। इस लिए कश्मीर घाटी में पत्थरबाजी करने वाले कभी कामयाब नहीं होंगे। सेना के साथ तो सारा देश ही एकजुट खड़ा है। दरअसल तमिलनाडू के पर्यटक के मारे जाने के बाद बहुत से सवाल खड़े हो रहे हैं। पहले कहा जाता था कि कश्मीर घाटी में पर्यटकों को कभी कोई कुछ नहीं कहता। कश्मीरी जनता अपने पर्यटकों का तहेदिल से स्वागत करती है। कश्मीरी संस्कृति में मेहमानों को खास दर्जा प्राप्त है। पर थिरुमणि की मौत ने उपरोक्त सभी दावों की कलई खोल कर रख दी है। हालांकि, वहां के समाज की पोल तो हर साल अमरनाथ यात्रा के दौरान खुलती ही है। अमरनाथ यात्रियों पर हमले इस बात की चीख-चीख कर गवाही देते हैं कि कश्मीरी समाज का अपने अतिथियों को लेकर प्रेम का भाव मात्र दिखावा ही है। वहां थिरुमणि और उनके साथ बस में सफर कर रहे तमिल पर्यटकों पर पथराव के बाद ये कहने में संकोच नहीं होना चाहिए कश्मीर घाटी में पत्थरबाजी करने वाले देश के शत्रु अब अपनी कब्र खुद खोद ही रहे हैं। कश्मीर की साऱी अर्थव्यवस्था का आधार टुरिज्म क्षेत्र ही है। लगता है कि यह कटु सत्य कश्मीरी भूल गए हैं। वे उन्ही पर्यटकों को मार रहे हैं, जिनके आने से उनके खुद के घरों के चूल्हे जलते हैं। पत्थरबाज मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। कोई विक्षिप्त इंसान ही उस इंसान पर जानलेवा हमला करेगा जो उसे रोटी दे रहा है। शायद कोई पागल भी यह ना करे। पर कश्मीर में पागल हो गए पत्थरबाज तो यही कर रहे हैं।
क्यों हुए बेखौफ पत्थरबाज
दरअसल पत्थरबाज बेखौफ हैं। उनको लेकर बीती सरकारों का रुख बड़ा ही नरम रहा है। अब पत्थरबाजों के सऱगना मसरत आलम की कहानी सुन लीजिए। उसे जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने रिहा करके एक बड़े विवाद को जन्म दे दिया था। मसरत पर सन 2008 से सन 2010 के बीच पत्थरबाजो का नेतृत्व करने के पुख्ता सबूत थे। उसे सन 2010 में श्रीनगर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया था। यह तो सबको पता ही है कि कश्मीर घाटी में पत्थरबाजों ने अनेकों सुरक्षा बलों के जवानों सहित दर्जनों निरपराध लोगों को हमेशा-हमेशा के लिए सुला दिया है। करीब 4 साल से जेल में बंद हुर्रियत के अलगाववादी नेता मसरत आलम को रिहा करने पर देश में खासा आक्रोश पैदा हो गया था, जो अपनी जगह स्वाभाविक भी था। इतने जघन्य मामलों के आरोपी मसरत पर पुलिस ने कोई केस तक दर्ज नहीं किया था। वह बिना किसी आपराधिक मुकदमे के, आरोप के, केवल पब्लिक सेफ्टी एक्ट के तहत जेल में था। अगर किसी पर कोई मुकदमा है ही नहीं तो फिर आप उसे जेल में कैसे रख सकते हैं? उस पर मुकदमा दर्ज तो होना ही चाहिए था। दरअसल कश्मीर घाटी में जब से हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की सुरक्षाबलों के हाथों मौत हुई है, वहां तब से बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन होने लगे हैं। पत्थरबाजी में सुरक्षाबलों के सैकड़ों जवान भी जख्मी हो चुके हैं। सुरक्षाबलों के अनेक ठिकाने भी जला दिए गए। आतंकी दर्जनों सुरक्षा बलों को लगातार मार भी रहे हैं।
किसके मानवाधिकार ?
अब एक बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या सुरक्षाबलों के कोई मानवाधिकार नहीं हैं? क्या ये भारतीय नहीं हैं? क्या इनके परिवार नहीं होते? इन्हें प्यार करने वाले सगे संबंधी होते? उपद्रवग्रस्त कश्मीर में जवानों को ड्यूटी करते समय अपनी जानें गंवानी पड़ी। कई बार यहाँ तक देखने में आया है कि भरे बाजार से कोई औरत ड्यूटी पर तैनात जवान पर गर्म तेल फेंक कर चली गई या उसे गोली मार गई। कश्मीर में यह सब तो लगातार हो ही रहा है। पुलिस आरोपी को तलाशती है तो कोई सुराग नहीं देता। क्यों ? जवान भी मनुष्य हैं और उन्हें भी सम्मान के साथ जीने का अधिकार है। अपने घरों से दूर विपरीत हालातों में लंबी ड्यूटी करने वाले जवानों के भी तो मानवाधिकार होते हैं ? उपद्रवी सुरक्षा बलों के कैम्पों पर हमले कर रहे हैं। वे ग्रेनेड फेंक रहे हैं। ड्यूटी से लौटते जवानों पर पत्थर बरसा रहे हैं। हमारे जवानों के सिर फूट रहे हैं, आंखें फूटी हैं, फ्रैक्चर हुए हैं। स्थिति तो वास्तव में खराब तो हैं ही।
तो कैसे स्थिति सुधरे कैसे? अब कश्मीर की जनता को भी राज्य में हालात सामान्य बनाने के लिए सरकार और सेना का साथ देना होगा। क्योंकि, देश विरोधी तत्वों की हरकतों के कारण सामान्य कश्मीरी जनता स्वयं त्राहि-त्राहि कर रही है। राज्य में पर्यटन उद्योग बुरी तरह तबाह हो चुका है। कुटीर उद्योग और हस्तशिल्प के मशहूर काम-धंधे समाप्त हो रहे हैं। इससे आम कश्मीरी तो बर्बाद हो चुका है। लेकिन, उन्हें अब इन देश विरोधी ताकतों से दुबक करते रहने की बजाय सामने आकर खुलकर विरोध ही होगा। इसी में उनकी भलाई है और इसी में उनका सुरक्षित और उज्जवल भविष्य भी है। कश्मीर में पाक प्रायोजित आतंकवाद ने तो तीन पीढियां बर्बाद कर ही दीं। आखिर, और कितनी पीढ़ियों का भविष्य कुर्बान होगा। कश्मीरी अवाम को इन खून के प्यासों से दूर होना ही होगा। अगर इनकी कुछ शिकायतें हैं या इनके साथ किसी स्तर पर अन्याय हुआ है, तो उन मुद्दों पर बात हो सकती है। वे भी हमारे इस महँ लोकतंत्र के नागरिक ही तो हैंI

