भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है, यह बात कई सर्वेक्षणों में कही जा चुकी है। यह पहले ही स्पष्ट हो चुका है कि देश की सकल पूंजी लगातार बढ़ रही है। अभी अफ्र-एशिया बैंक ग्लोबल वेल्थ माइग्रेशन की ताजा समीक्षा में बताया गया है कि भारत 8,230 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दुनिया का छठा सबसे अमीर देश बन गया है। यह बात इसलिए उत्साहजनक है, क्योंकि अफ्-एशिया बैंक ग्लोबल वेल्थ माइग्रेशन ने यह समीक्षा देश में प्रति व्यक्ति की कुल निजी संपत्ति को आधार बनाकर की है। इस आधार में प्रति व्यक्ति की चल-अचल संपत्ति, नकद, इक्विटी, व्यवसाय से होने वाली आमदनी को जोड़ा गया है तथा उस व्यक्ति की देनदारी को कुल संपत्ति से निकाल दिया गया है। यानी एक व्यक्ति की सकल पूंजीधारिता को आधार बनाकर यह रिपोर्ट तैयार की गई है। इसमें कोई शक नहीं है कि इस मामले में भी अमेरिका सबसे आगे है और 62,584 अरब डॉलर के स्तर पर उसने दुनिया के बाकी सभी देशों को काफी पीछे छोड़ रखा है, जबकि दूसरे स्थान पर चीन का नंबर आता है जिसकी संपत्ति 24,803 अरब डॉलर, वहीं जापान 19,522 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर बना हुआ है। भारत के आगे इस सूची में ब्रिटेन और जर्मनी का नंबर है। ब्रिटेन की कुल संपत्ति 9,919 अरब डॉलर आंकी गई है, जबकि जर्मनी की संपत्ति 9,600 अरब डॉलर आंकी गई है। इस रिपोर्ट में कहा कहां गया है कि 2027 तक भारत निजी संपत्ति के मामले में ब्रिटेन और जर्मनी को पीछे छोड़कर इस सूची में चौथे स्थान पर आ जाएगा।
अफ्र-एशिया बैंक की इस रिपोर्ट में दुनिया के 10 सबसे धनी देशों का नाम दिया गया है। जिसमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस और इटली के नाम भी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष पहले ही इस बात का आकलन कर चुका है कि सकल पूंजीधारिता (नेटवर्थ) के मामले में पूरे विश्व में अभी भारत से अधिक पूंजी सिर्फ अमेरिका और चीन के पास ही है। लेकिन निजी पूंजी के मामले में भी भारत का दुनिया के सभी देशों के बीच छठे स्थान पर आना यह स्पष्ट करता है कि भारत में प्रति व्यक्ति निजी आय में भी तेज बढ़ोतरी हुई है। जिसके परिणामस्वरुप लोगों को अपनी चल-अचल संपत्ति खरीदने और नकदी का भंडारण करने में काफी सफलता मिली है। यह ठीक है कि भारत में अभी भी हर स्तर पर और हर कोने में गरीबी दिखाई देती है, लेकिन इसके साथ ही यह भी एक तथ्य है कि देश में निम्न आयवर्ग से मध्य आयवर्ग के दायरे में पहुंचने वालों की संख्या में पिछले 10 वर्षों में काफी तेजी से इजाफा हुआ है। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत में संपत्ति जुटाने के कारणों में उद्यमियों की संख्या में बढ़ोतरी होना, शिक्षा प्रणाली का बेहतर होना, सूचना प्रौद्योगिकी का विस्तार होना, कारोबारी प्रक्रिया का सरल होना तथा हेल्थकेयर के क्षेत्र में लगातार काम होना है। पिछले 10 साल के दौरान इन क्षेत्रों में लगे लोगों की संपत्ति में 200 गुना की तेजी देखी गई है। निश्चित रूप से इससे देश में जहां मध्य आयवर्ग के लोगों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है, वहीं निम्न आयवर्ग के लोगों के जीवन स्तर में सुधार की प्रक्रिया भी देखी गई है। रिपोर्ट बताती है कि पिछले 10 सालों के दौरान लगभग 23 फ़ीसदी जनसंख्या निम्न आयवर्ग से मध्य आयवर्ग की ओर अग्रसारित हुई है। अग्रसारित होने का ये अर्थ कतई नहीं है कि इतनी आबादी निम्न आयवर्ग से मध्य आयवर्ग में पहुंच गयी है। इससे सिर्फ इस बात का संकेत मिलता है कि देश की 23 फीसदी गरीब आबादी में शिक्षा या रोजगार के जरिये आय बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है और अगर ये प्रक्रिया बाधित नहीं हुई तो ये आबादी जल्द ही बीपीएल कटगरी से बाहर आ जायेगी। रिपोर्ट में आने वाले 10 वर्षों के बारे में जो अनुमान लगाया गया है, उसके अनुसार चीन में संपत्ति प्रति व्यक्ति संपत्ति में भारी इजाफा होगा और वह 69,449 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ अमेरिका के काफी करीब पहुंच जाएगा। वहीं अमेरिका भी इस अवधि में प्रति व्यक्ति संपत्ति के मामले में 75,101 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच जाएगा।
जबकि भारत प्रति व्यक्ति संपत्ति के मामले में मामले में जर्मनी और इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए चौथे स्थान पर पहुंच सकेगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने आने वाले 10 सालों में पूरे विश्व की निजी संपत्ति में लगभग 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। इससे इस बात का भी संकेत मिलता है कि अर्थव्यवस्था के मोर्च पर दुनिया के देश काफी तेजी से प्रगति करेंगे। इस रिपोर्ट में एक चिंता वाली बात भी कही गयी है। ये बात मध्य एशिया में अशांति बढ़ने की आशंका की है। रिपोर्ट कहा गया है कि आने वाले सालों में मध्य एशिया में संघर्ष तेज हो सकता है तथा कुछ देशों के में पुनः गृहयुद्ध जैसे हालात बन सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो यह पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदेह होगा, क्योंकि इससे प्रति व्यक्ति पूंजी पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा। यह रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र जैसी संस्थाओं तथा वैश्विक महाशक्तियों के लिए एक चेतावनी भी है, क्योंकि अगर वैश्विक संस्थाओं ने युद्ध या गृहयुद्ध जैसी स्थिति से निपटने की तैयारी नहीं की तो इसका असर पूरी दुनिया को झेलना पड़ सकता है। खुशी की बात यही है कि पिछले लगभग बीस सालों की राजनीतिक स्थिरता ने भारत की आर्थिक स्थिति को गति प्रदान की है और इसके और भी तेज होने की उम्मीद बनी हुई है। यदि राजनीतिक स्थिरता बनी रहे और नीतिगत बातों का कड़ाई से अनुपालन होता रहे, तो कोई शक नहीं कि आने वाले दस सालों में देश दुनिया की एक बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने में सफल हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/योगिता पाठक

