अब बैंकों की दुनिया से घोटालों, उनके ऊपर बढ़ते कर्ज, शिखर अधिकारियों की गिरफ्तारी या निलंबन संबंधी खबरें अब अक्सर सुनने को मिलने लगी हैं। पिछले सत्तर साल के कांग्रेसी शासन में शायद ही ऐसी ख़बरें मिलती थीं। परन्तु, मोदी सरकार के दौरान पहली बार बैंकिंग क्षेत्रों में लंबे समय से व्याप्त अराजकता और अव्यवस्था को रोकने की जब सार्थक पहल हुई तो इनमें व्याप्त घोटालों का पर्दाफाश भी तेजी से होने लगा। अब तो यह स्थिति हो गई है कि शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो जब आपको बैंकों में होने वाली गड़बड़ियों के संबंध में खबर न मिलती हो।
पिछले दिनों एक खबर आई कि पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के जान-बूझकर का कर्ज न चुकाने वाले (विलफुल डिफॉल्टर) बड़े कर्जदारों पर बकाया विगत मई के महीने के अंत तक बढ़कर 15,490 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसमें मात्र वे कर्जदार ही शामिल हैं, जिन पर बैंक का बकाया 25 लाख रुपये या उससे अधिक का है। 25 लाख से नीचे वाले तो और भी अधिक हो सकतें हैं। गौर करें कि पीएनबी के उन विलफुल डिफॉल्टरों में ज़्यादातर वैसे ही लोग शामिल हैं, जो क्षमता होने के बावजूद अपना कर्ज नहीं चुका रहे हैं। यानी कि ये जनता के पैसे के लुटेरे क़िस्म के लोग बैंकिंग सिस्टम में व्याप्त कमियों का ही अपने हक में लाभ उठा रहे हैं। इतनी सख्ती के बाद भी ये अब भी बाज नहीं आ रहे। अब आप समझ सकते हैं कि हमारे यहां बैंकिंग क्षेत्र की साख किस हदतक धूल में मिल चुकी है। कहा तो यह जाने लगा है कि पीएनबी से लोन लेकर उसे वापस न करने की छूट है। बैंकिंग सिस्टम तो साख पर ही चलती हैl साख ही नहीं रहा तो फिर बच क्या गया ?
और एक नया घोटाला
और पीएनबी में हो रहे घोटाले की खबर छपने के अगले दिन ही एक समाचार आया कि आईसीआईसीआई बैंक के वीडियोकॉन लोन मामले में जब तक आंतरिक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निदेशक मंडल ने अपने एमडी और सीईओ चंदा कोचर को छुट्टी पर भेज दिया है। कोचर और उनके परिवार के सदस्यों पर वीडियोकॉन को लोन देने और निजी हितों के लिए व्यावसायिक हितों से समझौता करने का मामला है। एक व्हिसलब्लोअर जागरूक नागरिक की शिकायत के बाद बैंक के निदेशक मंडल ने अपनी ख्याति प्राप्त एम0 डी0 चंदा कोचर के खिलाफ जांच शुरू की थी। दरअसल बैंकों में उल्टे-सीधे लोन दिलवाने का काला धंधा तो पहले से ही चलता रहा है। लोन दिलवाने के नाम पर बड़ी संख्या में बैंक कर्मी अपनी कमीशन तो लेते रहे हैं।
चूंकि पहले कोई इस तरह की जवाबदेही नहीं होती थी, इसीलिए चौतरफा लूट जारी थी। पीएनबी की तरह से आईसीआईसीआई और अन्य बैंकोंमें लोन की लूट से चौतरफा खलबली मच गई थी। ये फंसा हुआ कर्ज़ बैंकिंग की दुनिया की भाषा में “नॉन-पर्फामिंग असेट्स” (एनपीए) कहलाता है। दरअसल बैंकों से लोन लेकर उसे न वापस करने वालों के बहुत लंबे हाथ और पहुंच रही हैं। ये रसूखदार दलाल बैंकों के शिखर अफसरों को लोन की कुछ फीसद राशि घूस में देने का वादा करते और निभाते भी रहे हैं। इन्हें सभ्य भाषा में “कंसलटेंट” (सलाहकार) भी कहा जाता है। नतीजतन बैंक अफसर उनके लोन उत्साहपूर्वक क्लीयर करते रहे हैं।कुल मिले लोन पर उन्हेंमोटी घूस जो मिलती है। ऐसा बतातें हैं कि50 करोड़ रुपये के लोन पर 25 से 50 लाख रुपये तक की घूस मिलती रही है। और, यह घूस अब समझ लें कि सैंकड़ों-हजारों करोड़ के ऋण वितरण में क्या खेल होता होगा? यह “सुविधा शुल्क” आला अफसरों में पदों के वजन के हिसाब से बंटती है। इस “पंजरी” को खाकर सब गदगद रहते थे। अब इस सुनियोजित लूट पर मोदी सरकार ने करारी चोट लगाई है। लेकिन, अभी भी यह सिलसिला पूरी तरह से खत्म तो नहीं ही हुआ है। कुछ ढीठ किस्म के शातिर चोर अभी भी काले धंधे में लगे ही हुए हैं। पर पहले वाली स्थिति भी नहीं रही है।
हालांकि मर्ज बहुत पुराना है, इसलिए उसे दूर करने में कुछ वक्त तो लगेगा ही। सत्तर साल का जकड़ा रोग कुछ साल तो लेगा ही। जहां तक चंदा कोचर की बात है तो उन पर तमाम किस्म के आरोप लगने के चलते मेरा मन भी वास्तव में बेहद खिन्न है। उन्हें देश के बैकिंग क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं का रोल मॉडल माना जाता रहा है। एक बार राजधानी में आयोजित एक परिचर्चा के दौरानउन्होंने कहा था-‘हम (महिलाएं) विशेषाधिकार की मांग नहीं करतीं, इसके बजाय हमें योग्यता के आधार पर नौकरी मिले।‘उनकी इस राय को सुनकर कोई भी उनके प्रति सम्मान का भाव रखने लगेगा। लेकिन, उनके भ्रष्ट आचरण से देश की करोड़ों महिलाओं का कैरियर को अपनाने वाली नवनियुक्तियों को भारी हताशा हुई हैं। चंदा कोचर,अंरुधति भट्टाचार्य, शिखा शर्मा,नैनालाल, विजयालक्ष्मी अय्यर वगैरह सरकारी या निजी बैंकों के शिखर पर पहुंचने के चलते सारे देश मेंसम्मान पाती रही हैं। पर चंदा कोचर की इज्जत अब तो तार-तार हो चुकी है।
कोचर से पहले भी
चंदा कोचर से पहले भी सीबीआई ने यूनाइटेड बैंकआफ इंडिया (यूबीआई) की पूर्व चेयरमेन और मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) अर्चना भार्गव के खिलाफ करप्शन का केस दर्ज किया था। सीबीआई ने उनके ठिकानों में छापों के दौरान कैश, आभूषण और 10 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के ब्यौरे बरामद किए जो कथित तौर पर भार्गव और उनके परिवार के सदस्यों के नाम हैं। इससे पहले सीबीआई ने 2014 में सिंडिकेट बैंक के सीएमडी एस.के. जैनको 50 लाख रुपये की घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्होंने एक कंपनी को मोटा लोन दिलवाया था। जिसके एवज में नजराना ले रहे थे। उनके बाद सरकार ने बैंक आफ महाराष्ट्र के चेयरमेन सुशील मनहोट को भी उनके पद का दुरुपयोग करने के आरोप में हटा दिया था।
इन तमाम उदाहरणों से समझा जासकता है किहमारा बैंकिंग क्षेत्र किस हद तक चरमराने लगा है। अगर बात फिर से पीएनबी की करें तो इसका भारत के बैंकिग क्षेत्र में एक खास दबदबा रहा है। यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी वाणिज्यिक बैंक है और भारत के लगभग 700 शहरों में इसकी करीबपौने पांच हजार शाखायें हैं। अविभाजित भारत के लाहौर शहर में 1895 में स्थापित पीएनबी को ऐसा पहला भारतीय बैंक होने का गौरव प्राप्त है जो पूर्णत: भारतीय पूँजी से प्रारम्भ किया गया था। इसकी अनेक शाखाएं अभी देश से बाहर भी हैं। इतने अहम बैंक की आज दुर्दशा इसके चंद्र भ्रष्ट अफसरों की वजह से सबके सामने है।
इस बीच, एक अच्छी बात यह हुई है कि मोदी सरकार अब बैंकों में फैली गड़बड़ियों को साफ करने में लग गई है। इस क्रम में बैंकिंग क्षेत्र की कई बड़ी मछलियां धीरे-धीरे सी. बी. आई. जाल में फंस रही हैं।वर्तमान समय में सरकारी क्षेत्र के बैंकों के हर माह करीब 90 मुलाजिमों को नौकरी से बर्खास्त किया जा रहा है। इन पर भ्रष्टाचार में फंसे होने के पुख्ता साक्ष्य हैं। ये अपने काम के बजाय नाजायज नोट कमाने का काला धंधा करते रहे हैं। इनका जमीर मर गया था। ये देश को धोखा दे रहे थे। इनके संबंध में यह जानकारी सेंट्रल विजिलेंस कमीशन ने दी है। दरअसल अब धंधेबाज बैंक कर्मियों के चांदी काटने केदिन खत्म हो गए लगते हैं। अब तो एक के बाद एक, कई बैंकों के शिखर भ्रष्ट अफसर फंस रहे हैं। ऊपर से नीचे तक भ्रष्ट कर्मी बैठे हैं लगभग सभी बैंकों में। लेकिन मान कर चलिएअब बैंकिंग क्षेत्र का कायाकल्प तो होकर ही रहेगा। कोई भी सरकार इस क्षेत्र में फैली गड़बड़ियों को निर्विकार भाव से नहीं देख सकती। मोदी सरकार तो हरगिज नहीं।

