रेल यात्रा अब निरापद नहीं रही। इस पर आतंकवादियों की शनिदृष्टि पड़ गई है। सीधे तौर पर आतंकी हमले के अपने खतरे हैं, जिस तरह भारत में घुसने वाले या घुस चुके आतंकवादी अभियान चलाकर मारे जा रहे हैं, उसने आतंकवादी संगठनों की पेशानियों पर बल ला दिए हैं। वे पूरी तरह घबराए हुए हैं। उनके सामने दो ही विकल्प हैं या तो वे अपनी रणनीति को फिलहाल स्थगित कर दें या हमले का कोई नया मोर्चा खोलें। आतंकियों का प्रवेशद्वार समझे जाने वाले कश्मीर में सेना और पुलिस की चौकस तैयारियों के बीच भारत में घुसपैठ और आतंकी हमले अब बेहद कठिन है।
लंबे समय तक आतंकवादी अगर निष्क्रिय रहते हैं तो इससे उनकी साख पर खतरा बढ़ेगा। स्लीपर सेल के बीच अविश्वास की स्थिति बनेगी और यह आतंकी संगठनों की अब तक की सबसे बड़ी रणनीतिक और मनोवैज्ञानिक हार होगी। कश्मीर में आतंकियों को मार कर वहीं गाड़ देने की जो रणनीति केंद्र सरकार ने बनाई है, उससे आतंकियों और उनके समर्थकों का जनसहानुभूति पाने तथा इसी बहाने केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का मंसूबा भी ध्वस्त हो रहा है। यही वजह है कि आतंकवादी अपने परिचित गुर्गों और स्लीपर सेल के जरिए बेहद घातक रणनीति को अंजाम देने में जुटे हैं। वह सीधे आतंकवादी हमला करने के बजाय शार्टकट तरीका अख्तियार कर रहे हैं। वे रेल पटरियों से छेड़छाड़ कर यात्री ट्रेनों को पलटने की योजना पर काम कर रहे हैं। खुफिया सूत्रों ने इस तरह की जानकारी रेलवे को दी है।
दिल्ली रेलवे मुख्यालय ने पत्र लिखकर सभी रेलवे स्टेशनों को अलर्ट जारी किया है। उन्हें हर क्षण सतर्क रहने को कहा है। दिल्ली रेलवे मुख्यालय ने अपने पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि आतंकी संगठन अलकायदा बड़ी रेल दुर्घटना की साजिश रच रहा है। आतंकी ट्रेनों को बेपटरी कर सकते हैं। इसके लिए अलकायदा अपने कारिंदों को प्रशिक्षण भी दे रहा है। दिल्ली रेल मुख्यालय की ओर से गाजियाबाद, तुगलकाबाद, पानीपत, दिल्ली, निजामुद्दीन, पलवल, आनंद विहार, मेरठ और नई दिल्ली के स्टेशनों को अलर्ट जारी किया गया है। अलकायदा रेलगाड़ियों को निशाना बनाने की धमकी पहले भी दे चुका है। रमजान में भी आतंकियों ने मुंबई की लाइफ लाइन समझी जाने वाली लोकल ट्रेन में धमाके की धमकी दी थी। उत्तर प्रदेश में पिछले साल और इस साल कई बड़े रेल हादसे हुए, जिन्हें आतंकी गतिविधियां माना गया। पटरियां उखाड़ देना या उसकी फिश प्लेट खोल देना आसान है। इससे आतंकवादियों के पुलिस के हत्थे चढ़ने की संभावना भी कम रहती है।
आतंकी हमले में उतनी मौत नहीं होती, जितनी एक रेल हादसे में होती है। इस लिहाज से अलकायदा की धमकी को गंभीरता से लेने की जरूरत है। एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच रेल लाइन काफी लंबी होती है। रेल पटरियों की सुरक्षा निरंतर तो नहीं की जा सकती। रात में आतंकी सुनसान क्षेत्र में रेल पटरियों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। रेलवे स्टेशनों के नजदीक रेल पटरियों के पास आबाद झुग्गी-झोपड़ियों में कौन-कौन रहता है, इसका ज्ञान तक पुलिस और खुफिया एजेंसियों को नहीं है। इन झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले सभी गरीब ही नहीं, खुराफाती भी हैं। नक्सलियों की एक बड़ी जमात भी रेल पटरियों पर अवैध रूप से आबाद बस्तियों में रह रही है। इस जमात में कुछ बड़े आतंकी संगठन के कार्यकर्ता भी रहते हैं। गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस पर तेल छिड़ककर आग लगाने और कई यात्रियों को जिंदा जलाने की साजिश कहीं भी हो सकती है। इसलिए सबसे पहले रेल पटरियों के पास बसी इन झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने की मुहिम शुरू करनी होगी। आतंकवादी आते तो पाकिस्तान से हैं, लेकिन उन्हें शरण देने वाले यहीं के लोग होते हैं। ऐसे लोगों को भी चिह्नित किए जाने की जरूरत है। कौन आतंकी है और कौन नहीं, यह किसी के मस्तक पर लिखा नहीं होता लेकिन सतर्क रहकर आतंकी गतिविधियों को कम तो किया ही जा सकता है। रेलवे को खतरा अलकायदा, हिजबुल मुजाहिदीन और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों से ज्यादा उन्हें संरक्षण देने वाले भारतीय संपोलों से है। इसी तरह नक्सली आए दिन रेल पटरियों और पुलों को उड़ाते रहते हैं।
खुफिया एजेंसियां पहले भी कई बार चेता चुकी हैं कि नक्सली विदेशी आतंकियों द्वारा प्रशिक्षित हो रहे हैं। उनके नक्शे कदम पर चलते हुए वे जनहानि और राष्ट्रीय संपत्ति के नुकसान का दायरा बड़ा करना चाहते हैं। वर्ष 2014 में कुंदर हाल्ट पर दिनदहाड़े नक्सलियों ने इंटरसिटी एक्सप्रेस में लूटपाट की थी। तुलसीटांड एवं लहावन तो अपराधियों के लिए सेफ जोन बन चुका है। अपराधियों ने यहां अब तक कई एक्सप्रेस ट्रेनों को निशाना बनाया है। वर्ष 2005 में अपराधियों ने दादपुर हाल्ट केबिन मास्टर केशो यादव की नृशंस हत्या कर दी थी। आतंकवादी बाहरी हों या देश के, उन्हें रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था से छेड़छाड़ और निर्दोष यात्रियों के जान-माल के नुकसान की इजाजत नहीं दी जा सकती। केंद्र और राज्य सरकारों को, रेलवे पुलिस और राज्य पुलिस को इस बाबत सतर्क रहना होगा। रेल यात्रियों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी निभानी होगी। आतंकियों के मिशन को विफल करने में ही इस देश की भलाई है।

