बीजेपी के खिलाफ विपक्ष एक होने की कोशिश कर रहा है। 70 के दशक में समूचा विपक्ष एक तरफ था और कांग्रेस दूसरी ओर। लंबे समय बाद इतिहास ने अपने को दोहराया है, लेकिन बदले परिदृश्य में। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के शपथग्रहण समारोह में बेंगलुरु में सभी विपक्षी दलों की उपस्थिति विस्मयकारी है। बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्ष की दुरभिसंधियों का खेल बेहद तेज हो गया है। विपक्ष ने तया है कि हर घटना के लिए सीधे तौर पर नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया जाए। तमिलनाडु के वेदांता समूह के काॅपर प्लांट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों की मौत को राहुल गांधी ने सरकारी आतंकवाद की संज्ञा दी है। यह तो नमूना भर है। मोदी सरकार को कदम-कदम पर घेरने के उपक्रम हो रहे हैं। कर्नाटक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मायावती, अखिलेश, हेमंत सोरेन और ममता बनर्जी की मौजूदगी से इतना तो तय हो गया है कि वर्ष 2019 का लोकसभा बीजेपी बनाम गैर बीजेपी दल ही होगा। बीएस येदियुरप्पा भले ही कुमारस्वामी सरकार की आयु ज्यादा न बता रहे हों लेकिन इससे विपक्ष का उत्साह तो बढ़ा ही है। बीजेपी को कुछ इस तरह की रणनीति बनानी होगी जिससे कि यह उत्साह ठंडा हो।
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर और फूलपुर संसदीय उपचुनाव जीतने के बाद समाजवादी पार्टी और बीएसपी की दोस्ती और अधिक प्रगाढ़ हुई है और अब तो वह सम्यक गठबंधन का रूप लेने जा रही है। बीजेपी को घेरने के लिए अखिलेश और मायावती ने बेंगलुरु में जिस तरह की आत्मीयता और एकजुटता प्रदर्शित की है, उससे दोनों ही दलों का मनोबल बढ़ना तय है। इस एकजुटता से उत्तर प्रदेश की कैराना संसदीय क्षेत्र और नूरपुर विधानसभा का उपचुनाव रोमांचक हो गया है। कर्नाटक में एचडी कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री पद पर शपथग्रहण के बाद बीजेपी विरोधी दलों की एकजुटता को पंख लग गए हैं, इसे बहुत हल्के में नहीं लिया जा सकता। मायावती और अखिलेश मंच पर मौजूदगी का राजनीतिक संदेश पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक जाना और उसका प्रभाव वहां पड़ना स्वाभाविक है। सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के दो राजनीतिक दुश्मनी रखने वाले मुस्लिम परिवारों की मित्रता भी परम विस्मयकारी है। समाजवादी पार्टी इसे अपनी शुरुआती रणनीतिक जीत के तौर पर देख रही है। काजी इमरान मसूद और नाहिद हसन का गले मिलना बीजेपी के लिए भी किसी राजनीतिक चुनौती से कम नहीं है। इन दो राजनीतिक परिवारों का मिलन कैराना और नूरपुर उपचुनाव पर व्यापक असर डाल सकता है। इमरान मसूद 2007 में मुजफ्फराबाद से विधायक चुने गए थे। 2012 और 2017 में नकुड़ से विधानसभा और 2014 में सहारनपुर से संसदीय चुनाव लड़े भी लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था।
मौजूदा लोकसभा उपचुनाव में कैराना से समाजवादी पार्टी और आरएलडी का संयुक्त उम्मीदवार होने का दावा भी मसूद ठोंक रहे थे लेकिन तबस्सुम हसन को टिकट मिल जाने से उनकी हताशा बढ़ गई थी लेकिन अखिलेश यादव के प्रयास से तबस्सुम हसन के बेटे कैराना विधायक नाहिद हसन और इमरान मसूद का गले मिलना पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मुस्लिम राजनीति की बहुत बड़ी घटना है। इमरान मसूद राशिद मसूद के परिवार से ताल्लुकात रखते हैं। राशिद मसूद पांच बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसद रहे। वहां उनकी छवि अपराजेय राजनीतिक योद्धा की रही है। वे कांग्रेस, लोकदल, जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे। हर दल में उनकी अपनी राजनीतिक धमक रही। जो कद सहारनपुर में राशिद मसूद का था लगभग उसी तरह का रसूख मुजफ्फरनगर में नाहिद हसन के पिता मुनव्वर हसन का रहा है। वे यहां के कद्दावर नेताओं में गिने जाते रहे हैं। समाजवादी पार्टी की कोशिश संभल के सफीकुर्रहमान को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दोनों नेताओं का मित्र बनाने की है। अगर ऐसा होता है तो इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 60 से अधिक सीटों पर बीजेपी की परेशानी बढ़ सकती है।
अगर योगी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हिंदू-मुस्लिम कार्ड खेल सकते हैं तो समाजवादी पार्टी-बीएसपी की कोशिश भी मुस्लिम और दलित कार्ड खेलने की होगी और ऐसा वे कर भी रहे हैं। समाजवादी पार्टी को वैसे भी बीएसपी और आरएलडी का समर्थन तो मिल ही रहा है। बीजेपी की कोशिश कैराना और नूरपुर में सहानुभूति की लहर पर सवार होकर चुनावी वैतरणी पार करने की रही है लेकिन विपक्ष की मजबूत घेरेबंदी के बीच उसे इस बार कुछ ज्यादा ही जोर आजमाइश करनी पड़ेगी। मदरसों में अंग्रेजी शिक्षा अनिवार्य कर उसने मुसलमानों के बीच अपनी मसीहाई छवि बनाने की कोशिश जरूर की है लेकिन मदरसों के मौलाना इसकी अपने तरह से व्याख्या करेंगे। बीजेपी को इस बाबत भी सतर्क रहना होगा। अच्छा होता कि बीजेपी विकास के अपने स्टैंड पर ही चुनाव लड़ती। कम से कम जनता के बीच यह संदेश तो जाता कि यही एक पार्टी है जो जाति धर्म में नहीं, आम जन के विकास में विश्वास रखती है। और ऐसा वह कर भी रही है लेकिन विपक्ष के दुष्प्रचारों के बीच उसे पार्टी को आगे भी तो ले जाना है।
हिन्दुस्थान समाचार/सियाराम पांडेय ‘शांत’

