अपनी राजनीतिक जमीन बचाने में जुटी सपा बसपा

हाल के राज्यसभा चुनावों के बाद बसपा की बनिस्पत सपा आज भी अधिक ताकतवर नजर आती है

234

बसपा सुप्रिमो मायावती का कहना है कि उनका समाजवादी पार्टी से बना गठजोड़ जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि अब उनकी पार्टी का पूरा फोकस 2019 के लोकसभा चुनावो पर रहेगा। मायावती के इस बयान से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहत की सांस जरूर ली होगी, क्योंकि मायावती ने आगामी उपचुनावों में अपनी पार्टी के प्रत्याशी नहीं उतारने का इरादा जता दिया। अखिलेश ने उसी समय अपने ट्विटर हैंडल से निर्दलीय विधायक व मायावती के विरोधी राजा भैया को आभार वाला ट्वीट भी हटा दिया।


इस गठबंधन का फिलहाल सपा को ही एकतरफा लाभ हुआ है। राज्यसभा में सपा प्रत्याशी जीता लेकिन बसपा को हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह लोकसभा उपचुनाव में भी गोरखपुर व फूलपुर सीट सपा जीत गयी। इस तरह सपा के खाते में दो लोकसभा व एक राज्यसभा सीट आयी वहीं बसपा का हाथ खाली रह गया। कैराना लोकसभा व नूरपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भी बसपा अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगी, सपा को समर्थन करेगी। मतलब एक बार फिर फायदे में सपा ही रहेगी। सपा को अपना दुश्मन नम्बर एक मानने वाली मायावती के लिए अखिलेश यादव के साथ गठबंधन करना राजनीतिक मजबूरी बन थी। मायावती छह वर्षों से सत्ता से बाहर है। उनके कई बड़े नेता दूसरी पार्टियों में शामिल हो चुके हैं। मायावती का मतदाता वर्ग उनसे दूर होने लगा है। ऐसे में सपा से गठबंधन करके मायावती ने अपने मतदाताओं को इस बात का भरोसा दिलाने की कोशिश की है कि सपा से गठबंधन करके भविष्य के चुनावों में वह भाजपा को हरा देगी।


2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा सूबे में एक भी सीट नहीं जात सकी थी। हालांकि उसे 19.77 फीसदी मत मिले थे। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी को 22.35 फीसदी मत मिले थे। तब सपा को पांच सीटों पर सफलता मिली थी, जबकि बसपा का कोई प्रत्याशी जीत नहीं सका था। फिर 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा को सपा से अधिक वोट मिला लेकिन सीटें सपा की तुलना में कम मिलीं। सपा ने कुल मतदान का 21.80 फीसदी वोट हासिल कर 47 सीटों पर जीत पायी थी। वहीं बसपा 22.2 फीसदी वोट प्राप्त करने के बाद भी मात्र 19 सीटों पर सफल हो सकी।


हाल के राज्यसभा चुनावों के बाद बसपा की बनिस्पत सपा आज भी अधिक ताकतवर नजर आती है। बसपा का लोकसभा में कोई सांसद नहीं है और राज्यसभा में भी मात्र चार सांसद ही बचे हैं। वहीं सपा के लोकसभा में सात व राज्यसभा में 13 इस तरह कुल 20 सांसद हैं। सपा के सांसद संख्याबल पर संसद में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवा सकने में सक्षम हैं।


फिलहाल मायावती का मुख्य उद्देश्य किसी भी तरह से अपने बिखरते कुनबे को एकजुट रखना है। इसीलिए मायावती अखिलेश के साथ गठबंधन बनाये रखेंगी। गठबंधन करके उपचुनाव लड़ने से मिली जीत में मायावती के हाथ तो कुछ नही लगा। मायावती को इस बात का भी पता है कि उन्होंने तो सपा प्रत्याशियों को अपनी पार्टी के वोट दिला दिये मगर समय आने पर अखिलेश यादव शायद ऐसा नहीं कर पायें। इसीलिये मायावती ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा भी था कि यह गठबंधन बराबरी के लेन-देन का है। हम जितना देगें उतना लेगें भी।


एक सच ये भी है कि मायावती को हमेशा अपनी पार्टी में टूट की भी चिंता सताती रहती हैं। राज्यसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी के एक विधायक अनिल सिंह ने भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। मायावती की पार्टी के कई विधायक और भी है जो सत्तारूढ़ दल से जुड़ने के चक्कर में हैं। मायावती चाहती है कि सपा के सहारे वो अपनी पार्टी को एकजुट बनाये रखे व पार्टी से बगावत करने वालों पर भी नियंत्रण रख सके। हाल ही में मायावती की पार्टी के एक बड़े नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी कांग्रेस में शामिल हो गए। सिद्दीकी ने पहले सपा में भी शामिल होने की कोशिश की थी, मगर बात नहीं बनी। अखिलेश से मिलाप के बाद जहां बसपा को अपने विधायकों के पार्टी छोड़कर सपा में जाने का खतरा समाप्त हो गया वहीं इस गठबंधन की आड़ में वो कांग्रेस पर भी नियंत्रण रख पायेगी। उपचुनावों में सपा-बसपा गठबंधन की जीत से चकित कांग्रेस इस बात का पूरा प्रयास कर रही है कि किसी तरह वह भी इस गठबंधन का हिस्सा बने। ऐसे में बसपा छोड़ने वाले नेताओं को शामिल करने से कांग्रेस परहेज करेगी।


माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव तक सपा-बसपा का गठबंधन ऐसे ही चलता रहेगा। गठबंधन के नाम पर दोनों ही दल अन्दरखाने अपने वोट बैंक को एकजुट रखने का प्रयास कर रहे हैं। राज्यसभा चुनाव में जिस तरह से दोनों ही पार्टियों के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, उससे दोनों ही दलों को अन्दरूनी खतरे का अहसास हो गया है। फिलहाल तो यही प्रतीत हो रहा है कि दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने एक बार अपनी पुरानी कड़वाहट को भुलाकर साथ आगे बढ़ने का फैसला कर लिया है। अखिलेश मायावती का साथ कब तक चलेगा, इस गठबंधन की उम्र कितनी लम्बी होगी यह तो आने वाला वक्त ही बतायेगा। क्योंकि मायावती की फितरत से हर कोई वाकिफ है। वो कब रंग बदल ले कोई नहीं जानता है।


हिन्दुस्थान समाचार/रमेश सर्राफ धमोरा

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.