पहले से ही इस बात की उम्मीद की जा रही थी की हैदराबाद की प्रसिद्ध मक्का मस्जिद धमाके मामले का फैसला एक नई बहस को जन्म देगा। 11 साल पहले इस मस्जिद में हुए शक्तिशाली बम धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 58 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। सोमवार को आए एनआईए कोर्ट के फैसले में धमाके के मुख्य अभियुक्त स्वामी असीमानंद समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया। एनआईए मामलों की चतुर्थ अतिरिक्त मेट्रोपोलिटन सह विशेष अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद अपना फैसला सुनाया और सबूतों के अभाव में सभी आरोपियों को बरी कर दिया।
कोर्ट का फैसला आते ही कांग्रेस और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने इस फैसले की आलोचना की और केंद्र सरकार पर सुनवाई को प्रभावित करने का आरोप लगाया। कांग्रेस में एनआईए की जांच को पक्षपाती बताया और कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए की इस केस के दर्जनों गवाह अपने बयान से क्यों मुकर गए। असदुद्दीन ओवैसी का कहना है की केंद्र सरकार के दबाव में एनआईए ने इस मामले की उम्मीद के मुताबिक पर पैरवी नहीं की। उनका कहना था कि न्याय नहीं हुआ है और इस मामले की जांच पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण रही थी।
जहां तक इन आरोपों का सवाल है कि इस मामले की जांच पक्षपातपूर्ण थी या जांच सही थी, तो पहले जांच के पहलुओं पर नजर डालना चाहिए। 2007 में हुए ब्लास्ट में सबसे पहले स्थानीय पुलिस ने मामले की छानबीन की। स्थानीय पुलिस के बाद एसआईटी हैदराबाद ने मामले की जांच की और तब उसने इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा के दक्षिण भारत कमांडर शेख अब्दुल ख्वाजा उर्फ अमजद को इस मामले का मुख्य आरोपी बताया। एसआईटी के मुताबिक अब्दुल ख्वाजा ने सिमी से संबद्ध रहे मोहम्मद अब्दुल शाहिद बिलाल और लश्कर-ए-तैयबा के स्लीपर सेल की मदद से मक्का मस्जिद में मोबाइल कंट्रोल्ड पाइप बम रखवाया था। इसके अलावा मस्जिद के वजूखाना में संगमरमर की बेंच के नीचे भी एक बम लगाया था। एक बम मस्जिद की दीवार के पास भी मिला था। 18 मई 2007 को जुमे की नमाज के वक्त दोपहर 1:25 पर मोबाइल कंट्रोल्ड धमाका कराया गया, जिसमें भारी संख्या में लोग हताहत हुए।
एसआईटी की जांच के पूरा होने के पहले ही राज्य सरकार की अनुशंसा पर मामले को सीबीआई के हवाले कर दिया गया। सीबीआई ने इस मामले में एक आरोपपत्र दाखिल भी किया, लेकिन 2011 में इस मामले को सीबीआई से एनआईए के पास भेज दिया गया। एनआईए के पास मामला के जाते ही उसने एसआईटी और सीबीआई जांच को खारिज करते हुए स्वामी असीमानंद और उनके अन्य साथियों को आरोपी बना कर मामले की छानबीन शुरु की। यह वह समय था जब केंद्र की यूपीए सरकार भगवा आतंकवाद के प्रसार का दावा कर रही थी। सीधे-सीधे गृह मंत्री पी चिदंबरम आतंकवाद के फैलाव के लिए हिंदूवादी संगठनों को दोषी मान रहे थे और अपने कई बयानों में उन्होंने इस्लामी आतंकवाद से ज्यादा खतरनाक भगवा आतंकवाद को बताया था। भगवा आतंकवाद के नाम पर अलग अलग केसों में गिरफ्तार किए गए लोगों में स्वामी असीमानंद के अलावा साध्वी प्रज्ञा और कर्नल पुरोहित का भी नाम लिया जा सकता है।
इस केस के एनआईए के पास जाने के बाद भी केंद्र में 3 साल तक कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार थी। कहने का मतलब यह कि इस मामले की जितनी भी जांच हुई वह कौन यूपीए के शासनकाल में ही निपटा ली गई थी। ऐसे में अगर आज कांग्रेस और असदुद्दीन ओवैसी आरोप लगा रहे हैं की इस मामले की जांच पक्षपात पूर्ण तरीके से की गई, तो यह खुद कांग्रेस की यूपीए सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा करता है। क्योंकि, यह उस समय ये कांग्रेसनीत यूपीए सरकार की ही जिम्मेदारी थी कि एनआईए ठीक से मामले की जांच करे। यूपीए के शासनकाल में हुई ज्यादातर जांच के लिए अगर आज कांग्रेस और ओवैसी एनडीए की सरकार, जो मई 2014 में गठित हुई, को जिम्मेदार ठहरा रह् हैं, तो साफ है कि वे राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।
बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शुरू से ही आरोप लगाता रहा है कि तुष्टीकरण की नीति के तहत कांग्रेस ने सोची समझी साजिश के तहत भगवा आतंकवाद का हौव्वा खड़ा किया और संघ परिवार से जुड़े बड़े लोगों को फंसाने की कोशिश की। इस फैसले के आने के बाद ओवैसी और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद तथा गुलाम नबी आजाद के उलट भाजपा नेता सुब्रहमण्यम स्वामी का कहना है की इस मामले में अब पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने देश को भ्रमित करने के लिए हिंदू टेरर थोरी की झूठी कल्पना की। उनका कहना है कि भगवा आतंकवाद की कल्पना के लिए चिदंबरम पूरी तरह दोषी हैं और एक बड़ी साजिश के तहत भगवा आतंकवाद की बात कहकर संघ परिवार के बड़े नेताओं को निशाना बनाने का प्रयास किया गया। स्वामी का आरोप है कि यूपीए सरकार ऐसा करके संघ पर प्रतिबंध लगाना चाहती थी।
आपको बता दें अगस्त 2010 में पूर्व गृहमंत्री पी चिदंबरम ने पुलिस अधिकारियों के एक सम्मेलन के दौरान कहा था कि देश के कई बम धमाकों के पीछे भगवा आतंकवाद का हाथ है और भगवा आतंकवाद देश के लिए एक नई चुनौती बन कर उभर रहा है। चिदंबरम के इस बयान को लेकर उस समय विपक्ष में रही बीजेपी और शिवसेना ने संसद में जमकर हंगामा भी किया था, जिसके बाद तब सोनिया गांधी के करीबी रहे कांग्रेस के तत्कालीन महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने कहा था कि आतंक का रंग भगवा या हरा नहीं होता, उसका रंग सिर्फ काला होता है।
इस फैसले के बाद बीजेपी कांग्रेस पर भी हमलावर हो गयी है और कांग्रेस पर डबल स्टैंडर्ड अपनाने का आरोप लगा रही है। फैसले पर कांग्रेस की टिप्पणी आने के बाद बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि जो कांग्रेस टूजी मामले पर आये फैसले को न्यायपालिका की जीत बता रही थी वही अब मन मुताबिक फैसला नहीं आने पर न्यायपालिका के फैसले की आलोचना कर रही है।
बहरहाल, एनआईए कोर्ट का ये फैसला अंतिम नहीं है और इसके खिलाफ एनआईए तथा अन्य पक्षकार इसके खिलाफ ऊंची अदालत में अपील कर सकते हैं। लेकिन, इस फैसले से एक बार जाहिर हो गई है कि भगवा आतंकवाद कि जो परिकल्पना यूपीए शासनकाल में तैयार की गई थी, उसका वजूद अब बिखरने लगा है। इसके साथ ही ये भी तय है कि ये फैसला कर्नाटक के चुनाव पर भी काफी असर डालेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/दिव्य उत्कर्ष

