अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के मुताबिक अमेरिका ने अपने मित्र देश ब्रिटेन और फ्रांस के साथ मिलकर सीरिया पर मिसाइल हमला बोल दिया। सीरिया में मौजूद रासायनिक हथियारों के भंडारों को नष्ट करने के मकसद से सौ से अधिक मिसाइलें दागी गईं। अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस की ये मिसाइलें राजधानी दमिश्क और होम्स शहरों पर बरसाई गईं। इसमें रासायनिक हथियारों के भंडार और वैज्ञानिक शोध केंद्रों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों के परिणामस्वरूप कई इमारतों में आग लग गई और दमिश्क धुएं के गुबार से ढंक गया। इस हमले में कितनी जनहानि हुई है, यह तो फिलहाल साफ नहीं है, लेकिन अमेरिका ने जरूर यह ऐलान कर हमले की मुहिम खत्म कर दी कि उसने अपने मकसद में कामयाबी प्राप्त कर ली है।
सीरिया ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया, वहीं रूस, चीन और ईरान ने कड़ा विरोध जताया है। इनका कहना है कि पहले रासायनिक हथियार रखने और उनका इस्तेमाल किए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए थी।
रूस के सरकारी टीवी चैनल ‘रोसिया-24‘ की मानें तो रूस संभावित तीसरे विश्व युद्ध के पहले की तैयारी में जुट गया है। चैनल ने युद्ध की आशंका के चलते देश की जनता को बंकरों में ले जाने और खाने-पीने का सामान जुटा लेने की सलाह दी है। यदि रूस जवाबी कार्रवाई करता है, तो एक बार फिर विश्व युद्ध छिड़ना तय है, हालांकि मित्र देशों की इस कार्रवाई का सऊदी अरब, इजराइल और तुर्की समेत दुनिया के अनेक देशों ने समर्थन किया है।
मित्र देशों के इस हमले ने सीरिया को लेकर दुनिया में नए सिरे से तनाव बढ़ा दिया है। हमले के बाद सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल असद को हटाने के लिए युद्ध की आशंकाएं तेज हो गई हैं। साढ़े सात साल से जारी इस युद्ध में अब तक पांच लाख से भी ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। एक करोड़ लोग शरणार्थी के रूप में विस्थापन का दंश झेल रहे हैं। ये शरणार्थी जिन देशों में रह रहे हैं, उनमें भी वे अपनी इस्लामिक कट्टरता के चलते संकट का सबब बने हुए हैं। जर्मनी ने सबसे ज्यादा विस्थापितों को शरण दी थी। अब यही जर्मनी इनके धार्मिक कट्टर उन्माद के चलते रोजाना नई-नई परेशानियों से रूबरू हो रहा है।
7 अप्रैल 2018 को सत्तर नागरिकों की रासायनिक हमले से मौत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने जवाबी कार्रवाई करने का बीड़ा उठाया था और इसे उन्होंने अंजाम तक भी पहुंचा दिया। शायद इसीलिए रूस के उप प्रधानमंत्री आर्केडी वोरकोविच ने ट्रंप को जबाव देते हुए कहा कि ‘अंतरराष्ट्रीय संबंध एक शख्स के मिजाज पर निर्भर नहीं होने चाहिए।’ दरअसल रासायनिक हमले में सरीन और क्लोरीन गैस का प्रयोग किया जाता है। इसके असर से मौत की वजह का आसानी से पता चल जाता है। इसलिए हमले से पूर्व यदि जांच करा ली जाती तो रासायनिक हमला हुआ अथवा नहीं, इसकी हकीकत आसानी से सामने आ सकती थी।
इस हमले के बाद इराक की आशंका है कि इससे आतंकवाद को बढ़ावा मिलेगा। सीरियाई क्षेत्र में तनाव बढ़ने का लाभ उठाकर आतंकी फिर से सक्रिय हो सकते हैं। साथ ही वे उन असंतुष्ट लोगों को संगठन से जोड़ने में सफल हो सकते हैं, जो अमेरिकी कार्रवाइयों के विरुद्ध हैं। इराक की आशंका सही सबित हो सकती है, क्योंकी सीरिया में आतंकी हमले कम भले ही हो गए हों, पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। आईएसआईएस यहां अभी भी आतंक का पर्याय बना हुआ है। दूसरी तरफ बशर को उखाड़ फेंकने के लिए हथियारबंद विद्रोही सक्रिय हैं, जो किसी से भी हाथ मिला सकते हैं। साफ है, सीरिया में गृह युद्ध भयानक रूप ले सकता है।
रूस ने जिस तरह से इस हमले को लेकर अमेरिका के खिलाफ आंखें तरेरी है, उससे यह आशंका भी उठती है कि रूस आतंकी संगठनों को उकसाने के साथ उन्हें घातक हथियारों के रूप में मदद भी दे सकता है। ईरान और चीन भी रूस के साथ खड़े हो सकते हैं। उत्तरी कोरिया तो अमेरिका के विरुद्ध पहले से ही परमाणु युद्ध की धमकी देने में लगा है। इराक ने इस हमले को गंभीरता से लेते हुए अरब नेताओं से आग्रह किया है कि वे इस समस्या पर विचार-विमर्श कर निराकरण की पहल करें। भारत ने इस हमले पर संतुलित रुख अपनाते हुए सभी पक्षों से शांति बनाए रखने का आह्वान किया है। रूस ने जवाबी हमले का दंभ जरूर दिखाने की हिमाकत की, किंतु वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् में सीरिया पर हमले की निंदा संबंधी विचार-प्रक्रिया को भी पूरा कराने में नाकाम रहा है। जबकि उसके पास परिषद् में वीटो का अधिकार है। इस प्रस्ताव को रूस के अलावा महज चीन और बोलीविया का ही समर्थन मिल पाया है। आठ देशों ने प्रस्ताव का विरोध किया, जबकि चार अन्य सदस्य देश अनुपस्थित रहे। जबकि इस प्रक्रिया के दौरान ही अमेरिका ने फिर घोषणा कर दी है कि सीरिया दोबारा हमले के लिए तैयार रहे।
इस हमले को जायज ठहराने की पैरवी करते हुए ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने कहा कि उनका मकसद सीरिया के गृहयुद्ध में हस्तक्षेप या असद को बेदखल करना नहीं है। इसीलिए हमले की कार्रवाई सीमित और लक्ष्य भेदने तक रही। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों ने अपने पक्ष को मजबूती देते हुए कहा कि रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की फ्रांस द्वारा तय नियम का सीरिया ने उल्लंघन किया, इसलिए कार्रवाई जरूरी हो गई थी। इस हमले के बाद भविष्य में किसी युद्ध की क्या स्थिति बनती है, यह तो कहना मुश्किल है, लेकिन इतना जरूर तय हो गया है कि वैश्विक कूटनीति में स्थिरता नहीं है। दूसरे युद्ध जैसे हालातों से निपटने के लिहाज से जो अंतरराष्टीय संस्थाएं वजूद में हैं, वे अमेरिका के आगे या तो नतमस्तक हैं या विश्व ताकतों के आगे बंटी हुई हैं। इसीलिए वे शांति अपीलों से आगे जाने की हिम्मत नहीं दिखा पा रही हैं। इस लिहाज से सुरक्षा परिषद के लिए यह बड़ी परीक्षा की घड़ी है। उनका तटस्थ रुख दिखाई नहीं दे रहा है। इस नजरिए से भारत ने शांति बनाए रखने की जो अपील की है, उससे साफ है कि विश्वयुद्ध के हालात बनते हैं तो वह तटस्थ रहेगा।
बहरहाल, हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि सीरिया में सुलगाई गई यह चिंगारी कभी भी विस्फोट में बदल सकती है और यदि यह विस्फोट हुआ तो तीसरा विश्वयुद्ध दुनिया के लिए बड़ी बर्बादी लेकर आएगा। दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर जो परमाणु बम गिराए थे, उनसे बड़ी तबाही हुई थी। तब आणविक हथियार निर्माण की पहली अवस्था में थे, किंतु अब घातक परमाणु हथियार निर्माण की दिशा में बहुत प्रगति हो चुकी है। आज दुनिया के पास इतनी बड़ी मात्रा में परमाणु हथियार हैं कि समूची धरती को एक बार नहीं, अनेक बार नष्ट किया जा सकता है। उत्तर कोरिया ने जिस हाइड्रोजन बम का परीक्षण किया है, उसकी विस्फोटक क्षमता 50 से 60 किलो टन होने का अनुमान है।
साफ है कि अगर युद्ध की स्थिति बनी और उसमें परमाणु हथियारों का उपयोग हुआ तो इस दुनिया के तबाह होते देर नहीं लगेगी। सीरिया को लेकर फिलहाल वैश्विक मंच पर जिस तरह का तनाव नजर आ रहा है, उससे दुनिया की तबाही के की आशंका भी बनन लगी है। इसलिए तमाम अंतरराष्ट्रीय संगठनों को अब इस बात की कोशिश भी करनी चाहिए कि मौजूदा तनाव को बातचीत के जरिये ही समाप्त किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार/प्रमोद भार्गव

