बाढ़ पर भारी सांप-नेवले का समीकरण

राजनीतिक मौसम विज्ञानी रामविलास पासवान भी मौसम का मिजाज भांपते हुए अंगड़ाई लेने लगे हैं। ऐसे हालात में 2019 के लोकसभा चुनाव में यदि सपा-बसपा-कांग्रेस-राजद-झामुमो-तृणमूल-तेदेपा-राकापा-इंडियन लोकदल सहित कुछ अन्य दल मिलकर लड़े, तब इस गठबंधन को 2014 में मिले कुल वोट (39.9%) से भी अधिक मिलेगा

394

भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल 2018 को मुंबई में पार्टी की तरफ से आयोजित एक रैली में अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि मोदी जी की बाढ़ आई है न, बाढ़, इस डर से सांप, नेवला, कुत्ति, कुत्ता, बिल्ली सब इकट्ठा होकर चुनाव लड़ने का काम कर रहे हैं। बाद में उन्होंने इसे और स्पष्ट किया था कि जो एक दूसरे को देखना नहीं चाहते वे सपा, बसपा, कांग्रेस, तृणमूल, टीडीपी, कांग्रेस… अब मोदी जी के डर से साथ हो रहे हैं।

1951 में भारतीय जनसंघ, 1977 में जनता पार्टी के बाद 1980 में भारतीय जनता पार्टी का अवतार लिया यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर.एस.एस.) का आनुषंगिक राजनैतिक संगठन 67 साल के जीवल काल में बहुत उतार-चढ़ाव देखा है। केवल भाजपा की बात करें तो इसके 38 साल के सफरनामे में अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर अब तक 12 अध्यक्ष हुए हैं।

भाषण कला में वाजपेयी का तो जवाब ही नहीं। शब्द, भाव ऐसे कि वार भी कर जाये, घाव भी कर जाये, विपक्ष वाले आह भी नहीं कर पाये। तब यह तासीर रही पक्ष-विपक्ष के रिश्तों की, लोकतंत्र की गरिमा की। आडवाणी, जोशी ने भी इसे सहेजा-निभाया। ठाकरे, जना कृष्णमूर्ति ने भी बनाये रखने की कोशिश की। राजनाथ ने भी जितना संभव हो सका किया।

यदि मैथिलीशरण गुप्त के कहे “अब वे वासर बीत गये” को मानकर, बीते को बिसार कर अधुनातन डाटा माइन्स को देखें और सांप-नेवला + कुत्ता-बिल्ली +…  को 2014 के लोकसभा चुनाव में मिले वोट जोड़ लें तो हो जा रहा है 39.3%। इसमें माकपा को मिले 3.2% और भाकपा को मिले 0.8% वोट भी जोड़ लें तो हो जा रहा है 43.3% जबकि उसी 2014 के आम चुनाव में मोदी की भयंकर बाढ़ में भाजपा को 31.1% मत मिले थे जो पार्टी को अब तक मिले सबसे अधिक मत हैं।

इसके पहले पार्टी को सबसे अधिक वोट 1988 के लोकसभा चुनाव में 25.6 प्रतिशत मिले थे। यूपीए सरकार पर तथाकथित भ्रष्टाचार के आरोपों, सत्ताविरोधी लहरों पर मोदी की बाढ़ में भाजपा को 2014 में, 1988 से मिले वोट से 5.5% अधिक वोट मिले जिसके चलते 1998 में लोकसभा की मिली 182 सीटों से 2014 में 100 अधिक सीटें 282 मिल गईं। इसमें भाजपा के कुछ सहयोगी दलों को जोड़ लें तो यह लगभग 34 से 35 प्रतिशत के हो रहा है। इस समय तो भाजपानीत राजग से तेदेपा अलग हो गई है; शिवसेना ने भी लोकसभा चुनाव अलग लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।

राजनैतिक मौसम विज्ञानी रामविलास पासवान भी मौसम का मिजाज भांपते हुए अंगड़ाई लेने लगे हैं। ऐसे हालात में 2019 के लोकसभा चुनाव में यदि सपा-बसपा-कांग्रेस-राजद-झामुमो-तृणमूल-तेदेपा-राकापा-इंडियन लोकदल सहित कुछ अन्य दल मिलकर लड़े तब इस गठबंधन को 2014 में मिले कुल वोट (39.9%) से भी अधिक मिलेगा। और यदि इनके साथ माकपा और भाकपा भी आ गये तब तो इस महाठबंधन का वोट 42.3 प्रतिशत हो जायेगा। तब तो इनके वोट में बाढ़ ही बह जायेगी।

इस बारे में उ.प्र. के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह का कहना है, “सांप-नेवला इकट्ठा हो गये तो उत्तर प्रदेश में दो लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में क्या हुआ, सबके सामने है। 2017 में बिहार विधानसभा चुनाव में क्या हुआ था, वहां भी तो यही हुआ था। यह तो सांप-नेवला के मिलने से हुआ है। बिस्कुटिया (छिपकली), बिच्छी (बिच्छू), गोंजर-वोंजर… त अभी बाकिये बा।”

हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण मोहन सिंह

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.