सरकारी बैंकों का लगभग 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर फरार हुआ विजय माल्या लाइन पर आने लगा है। अभी तक भारत सरकार और जांच एजेंसियों को चुनौती देने वाले उसके तीखे तेवर ढीले पड़ने लगे हैं और वो बैंकों के कर्ज को वापस कर देने की बात कर रहा है। उसका कहना है कि वो अपनी संपत्ति बेच कर बैंकों के सारे कर्ज का भुगतान कर देगा। भगोड़ा आर्थिक अपराधी विजय माल्या शुरू से ही शानो-शौकत की जिंदगी जीने का आदी रहा है। भारत से फरार होने के बाद भी पिछले वो दो साल से लंदन में बैठकर मौज कर रहा है।
भारत ने ब्रिटेन से उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था, लेकिन वो लंदन की अदालत में प्रत्यर्पण के खिलाफ केस लड़ रहा है। अभी तक वो भारत सरकार को चुनौती ही देता रहा है और भारत लौटने की बात से इनकार भी करता रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि अचानक ऐसा क्या हुआ कि बैंकों का कर्ज लेकर फरार होने वाला विजय माल्या अपने कर्ज को लौटाने के लिए छटपटाने लगा है। आखिर उसके सामने ऐसी क्या मजबूरी आ गई कि वो अपनी संपत्ति बेच कर सरकारी बैंकों का कर्ज लौटाने के लिए तत्पर हो उठा है। सवाल यह भी उठता है कि विलफुल डिफॉल्टर घोषित हो चुका शराब व्यवसायी विजय माल्या अचानक ईमानदार क्यों बनना चाह रहा है। ऐसा वह किसी मजबूरी में कर रहा है या इसके पीछे भी उसकी कोई चाल छुपी हुई है।
विजय माल्या जैसे भगोड़े से ईमानदारी की अपेक्षा करना सही नहीं है। उसकी मंशा कभी भी बैंकों का पैसा लौटाने की थी ही नहीं। इसीलिए उसने सरकारी एजेंसियों को जांच के भुलावे में रखा और एक दिन अचानक मौका निकालकर लंदन फरार हो गया, ताकि भारतीय जांच एजेंसियों की ओर से वह पूरी तरह निरापद हो जाए। इसके बाद भी वो दो साल तक लंदन की अदालत में अपने प्रत्यर्पण के केस का सामना करता रहा और अपनी ओर से उसने इस बात की पूरी कोशिश की कि लंदन की अदालत उसे प्रत्यर्पित न करने का फैसला सुनाए। इसके लिए उसने लंदन की अदालत में न केवल भारतीय बैंकों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की, बल्कि भारत सरकार की नीतियों को भी उसने जिम्मेदार ठहराया। लेकिन, अब भारत के नये कानून भगोड़ा आर्थिक अपराध बिल- 2018 ने उसको अपना सुर बदलने के लिए मजबूर कर दिया है। इस कानून के तहत ईडी ने अदालत में अर्जी दायर करके उसकी संपत्ति जब्त करने का अनुरोध किया है। इस कानून के मुताबिक भगोड़े अपराधियों की संपत्ति को सरकार जब्त कर नीलामी के जरिये अपना बकाया वसूल कर सकती है। माल्या ने कर्ज वापसी की अपनी पेशकश के साथ ही पांच पन्नों की एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की है। इस विज्ञप्ति में उसने बताया है कि बैंकों का कर्ज चुकाने के इरादे से वह अपनी संपत्ति बेचना चाहता है। इसी वजह से उसने खुद तथा उसकी शराब कंपनी यूनाइटेड ब्रेवरीज होल्डिंग्स लिमिटेड (यूबीएचएल) ने कर्नाटक हाईकोर्ट में 22 जून को ही आवेदन दाखिल किया है। इस आवेदन में माल्या ने अपनी 13,900 करोड़ रुपये की संपत्ति का ब्योरा दिया है। उसका दावा है कि वह अपनी इस संपत्ति को बेच कर बैंकों का सारा कर्ज वापस करने का इच्छुक है।
माल्या पर बैंकों का लगभग 9,000 करोड़ रुपया बकाया है, जबकि यूबीएचएल और विजय माल्या की घोषित संपत्ति 13,900 करोड रुपये है। अगर ईडी की अर्जी को अदालत की मंजूरी मिल जाती है, तो ये पूरी संपत्ति नीलाम कर दी जायेगी। ऐसी स्थिति में माल्या के हाथ कुछ भी नहीं बचेगा। इस कानून में के तहत जब्त संपत्ति की नीलामी में संशोधित दिवालिया कानून के प्रावधानों का भी उपयोग किया जायेगा। अर्थात जब माल्या की संपत्ति नीलाम हो रही होगी, तब उसमें माल्या खुद या उससे जुड़ा हुआ कोई व्यक्ति या उससे जुड़ी हुई कोई कंपनी भाग नहीं ले सकेगी। ऐसा होने पर माल्या की सारी संपत्ति औने-पौने दाम पर नीलाम हो जायेगी। इसीलिए वो पूरी तरह से इस कोशिश में है कि किसी भी तरह हाईकोर्ट उसे अपनी संपत्ति बेचकर बैंकों के कर्ज का भुगतान करने की अनुमति दे दे। ऐसा होने पर वो बुरी हालत में भी अपनी तीन से चार हजार करोड़ रुपये की संपत्ति को बचा लेगा। विजय माल्या ने बहुत सोच समझकर यह कदम उठाया है। उसने बैंकों का बकाया कर्ज लौटाने की पेशकश उस वक्त की है, जब उसे भगोड़ा घोषित करने और उसकी संपत्ति को जब्त करने की अनुमति दिए जाने से संबंधित मामले की सुनवाई प्रवर्तन निदेशालय की विशेष अदालत में होने वाली है। एक बार इस अदालत का फैसला आ गया, तो माल्या के सामने हाथ मलते रहने के अलावा और कोई चारा नहीं बचेगा। अपनी इस पेशकश के जरिए माल्या यह भी जताने की कोशिश कर रहा है कि वह विलफुल डिफॉल्टर नहीं है, बल्कि कारोबारी असफलता की वजह से वो बैंकों का पैसा नहीं लौटा सका है। अपनी पेशकश में माल्या ने यह दावा भी किया है कि उसने 2016 में ही प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को चिट्ठी लिखकर कर्ज वापस करने की पेशकश की थी, लेकिन उसकी इस पेशकश का कोई जवाब नहीं मिल सका, जिसकी वजह से वो बैंकों का कर्ज वापस नहीं लौटा सका।
दरअसल, विजय माल्या अपनी पेशकश और वित्त मंत्री तथा प्रधानमंत्री को लिखे कथित पत्र का हवाला देकर यह भी जताना चाहता है कि वह बैंकों का पैसा दबाकर भाग जाने का इच्छुक कभी नहीं रहा, बल्कि वह शुरू से ही बैंकों का पैसा लौटाना चाहता था। अपनी इस पेशकश के जरिये उसने लंदन की अदालत को भी साधने की कोशिश की है। माल्या की कोशिश है कि यदि लंदन की अदालत उसके प्रत्यर्पण से संबंधित भारत सरकार की अर्जी मंजूर भी कर लेती है, तब भी वह माल्या की पेशकश को भी ध्यान में रखे और कुछ ऐसी शर्तें लगा दे, जिससे भारत की जांच एजेंसियों के हाथ बंध जाएं और वे माल्या के खिलाफ कठोर कार्रवाई न कर सकें। वास्तव में विजय माल्या अपनी पेशकश के जरिये कई निशानों को साधने की कोशिश में है। वह जहां खुद को भगोड़ा घोषित होने नहीं देना चाहता, वही अपनी संपत्ति को भी जब्त होने से भी बचाए रखना चाहता है। इसके साथ ही उसका इरादा लंदन की अदालत को तो प्रभावित करना है ही, भारत की जनता के मन में अपने प्रति बनी अपराधी की छवि को भी वो समाप्त करना है। इस बात में कोई शक नहीं है कि भारत में विजय माल्या की छवि एक भगोड़े अपराधी की है। भारतीय जनता उसे आर्थिक अपराधी के एक प्रतीक के रूप में जानने लगी है। उसके विदेश भाग जाने की वजह से निश्चित रूप से भारत में विपक्षी पार्टियों को बैठे-बिठाए एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा भी मिल गया था। माल्या को प्रत्यर्पित करके भारत लाना केंद्र सरकार के लिए भी एक बड़ी चुनौती है। यदि पिछले कुछ समय के घटनाक्रम पर यदि ध्यान दिया जाये, तो एक ओर जहां भारत की विभिन्न अदालतों ने उसके खिलाफ फैसले दिये हैं और कड़ी टिप्पणियां की हैं, वही लंदन की अदालत में भी माहौल पिछले कुछ दिनों में बदला है। भारत सरकार अदालती लड़ाई के अलावा राजनयिक स्तर पर भी भगोड़े आर्थिक अपराधियों के प्रत्यर्पण के मामले को लगातार लगातार ब्रिटेन की सरकार के सामने उठाती रही है।
हाल के दिनों में इस बात के भी संकेत मिले हैं कि ब्रिटेन माल्या और उसके जैसे ही अन्य आर्थिक अपराधियों के मामले में कड़ा रुख अपनायेगा। विजय माल्या इस बात को भी समझ चुका है कि अगर वह अभी भी विलफुल डिफॉल्टर बना रहकर भारतीय जांच एजेंसियों से बचे रहने की कोशिश करेगा, तो इसके एवज में उसे जबरदस्त आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा। इसी वजह से उसकी कर्ज वापसी की पेशकश को अपने ऊपर आए आसन्न संकट को टालने के रूप में भी देखा जा सकता है। विजय माल्या आज जिस स्थिति में है, उसके लिए वह खुद तो जिम्मेदार है ही, साथ ही यूपीए के शासन काल की कर्ज नीति भी इसके लिए काफी हद तक जिम्मेदार है, जिसमें विजय माल्या जैसे व्यवसायियों के बार-बार डिफॉल्टर होने के बावजूद उनके पुराने कर्ज को रीकंस्ट्रक्ट कर उन्हें नया कर्ज लेने का मौका दिया। इसी कर्ज नीति की वजह से विजय माल्या पर कर्ज का भार बढ़ता गया और अंततः उसने विलफुल डिफॉल्टर होकर भारत से भाग निकलने का रास्ता अपनाया। जो राजनीतिक पार्टियां विजय माल्या के विदेश भाग जाने के लिए केंद्र की मौजूदा सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही हैं, उन्हें भी अपने गिरेबान में झांकना चाहिए कि आखिर विजय माल्या और उनके जैसे लगभग 40 डिफॉल्टरों को बेहिसाब कर्ज क्यों दिया गया, जबकि उनकी आर्थिक स्थिति कर्ज लौटा को पाने की नहीं थी। भारत सरकार को विजय माल्या की कर्ज वापसी की पेशकश को गंभीरता के साथ लेना चाहिए और बिना किसी नरमी के पूरी सख्ती के साथ उसकी भारत वापसी का रास्ता साफ करना चाहिए। अगर विजय माल्या की भारत वापसी हो जाती है, तो यह उसके जैसे अन्य भगोड़े आर्थिक अपराधियों के लिए भी एक सबक होगा।

