इराक़ के मोसुल शहर में 2014 में लापता हुए 40 भारतीयों में से 39 के मारे जाने की खबर की पुष्टि होने से सारा देश हिल सा गया है। इस सदमे से देश को उबरने में तो लंबा वक्त लगेगा। ये बेचारे अभागे भारतीय मजदूर चरमपंथी संगठन आईएसआईएस के हाथों मारे गए। मारे गए भारतीय नागरिकों में से 31 पंजाब के, चार हिमाचल के और बाक़ी पश्चिम बंगाल और बिहार के थे। इस हादसे के बाद से एक सवाल बार-बार मन में उठ रहा है कि आखिर भारतीय नौकरी करने के लिए इराक जैसे इतने असुरक्षित इलाकों में क्यों चले जाते हैं? इराक में तो लंबे समय से गृहयुद्ध के जैसे हालात बने हुए हैं। कत्लेआम हो रहे है। फिर भी भारतीय वहां चले गए। क्या इन्हें वहां जाने से पहले मालूम नहीं था कि इराक नष्ट हो चुका है। इस तरह के देश में रोजगार के क्या अवसर उपलब्ध होंगे? पर भारतीयों को तो बाहर जाने की जिद पड़ी है।
दो उदाहरण दूंगा जिससे स्पष्ट हो सकेगा कि भारत में एक इस तरह का वर्ग पैदा हो गया है,जो अपनी जमीन-जायदाद औरतों के जेवर बेचकर भी देश से बाहर बर्तन धोने या मैले कपड़े धोने की नौकरी करने तक के लिए भी तैयार है। पांच रूपये सैकड़ा प्रतिमाह का खर्च उठाकर दलालों को पैसे भरते हैं, पासपोर्ट और वीजा बनवाते हैं । सिंगापुर में एक स्थान का नाम ही लिटिल इंडिया है। इधर ज्यादातर घर और दूकानें तमिल मूल के भारतीयों की हैं। पिछले पचास वर्षों में कुछ पंजाबी कुछ गुजराती और कुछ बिहार उत्तर प्रदेश मूल के लोग भी बस गए हैं । तमिल और आन्ध्र से तो लोग डेढ़-दो सौ वर्ष पहले ही आकर बस गए थे। इनके लिए तो सिंगापुर बेहतर देश है। यहां पर इन तमिलों के रेस्तरां में कई पंजाबी युवक मिले। ये भोजन सर्व करने से लेकर रेस्तरां के गेट पर दरबान के रूप में खड़े थे। इनसे सिंगापुर में आकर इस तरह की छोटी-मोटी नौकरी करने का कारण जब भी पूछता हूँ तो लगभग सबका एक ही जवाब था- “पंजाब में रहकर क्या करेंगे? वहां पर तो नौकरी मिलती नहीं। इसलिए यहां आ गए।” इनकी इस बात में दम हो भी सकता। पर ये सिंगापुर में किसी के निमंत्रण पर नहीं आए। इन्हें यहां पर लाया गया विदेशों में अच्छी नौकरी का बहाना या वादा करके इनसे मोटा पैसा वसूलने के बाद। ये भी सिंगापुर में जाकर नौकरी करने के लिए अपनी पुरखों की जमीनें तक बेच देते हैं। इसी तरह की स्थिति आपको दुबई, अबू धाबी, शारजहां, बैंकाक, पटाया जैसे तमाम शहरों में मिलती है। इन सभी शहरों में भारतीय नौजवान ड्राइवर, गेटकीपर, वेयरा सफाईकर्मी वगैरह बनने के लिए राजी हो जाते हैं। इनके चेहरे-मोहरे को देखकर लगता है कि ये ठीक-ठाक खाते –पीते परिवारों से हैं। बेशक, मेहनत करके धन कमाना तो बहुत ही उत्तम बात है। पर अपनी मां के गहने बेचकर या पुश्तैनी जमीन बेचकर बूढ़े बाप को कर्ज लेने पर मजबूर करके देश से बाहर जाने का क्या मतलब है? लेकिन, यही हो रहा है अपने देश में।
आपको पंजाब के हर छोटे कस्बे, तहसील और शहर में दर्जनों दफ्तर उन कंपनियों के मिल जाएंगे जो सात संमदर पार लोगों को अच्छी नौकरी दिलवाने के सब्जबाग दिखाते हैं। पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी इस तरह के सैकड़ों गिरोह सक्रिय हैं, जो विदेशों में अच्छी नौकरी दिलाने का सब्जबाग दिखाकर युवाओं से खुलेआम ठगी करते हैं। इस तरह के शातिर गिरोहों का यदा कदा पर्दाफाश भी होता है, पर ये नए रूप-स्वरूप में फिर से प्रकट हो जाते हैं। जाहिर है, इनके अधिकतर शिकार बेरोजगार युवक ही होते हैं।
यदि आप राजधानी में रहते हैं तो कभी डिप्लोमैटिक एरिया यानी चाणक्यपुरी का चक्कर भर लगा लीजिए। इधर कनाडा, ब्रिटेन, यूएई, सऊदी अरब समेत अनेक दूतावासों के बाहर रोज देश से बाहर जाने के इच्छुक हजारों नवयुवकों का हुजुम लगा होता है। इनमें स्त्री, पुरुष, बच्चे सभी होते हैं। ये सब वीजा हासिल करने की जुगाड़ में ही कतार में खड़े होते हैं। इनके चेहरे के भावों को देखकर कष्ट होता है। इनके चेहरे के कातर भाव देखकर लगता है कि मानो ये भीख मांग रहे हों। क्या इनका अपना देश इनके रहने लायक नहीं बचा है? आखिर क्या नहीं है भारत में? क्या विदेशों में जाने का अर्थ स्वर्ग की सैर करना है? ये हर हालत में देश छोड़ने वाले याद रखें कि इन्हें देश से बाहर तीसरे दर्जें का ही नागरिक समझा जाता है। इन्हें कभी भूमिपुत्र अपने बराबर नहीं समझ सकते। अमेरिका में पहले “वाइटएंग्लोसेक्शनप्रोटेस्टेंट”
चूंकि बीच-बीच में भारतवंशियों की सफलता की कहानियां मीडिया में आने के बाद लगता है कि देश से बाहर गए सभी भारतीय सफलता के झंडे गाढ़ रहे हैं। ये सच नहीं है। अमरिका या यूरोप के कुछेक देशों में भारतीय डाक्टरों, आईटी सेक्टर के विशेषज्ञों, इंजीनियरों वगैरह की कामयाबी बड़ी तस्वीर करोड़ों भारतीय मजदूरों की दशा को नेपथ्य में धकेल देती हैं।
मलेशिया, केन्या,तंजानिया,युगांडा,दक्षिण अफ्रीका में भारतवंशी तो लगभग 200 सालों से बसे होने के बाद भी अधिकतर अभी भी धक्के ही खा रहे हैं। मलेशिया में अधिकतर तमिल मूल के भारतवंशी ही हैं,जबकि अफ्रीकी देशों में पंजाबी और गुजराती मूल के। सब जगह भारतवंशी दूसरे या तीसरे दर्जे के नागरिक के रूप में ही रहते हैं। मलेसिया में तो भरी संख्या में तमिल मूल के निवासी पहचान को मलेशियाई में मिलाने के लिए लाखों की संख्या में मुस्लमान भी बन गये हैं । लेकिन, जबतक वे अपने बच्चों की शादियां मलेशयाई मूल के मुसलमानों के साथ करके उनमें दो-तीन पुश्त बीता नहीं लेते उन्हें ढोसा वाला या रोटी-परौठा वाला ही कहकर बुलाया जाता है । हां, इनमें से कुछेक जीवन के किसी क्षेत्र में अपनी पहचान बना लेते है। कमोबेश यही स्थिति खाड़ी देशों में भी है। इनमें कुछ भारतीयों ने अपने को बिजनेस में जरूर स्थापित कर लिया है। पर अधिकतर की हालत पतली ही है। बेहतर होगा कि जो भारतीय देश से बाहर नौकरी के लिए जाएं वे सोच-समझकर ही बाहर जाएं। वे इतना तो जरूर ही सुनिश्चित कर लें कि जिस देश में वे नौकरी करने के लिए जा रहे हैं,वहां पर उन्हें जानमाल का खतरा नहीं होगा।
मुझे करीब दो साल पहले अफ्रीकी देश अल्जीरिया में फंसे सैकड़ों कुशल-अकुशल बिहारी मजदूरों के साथ वहां जानवरों की तरह के व्यवहार के संबंध में पता चला था। वे वहां से वापस स्वदेश आना चाह रहे थे। अल्जीरिया में फंसे मजदूरों के संबंधियों ने बताया था कि उनके साथ कंपनी के लोग कैदियों सरीखा व्यवहार करते हैं। इन सबकों गोरखपुर के एक एजेंट के माध्यम से अल्जीरिया ले जाया गया था। ये अधिकतर बिहार से थे। मेरे प्रयासों से अल्जीरिया से बहुत से भारतीय वापस आ पाए थे। सबको पता है कि गृहयुद्ध से जूझ रहे यमन में भी हजारों भारतीय थे। उन्हें सरकार सुरक्षित स्वदेश लेकर आई थी। इस कार्य में भारतीय नेवी और एयरफोर्स ने ऑपरेशन राहत चलाया था। यह अभियान इराक में नहीं चल सका। लेकिन, यह कोई नहीं मान सकता कि सरकार ने इराक में फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाने की भरपूर कोशिशें नहीं की होंगी।
इराक में जो कुछ हुआ वह उन सबके लिए एक संदेश है, जो किसी भी स्थिति में देश से चंद सिक्के कमाने के इरादे से बाहर निकल जाना चाहते हैं। उन्हें देश से बाहर जाने से पहले अपनी सुरक्षा तो सुनिश्चित कर ही लेनी चाहिए।

