आदिवासी अंचल में पत्थलगड़ी अभियान का सच

संयोगवश ये सारे क्षेत्र नक्सलियों के गढ़ रहे हैं और इन सभी क्षेत्रों में चर्च भी लंबे समय से सक्रिय है

394

झारखंड के आदिवासी अंचल से शुरू हुआ पत्थलगड़ी का अभियान अब छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के तक पहुंच चुका है। गांव की सीमा पर पत्थर गाड़कर अधिकारों की मांग करने वाला ये अभियान लगातार तेज होता जा रहा है और झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा मध्य प्रदेश की सरकारों के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन गया है। झारखंड में हालांकि सरकार की कड़ाई के बाद ये अभियान कुछ कमजोर हुआ है, लेकिन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में यह पूरी तीव्रता के साथ चलाया जा रहा है। चुनावी साल होने की वजह से सरकार अपनी ओर से ज्यादा कड़ाई भी नहीं कर पा रही है। आदिवासियों के इस अभियान पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सक्रिय राजनीतिक दलों की नजर भी गड़ी हुई है। कांग्रेस जहां इसे आदिवासी जनता असंतोष बता रही है, वही बीजेपी का कहना है कि यह पूरा विवाद चर्च और नक्सलवादियों की योजना का हिस्सा है, जिसे कांग्रेस बढ़ावा दे रही है, ताकि आदिवासी समाज को आंदोलित कर चुनावी फायदा उठाया जा सके।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह तो कई बार इस बात को दोहरा चुके हैं कि ये पूरी साजिश चर्च द्वारा रची गई है, ताकि उसके धर्मांतरण के अभियान पर किसी तरह की रोक न लग सके। यहां ये बताना प्रासंगिक होगा कि छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और झारखंड इन तीनों ही राज्यों के आदिवासी क्षेत्र में चर्च लंबे समय से सक्रिय है। योजनाबद्ध तरीके से इन तीनों ही राज्यों के आदिवासियों को धर्मांतरित करने का काम चलता रहा है। बहरहाल, सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि यह पत्थलगड़ी अभियान है क्या। झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाकों में पत्थलगड़ी एक सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा रही है। इस परंपरा में गांव की सीमा पर पत्थर गाड़कर उसकेसंदेश दिया जाता था। अमूमन इस पत्थर पर ग्राम सभा के अधिकारों और निर्णयों को अंकित किया जाता था। इस अभियान में भी पत्थर गाड़कर ग्राम सभा के निर्णय के पालन को अनिवार्य कर दिया गया है। परेशानी ग्राम सभा के निर्णय से नहीं है। परेशानी इस बात की है कि पत्थलगड़ी अभियान के बाद उन इलाकों में सरकारी अधिकारियों के आने और सरकारी योजनाओं पर भी रोक लगा दी गई है। छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर खनन कंपनियों के काम पर रोक लगा दिया गया है।

इस प्रकार गांव को अभियान में लगे लोगों ने स्वायत्तशासी घोषित कर दिया है। संविधान की पांचवी अनुसूची में पंचायत एक्सटेंशन इन शिड्यूल एरिया कानून में ग्राम सभा को सर्वोपरि अधिकार दिए गए हैं। पत्थलगड़ी अभियान के समर्थकों का कहना है कि यह एक स्वतः स्फूर्त अभियान है और मूल रूप से जमीन और जंगल के अधिकार को लेकर शुरू हुआ है। यह अभियान इस बात का भी परिचायक है कि सरकारी व्यवस्था आदिवासी इलाकों की उपेक्षा कर रही है और इन क्षेत्रों का कोई विकास नहीं हुआ है। पिछले महीने छत्तीसगढ़ के जशपुर इलाके में पत्थलगड़ी अभियान के तहत इस बात की घोषणा कर दी गई थी कि पांचवी अनुसूची वाले इलाकों में ग्राम सभा ही सारे नियम और कानून तय करेगी। इसके साथ ही उन गांवों में प्रवेश करने के पहले ग्राम प्रमुख से अनुमति लेने की बात भी अनिवार्य कर दी गई थी। यहां इस अभियान की कमान ओएनजीसी से सेवानिवृत्त अधिकारी जोसेफ तिग्गा और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हेरमोन किंडो के हाथ में है। ये दोनों ही चर्च से जुड़े हुए हैं और आरोप है कि जशपुर में अभियान शुरू करने के पहले इन दोनों ने रांची के गोस्नर इवेंजेलिकल लुथेरन (जीईएल) चर्च में काफी लंबा समय बिताया है। कहा तो ये भी जा रहा है कि झारखंड के पत्थलगड़ी अभियान में ये दोनों एक्टिव रहे हैं। अब इन दोनों ने इस अभियान की शुरुआत छत्तीसगढ़ के जशपुर से की है। जशपुर ही वह जगह है जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव धर्मांतरण के खिलाफ सक्रिय हुए थे और जीवनकाल के अंतिम दिनों तक घर वापसी अभियान चलाते रहे। उनके निधन के बाद उनके पुत्र प्रबल प्रताप सिंह जूदेव इस अभियान की कमान संभाले हुए हैं। प्रबल प्रताप का कहना है कि पत्थलगड़ी के नाम पर चर्च आदिवासियों को बरगलाने की कोशिश में लगा हुआ है और इसके द्वारा समाज को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, ताकि आदिवासियों को अधिकाधिक संख्या में धर्मांतरित किया जा सके। इस अभियान में चर्च का हाथ होने के साथ ही नक्सलियों का हाथ होने की बात भी कही जा रही है।

झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के जिन क्षेत्रों में पत्थलगड़ी अभियान ने जोर पकड़ा है, वहां चर्च के साथ ही माओवादी भी काफी एक्टिव रहे हैं। लेकिन कुछ समय से सुरक्षाबल माओवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है और अब माओवादियों की गतिविधियां और उनके प्रभावक्षेत्र में कमी आई है। माओवादियों की एक्टिविटी में कमी आने पर इस क्षेत्र में विकास की गतिविधियां भी बढ़ी हैं। लेकिन ये भी एक तथ्य है कि नक्सलवादियों और चर्च दोनों को ही क्षेत्र में विकास कभी भी रास नहीं आया है। क्योंकि अगर विकास होगा, ग्रामीण आदिवासियों को सुविधाएं मिलेंगी, तो वे ना तो सुविधाओं के लालच में धर्मांतरण का मार्ग अपनाएंगे और ना ही नक्सलवादियों का साथ देंगे। आरोप लगाया जा रहा है की पत्थलगड़ी अभियान द्वारा इनका इरादा एक बार फिर इन क्षेत्रों को सरकारी विकास से दूर कर देने का है, ताकि यह क्षेत्र में विकास न हो सके और पिछड़ेपन की बदौलत चर्च और नक्सलवादियों की गतिविधियां लगातार फलती-फूलती रहें। झारखंड से शुरू हुआ पत्थलगड़ी का ये अभियान छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के साथ ही अब उड़ीसा और आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में लेने लगा है।

संयोगवश ये सारे क्षेत्र नक्सलियों के गढ़ रहे हैं और इन सभी क्षेत्रों में चर्च भी लंबे समय से सक्रिय है। ऐसे में जरूरत इस बात की है की पत्थलगड़ी अभियान के वास्तविकता को पहचाना जाए और सरकार भी इस बात पर गंभीरतापूर्वक ध्यान दे, ताकि समाज तोड़ने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके। ऐसा तभी हो सकता है जब इन क्षेत्रों तक विकास का काम ढंग से करने के लिए ढांचागत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाये। आदिवासियों के जीवनयापन की व्यवस्था में भी पर भी ध्यान देना होगा। चुनावी वर्ष होने की वजह से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में पत्थलगड़ी अभियान से निपटने में भी सरकार को काफी सतर्क रहना पड़ेगा, अन्यथा सरकार की कोई भी सख्त कोशिश उसके खिलाफ चुनाव के दौरान नकारात्मक माहौल बनाने का ही काम करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/पप्पू गोस्वामी

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.