अमरनाथ यात्रा शुरू हो गयी है और इसके साथ ही धर्मनिरपेक्षता के अलंबरदार मीडिया में अमरनाथ गुफा की कथित तौर पर खोज करने वाले मुस्लिम गड़ेरिया की कहानियां भी शुरू हो गयी हैं। कहा जा रहा है कि इस गुफा को एक मुस्लिमर गड़ेरिये बूटा मलिक ने खोजा था। इसी कहानी के आधार पर आज भी अमरनाथ में जो चढ़ावा चढ़ाया जाता है, उसका एक भाग बूटा मलिक के परिवार को दिया जाता है। लेकिन इस क्रम में यह जानना जरूरी है कि इस कहानी का सच क्या है और अमरनाथ गुफा का अस्तित्व कब से है।
अगर हिन्दू पौराणिक ग्रंथों का अध्ययन किया जाये तो पता चलता है कि इस गुफा का अस्तित्व इस्लाम के प्रादुर्भाव के पहले से है और सैकड़ों साल से यहां सनातन संस्कृति के अनुयायी बाबा बर्फानी की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। कश्मीर के इतिहास पर कल्हण की ‘राजतरंगिणी’ और नीलमत पुराण से सबसे अधिक प्रकाश पड़ता है।
श्रीनगर से 141 किलोमीटर दूर 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा को तो भारतीय पुरातत्व विभाग भी पांच हजार वर्ष प्राचीन मानता है। यानी महाभारत काल से इस गुफा की मौजूदगी की बात खुद भारतीय एजेंसियां भी मानती हैं। अमरनाथ की गुफा मानव निर्मित न होकर प्राकृतिक है। इसलिए संभव है कि ये गुफा पांच हजार साल से भी पुरानी तब की हो, जब भूगर्भीय हलचल की वजह से हिमालय की पर्वत श्रृंखला का निर्माण हुआ था।
कल्हण की ‘राजतरंगिणी’ में उल्लेख मिलता है कि कश्मीर के राजा सामदीमत शैव थे और वह पहलगाम के वनों में स्थित बर्फ के शिवलिंग की पूजा-अर्चना करने जाते थे। बर्फ का शिवलिंग अमरनाथ को छोड़कर और कहीं नहीं है। यानी नये जमाने के इतिहासकारों का 1850 में बूटा मलिक द्वारा अमरनाथ की गुफा को खोजे जाने का जो तर्क देते हैं, उसमें कोई दम नहीं है। क्योंकि इससे कई सौ साल पहले कश्मीर के राजा बाबा बर्फानी की पूजा करने जाया करते थे। इसी तरह नीलमत पुराण और बृंगेश संहिता में भी अमरनाथ तीर्थ का उल्लेख मिलता है। बृंगेश संहिता के अनुसार अमरनाथ की गुफा की ओर जाते समय अनंतनया (अनंतनाग), माच भवन (मट्टन), गणेशबल (गणेशपुर), मामलेश्वर (मामल), चंदनवाड़ी, सुशरामनगर (शेषनाग), पंचतरंगिरी (पंचतरणी) और अमरावती में यात्री धार्मिक अनुष्ठान किया करते थे।
वहीं छठी शताब्दी में लिखे गये नीलमत पुराण में भी अमरनाथ यात्रा का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। इसमें कश्मीर के इतिहास, भूगोल, लोककथाओं, धार्मिक अनुष्ठानों आदि की विस्तृत जानकारी दी गयी है। नीलमत पुराण में अमरेश्वरा के बारे में दिये गये वर्णन से पता चलता है कि छठी शताब्दी में लोग शिव के दर्शन तथा पूजन के लिए अमरनाथ की यात्रा किया करते थे।
इसी तरह अमित कुमार सिंह द्वारा लिखित ‘अमरनाथ यात्रा’ नामक पुस्तक के अनुसार पुराणों में अमरगंगा का भी उल्लेख है, जो सिंधु नदी की एक सहायक नदी थी। अमरनाथ गुफा जाने के लिए इस नदी के पास से गुजरना पड़ता था। ऐसी मान्यता थी कि बाबा बर्फानी के दर्शन से पहले इस नदी की मिट्टी शरीर पर लगाने से सारे पाप धुल जाते हैं। शिव भक्त इस मिट्टी को अपने शरीर पर लगाते थे।
पुराण में बताया गया है कि अमरगंगा से आगे चलने के बाद अमरनाथ गुफा के दर्शन होते हैं। इसी गुफा में बर्फ से बना एक विशाल शिवलिंग था, जिसे बाहर से ही देखा जा सकता था। बर्नियर ट्रेवल्स में भी इस शिवलिंग का वर्णन किया गया है। विंसेट-ए-स्मिथ ने बर्नियर की पुस्तक के दूसरे संस्करण का संपादन करते हुए लिखा है कि अमरनाथ की गुफा आश्चर्यजनक है, जहां छत से पानी बूंद-बूंद टपकता रहता है और जमकर बर्फीले खंड का रूप ले लेता है। हिंदू इसी को शिव की प्रतिमा के रूप में पूजते हैं।
इतना ही नहीं, इतिहास में 1420 से 1470 तक कश्मीर में शासन करने वाले बादशाह जैनुलबुद्दीन के भी अमरनाथ की यात्रा करने का उल्लेख मिलता है। इतिहासकार जोनराज ने इसका उल्लेख किया है। इसी तरह मुगल बादशाह अकबर के दरबारी इतिहासकार अबुल फजल ने अपनी पुस्तक ‘आईन-ए-अकबरी’ में अमरनाथ का जिक्र एक पवित्र हिंदू तीर्थस्थल के रूप में किया है। ‘आईन-ए-अकबरी’ में लिखा है कि गुफा में बर्फ का एक बुलबुला बनता है, जो थोड़ा-थोड़ा करके 15 दिन तक रोजाना बढ़ता है और दो गज से अधिक ऊंचा हो जाता है। चंद्रमा के घटने के साथ-साथ वह भी घटना शुरू हो जाता है और जब चांद लुप्त हो जाता है तो बर्फ का गोला भी विलुप्त हो जाता है।
इतिहासकारों का एक मत ये भी है कि विदेशी इस्लामी आक्रमणकारियों के हमले के बाद कश्मीर से हिन्दुओं का भारी संख्या में पलायन हुआ था। इन आक्रांताओं के भय की वजह से ही चौदहवीं शताब्दी के मध्य से अठारहवीं शताब्दी तक ये यात्रा बाधित रही। इस दौरान इक्का-दुक्का संन्यासी ही अमरनाथ की यात्रा पर जाते रहे, जबकि इस्लामी आक्रमणकारियों के डर से आम जनता इससे दूर बनी रही। जिस बूटा मलिक को अमरनाथ गुफा का खोजकर्ता बताया जाता है, उसे भी उस स्थान तक एक साधु द्वारा ले जाये जाने का उल्लेख मिलता है। अमरनाथ तक की यात्रा करने के लिए उस साधु ने बूटा मलिक की मदद अपना सामान ले जाने के लिए ली थी। लेकिन पश्चिमी शिक्षा से प्रभावित इतिहासकारों को ने उस बूटा मलिक को ही अमरनाथ गुफा का खोजकर्ता घोषित कर दिया। जिसके कारण आज भी अमरनाथ गुफा के चढ़ावे का एक हिस्सा बूटा मलिक के वंशजों को दिया जाता है।
भारत सरकार को इस दिशा में काम करना चाहिए, ताकि इतिहास के इस झूठ का खुलासा हो सके। देश के हित में धर्मनिरपेक्षता जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर झूठी बात को प्रचारित किया जाना किसी भी स्थिति में ठीक नहीं है। क्योंकि अगर पुराणों और 11वीं सदी में लिखी गयी राजतरंगिणी में अमरनाथ गुफा का जिक्र मिलता है, तो इससे ही ये बात स्पष्ट हो जाती है कि इसकी खोज सदियों पहले की गयी थी और इसकी खोज से बूटा मलिक नाम के मुस्लिम गड़ेरिये का कोई संबंध नहीं है।

