उज्जैनवासियों के लिए श्रद्धात्मक व भावनात्मक मुद्दा बन चुकी क्षिप्रा नदी को फिर कल-कल, छल-छल करती क्षिप्रा बनाने में भाभा अटॉमिक रिसर्च सेंटर (बार्क) मध्यप्रदेश सरकार की मदद करने आगे आ रहा है। निश्चित ही यह एक एक सुखद समाचार है। यदि यह ऐसा हो जाता है तो आने वाले दिनों में वह दिन कभी नहीं आएगा जब क्षिप्रा प्रवाह के लिए मां नर्मदा का स्तुतिगान करना पड़े। यह अपने आप में एक नदी का जीवंत होना तो होगा ही साथ में मालवा की प्यासी धरती को लगातार सिंचित करने का कारण भी बनेगा। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) एवं परमाणु ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला के दौरान जब बार्क के वैज्ञानिकों ने बताया कि कैसे उन्होंने आइसोटॉप तकनीक से उत्तराखंड के कई सूख चुके झरनों का फिर से बहना शुरू कराने में सफलता पाई है, तब उनसे उज्जैन की प्रसिद्ध क्षिप्रा नदी के सूखने एवं क्षिप्रा नदी के उद्गगम स्थल क्षिप्रा टेकरी के बारे में चर्चा की गई और पूछा गया की क्या इस तकनीक से मां क्षिप्रा को पुनः बहती हुई नदी बनाने में कोई मदद मिल सकती है।
यह सुखद है कि इसके प्रति उत्तर में रेडियो केमिस्ट्री एंड आइसोटॉप ग्रुप के डायरेक्टर डॉ बीएस तोमर यह कहते दिखे कि आइसोटॉप तकनीक के माध्यम से पता लगाया जा सकता है कि पानी किन स्रोतों से इस नदी में आता था और इस नदी में जाने वाला पानी कहां रिस जाता है। फिर यह तकनीक ज्यादा खर्चीली भी नहीं है कि इसके खर्चे को देखते हुए इस पर काम करना कठिन हो। डॉ तोमर कहते हैं कि यदि मध्य प्रदेश सरकार चाहे तो बार्क की टीम स्टडी कर नदी को पुनर्जीवित करने में मध्यप्रदेश शासन की मदद कर सकती है। यदि शासन द्वारा बार्क को इस कार्य हेतू विधिवत आमंत्रित किया जाता है तो हम अध्ययन के लिए जरूर आएंगे। विस्तारित चर्चा में जब डॉ तोमर को क्षिप्रा-नर्मदा लिंक योजना एवं उस पर होने वाले खर्च की जानकारी दी गई तो यह बात उनके लिए भी चिंतित करने वाली थी ।
वस्तुत: क्षिप्रा को सदानीरा बनाने के लिए अभी तक कई योजनाएं बनी, अरबों रुपए खर्च भी हुए, लेकिन बिना सटीक वैज्ञानिक अध्ययन के ये सारा पैसा व्यर्थ हो रहा है। पिछले दिनों उज्जैन में सम्पन्न सिंहस्थ 2016 के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षिप्रा-नर्मदा लिंक योजना बनाई थी । योजना की शुरुआती लागत ही लगभग 432 करोड़ रुपये रही। योजना में क्षिप्रा को सदानीरा बनाने हेतू नर्मदा से पानी लिफ्ट कर क्षिप्रा में छोड़ा गया, मगर उस पर होने वाले बिजली के भारी भरकम खर्च से यह बड़ी योजना सिर्फ नाम मात्र ही रह गई । प्रोजेक्ट पर हर दिन 11 लाख रुपए की बिजली खर्च होती रही। यानी हर घंटे करीब 50 हजार रुपए पानी में बहाए गए, लेकिन इसका फायदा न किसानों को हुआ न शहरवासियों को । क्योंकि जितना महंगा नर्मदा का पानी क्षिप्रा में छोड़ा जा रहा है, उतना ही दूषित पानी खान नदी से क्षिप्रा में प्रतिदिन मिल रहा है। ऐसे में इस प्रोजेक्ट की उपयोगिता पर सवालिया निशान समय-समय पर उठते रहे हैं।
यह भी सच है कि क्षिप्रा शुद्धीकरण का बीड़ा बीते कई सालों से प्रदेश सरकार व स्थानीय नेता उठाते रहे हैं। यदि सरकार बार्क के वैज्ञानिकों को अध्ययन के लिए निमंत्रित करती है एवं अध्ययन से मिले परिणामों से क्षिप्रा के सदानीरा होने की संभावनाएं बनती हैं, तो शायद कम खर्च में क्षिप्रा शुद्ध एवं सदानीरा हो जाएगी ऐसी आशा करना चाहिए ।

