पिछले पांच सौ साल के जैन धर्म के इतिहास में उपाध्याय पुष्कर मुनि पहले ऐसे संत थे, जिन्होंने ‘पादोपगमन’ संथारा लिया था। उनका 25 मार्च को उदयपुर में उनका पुण्य स्मृति दिवस मनाया जायेगा। पुष्कर मुनि ऐसे महागुरु थे जिन्होंने समाज को आचार्य सम्राट देवेन्द्र मुनि जैसा आचार्य दिया। जिन्होंने साहित्य की विविध विधाओं में 450 से अधिक ग्रंथों का लेखन कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया।
विश्व संत उपाध्याय पुष्कर मुनि (अम्बालाल) ने मेवाड़ के सेमटाल (वर्तमान में पुष्कर नगर) गांव के निवासी सूरजमल पालीवाल की धर्मपत्नी वालीबाई की कोख से 17 अक्टूबर 1910 की आश्विन शुक्ला चतुर्दशी के दिन जन्म लिया। जन्म के बाद अनका नाम अंबालाल रखा गया। उनकी संघर्षमय जीवन यात्रा का प्रथम पड़ाव माता के स्वर्गवास से शुरू हुआ। छोटी उम्र में ही अंबालाल के मन में विचार उत्पन्न हुआ कि संसार असार है। माता की मृत्यु को देख मन में वैराग्य का भाव जागृत होने से उन्होंने महास्थवीर ताराचंद से मात्र 14 वर्ष की अल्पायु में 12 जून 1924 की ज्येष्ठ शुक्ला दशमी के दिन गढ़ जालौर में जैन भागवती दीक्षा अंगीकार कर ली।
उपाध्याय पुष्कर मुनि वैदिक एवं श्रमण संस्कृति के अनूठे सेतु थे। दीक्षा ग्रहण करने के बाद वे जैन साधना पद्धति पर बढ़ते गये। गीता एवं उपनिषद् के घोषों के बीच आगम की गाथाओं एवं णमोकार महामंत्र का निनाद उनके व्यक्तिव का एक आवश्यक सोपान बन गया। पुष्कर मुनि संस्कृत के साथ-साथ वैदिक, बौद्ध, न्याय आदि दर्शनों तथा गीता, उपनिषद् एवं आगम ग्रन्थों के प्रकाण्ड विद्वान थे। तीस अगस्त 1976 भाद्रपद शुक्ला षष्ठी को वे उपाध्याय पद से सुशोभित हुए। पुष्कर मुनि हिन्दी, प्राकृत, संस्कृत, पाली, राजस्थानी, गुजराती, मराठी, उर्दू आदि 9 भाषाओं के ज्ञाता होने के साथ-साथ साहित्य-लेखन के भी धनी थे। आध्यात्मिक और नैतिक विषयों पर उन्होंने 135 पुस्तकों का लेखन किया। उन्होंने जैन कथा के 111 भागों, 300 विषय और एक हजार से अधिक कहानियों का लेखन कर अपना नाम अमर किया। उनके उपदेश प्रेम, अहिंसा, सहिष्णुता पर आधारित होते थे। उन्होंने अपने प्रवचनों और व्यवहार द्वारा जीवन के उच्चतम नैतिक, मानवीय और आध्यात्मिक मूल्यों को प्रस्तुत किया।
सलाहकार दिनेश मुनि बताते हैं कि उपाध्याय पुष्कर मुनि ने जो संथारा लिया था वह इतिहास की सर्वथा अनूठी घटना है। ऐसा संथारा पिछले 500 वर्ष के इतिहास में अन्य किसी ने नहीं लिया। इस संथारा को ‘पादोपगमन’ था। जिस प्रकार वृक्ष के जमीन पर गिरने के बाद वह शाखा न हिलती-डुलती है और न किसी प्रकार हलचल करती है, उसी प्रकार इस संथारे का धारक संथारा ग्रहण करने के बाद किसी तरह की कोई हलचल नहीं करता। न उसके हाथ-पांव हिलते-डुलते हैं और न कोई अन्य अंग ही स्फूरन देता है। यहां तक कि नजरों की पलकें भी अपलक रहती हैं। संथारा के वक्त उनके आसपास 250 से अधिक संत-सतियों की उपस्थिति थी।
उदयपुर में ही उपाध्याय पुष्कर मुनि ने अंतिम श्वांस ली थी और तारक गुरु जैन ग्रंथालय परिसर में ही उनके पार्थिक शरीर को मुखाग्नि दी गई थी। उसी स्थल पर उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए 21 वर्ष पूर्व गुरु पुष्कर पावन धाम-स्मारक बनाया गया। अभी उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर लाखों रुपए लगाकर उसका जीर्णोद्धार कराया गया है। मुख्य स्थल पर अष्टधातु से निर्मित कलश व स्मारक परिसर में उनका चित्र व णमोकार महामंत्र अष्टमंगल लगाये जा रहे हैं। स्थानकवासी जैन समाज में प्रथम मौका था जब वर्ष 2007 में स्मारक शिखर पर स्वर्ण युक्त कलश स्थापित किया गया।
उपाध्याय पुष्कर मुनि के पुण्य स्मृति दिवस को भव्य रूप प्रदान करने के लिए दिनेश मुनि पुणे में चातुर्मास संपन्न कर डॉ. द्वीपेन्द्र मुनि एवं डॉ. पुष्पेन्द्र मुनि के साथ 77 दिनों में 1500 किलोमीटर का विहार कर उदयपुर पहुंचे हैं। संयोग ही है कि जैनधर्म दिवाकर आचार्य सम्राट देवेन्द्र मुनि महाराज भी उदयपुर में ही प्रवास कर रहे हैं। आचार्य सम्राट सहित इस समारोह में श्रमण संघीय चतुर्थ पट्टधर युग प्रधान आचार्य सम्राट शिव मुनि, श्रमण संघीय प्रमुख मंत्री श्रीष मुनि, शेरे राजस्थान वरिष्ठ प्रवर्तक अहिंसा दिवाकर रूपचन्द महाराज, महाश्रमण पूज्य जिनेन्द्र मुनि, तपस्वी प्रवीण मुनि आदि संत वृंदों का सान्निध्य भी उपाध्याय मुनि पुष्कर के पुण्य स्मरण दिवस को ऐतिहासिक रूप प्रदान करने की दिशा में बढ़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ कौशल मूंदड़ा

