डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार कमजोर होता जा रहा है। सिर्फ छह महीने में इसकी कीमत पांच रुपये से ज्यादा लुढ़क चुकी है। साल के पहले दिन प्रति डॉलर 63.68 रुपये की कीमत से गिरकर ये 28 जून को 68.79 रुपये के स्तर पर आ गया था। डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में आयी इस कमजोरी ने चिंता के हालत बना दिये हैं। करेंसी बाजार में रुपया अभी तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुका है।
हालांकि इसके लिए प्राथमिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आयी उछाल को माना जा रहा है। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन ने ईरान पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही उससे तेल खरीदने वाले देशों को नवंबर तक अपना कारोबार समेट लेने की जो चेतावनी दी है, उसका भी काफी असर पड़ा है। सच्चाई तो यह है कि हर महीने के अंत में सौदों के निपटारे के लिए देश के तमाम ऑयल मार्केटिंग कंपनियां डॉलर की मांग में बढ़ोतरी करती हैं। भारत के कुल आयात में क्रूड ऑयल की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। यही कारण है कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा डॉलर की मांग में बढ़ोतरी किए जाने के कारण हर महीने के अंतिम दिनों में रुपये की कीमत कमजोर हो जाती है। लेकिन, जून के महीने में रुपये की कीमत में आयी गिरावट सिर्फ ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की मांग का असर ही नहीं हैं। इसका संबंध वैश्विक आर्थिक-राजनीतिक परिस्थितियों से अधिक है, जो आने वाले समय में भारत के सामने कई दूसरी चुनौतियां पेश कर सकती हैं।
अमेरिका ने पिछले बुधवार को ही भारत और चीन समेत कई देशों को ईरान से कच्चे तेल का आयात बंद करने या फिर प्रतिबंध का सामना करने की चेतावनी दी है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया। इसके साथ ही अमेरिका और चीन के बीच जारी ट्रेड वार का असर भी पूरे विश्व व्यापार पर पड़ा है। जिसकी वजह से दुनिया भर के उभरते बाजारों में डॉलर की मजबूती नजर आ रही है। अगर अमेरिका ईरान से कच्चा तेल लेने पर प्रतिबंध लगाने की जिद पर अड़ा रहा, तो यह स्थिति भारत के लिए चिंताजनक हो जाएगी। भारत सऊदी अरब और इराक के बाद सबसे ज्यादा तेल ईरान से ही मंगाता है। ईरान के ग्राहकों में भी चीन के बाद भारत ही सबसे बड़ा ग्राहक है। इसके पहले भी अमेरिका ने जब ईरान पर प्रतिबंध लगाया था, तब भी भारत अमेरिका से बातचीत कर कुछ मात्रा में कच्चे तेल की खरीद ईरान से करता रहा था, लेकिन अभी के हालात अलग हैं। अमेरिकी प्रशासन किसी भी हालत में ईरान के मामले में समझौता करने के लिए राजी नहीं है। मतलब भारत को कच्चे तेल की खरीद के लिए ईरान की जगह किसी अन्य देश का मुंह देखना होगा। वहीं चूंकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईरान का तेल उपलब्ध नहीं होगा, इसलिए कच्चे तेल की कीमत भी और उछाल लेगी, जिसका सीधा असर भारत में डॉलर की मांग पर पड़ेगा। ऐसा होने पर रुपये का कमजोर होना स्वभाविक है।
माना तो यही जा रहा है अगर हालात पर जल्द ही काबू नहीं पाया गया तो रुपये की कीमत प्रति डॉलर 70 रुपये से भी नीचे जा सकती है। इसके पहले 28 अगस्त 2013 को रुपये ने प्रति डॉलर 68.80 रुपये की गिरावट का ऑलटाइम लो रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन उसके बाद रुपये की कीमत में सुधार आया और जनवरी में यह 63.68 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। लेकिन, इस साल रुपया लगातार कमजोर हो रहा है और अभी तक वह 7 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है। करेंसी मार्केट के जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, बांड मार्केट में भी बिकवाली बढ़ने से डॉलर की सप्लाई घटी है। ऐसे में डॉलर का और मजबूत होना भी तय माना जा रहा है। इसके साथ ही विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भी इस साल भारत से जबरदस्त निकासी की है। अभी तक एफआईआई भारतीय बाजार से 46,197 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी डॉलर के रूप में कर चुके हैं। इससे भी डॉलर पर दबाव काफी बढ़ा है। जानकारों का मानना है रुपये की कमजोरी से भारत के चालू खाता घाटे में और महंगाई में बढ़ोतरी होने की भी आशंका है। इसका असर भारत के शेयर मार्केट पर भी पड़ सकता है। रुपये के मुकाबले डॉलर की मजबूती के कारण जरूरी सामानों की कीमत में भी तेजी का रुख देखा जा सकता है। सच तो ये है कि भारत जिन-जिन चीजों का आयात करता है, वे चीजें डॉलर की मजबूती से महंगी हो जायेंगी। साथ ही उन तमाम सेक्टरों पर भी काफी दबाव बढ़ जायेगा, जिनका काम आयात पर निर्भर करता है।
भारतीय रिजर्व बैंक के सामने इस समय रुपये की कीमत स्थिर बनाये रखने की सबसे बड़ी चुनौती है। मौजूदा वैश्विक व्यवस्था में भारत में विदेशी मुद्रा का प्रवाह घटा है, जबकि भारत से विदेशी मुद्रा तेजी से निकली है। ऐसे में डॉलर की कीमत को संभालने के लिए आरबीआई को अभी ही ठोस नीति बनानी होगी, ताकि देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर भी ज्यादा असर न पड़े और रुपया की कीमत भी न गिरे। हालांकि वित्त मंत्रालय का दावा है कि रुपये की हालिया कमजोरी ज्यादा चिंता करने की बात नहीं है। देश में रुपये की कीमत में हुई उथल-पुथल से निपटने के लिए अभी पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार है और अगर जरूरत पड़ी तो आरबीआई करेंसी मार्केट में डॉलर का प्रवाह बढ़ा सकता है। इसके अलावा जरूरत पड़ी तो सरकार फौरेक्स रिजर्व बढ़ाने के इरादे से फॉरेन करेंसी नॉन रिपैट्रिएबल डिपॉजिट, सॉवरेन बांड या अन्य तरीकों से फंड जुटा सकती है। सरकार के पास ये सारे विकल्प अभी खुले हुए हैं। सबसे बड़ी बात तो ये है की 2013 की तुलना में अभी की स्थिति ज्यादा बेहतर है। इसलिए कहा जा सकता है कि देश को अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है।
सबसे बड़ी बात तो ये है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती से सिर्फ भारत ही प्रभावित नहीं हुआ है, पूरी दुनिया के देशों की करंसी पर इसका असर पड़ा है। इस संबंध में रेटिंग एजेंसी मूडीज का कहना है भारत उन चुनिंदा पांच देशों में शामिल है, जिसकी करंसी पर डॉलर की मजबूती का कुछ समय के लिए अस्थाई प्रभाव रहेगा। अपनी ताजा रिपोर्ट में एजेंसी ने कहा है कि भारत, चीन, मेक्सिको, रूस और ब्राजील उन देशों में है, जो करेंसी के दबाव को लेकर फिलहाल सबसे कम जोखिम की स्थिति में है। इस रिपोर्ट में भारत के करंट अकाउंट डेफिसिट का भी उल्लेख किया गया है और इसके लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमत को जिम्मेदार ठहराया है। सच्चाई भी यही है कि पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार होने की वजह से भारत अन्य देशों की तुलना में ज्यादा बेहतर स्थिति में है। इसलिए इसे लेकर बहुत घबराने की बात नहीं है।
रुपये की कीमत में गिरावट के सकारात्मक असर की बात करें, तो इससे निर्यातक फायदे में रहने वाले हैं, क्योंकि रुपये की कीमत में आयी कमी अंतरराष्ट्रीय बाजार के प्रतिस्पर्द्धी माहौल में उन्हें तुलनात्मक तौर पर कम कीमत में अपने उत्पादों को बेचने का मौका देगी, वहीं उन्हें अपने उत्पादों के एवज में भारतीय मुद्रा में अधिक पैसे की प्राप्ति हो सकेगी।

