भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India/ASI) के निष्कर्षों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद के स्थल पर किसी समय एक “बड़ा हिंदू मंदिर” हुआ करता था। इससे पहले विवाद में हिंदू और मुसलमान दोनों पक्षों ने काशी विश्वनाथ मंदिर से सटे ज्ञानवापी मस्जिद परिसर पर ASI सर्वेक्षण रिपोर्ट की प्रतियों के लिए आवेदन किया था।
हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि ASI के अनुसार यह कहा जा सकता है कि मौजूदा ढांचे के निर्माण से पहले वहां एक बड़ा हिंदू मंदिर मौजूद था। यह ASI का निर्णायक निष्कर्ष है।
प्रेस वार्ता में ASI की रिपोर्ट का हवाला देते हुए जैन ने कहा कि मस्जिद की पश्चिमी दीवार हिंदू मंदिर का हिस्सा है। उन्होंने आगे कहा कि देवनागरी, तेलुगु और कन्नड़ में स्तंभों पर 32 हिंदू मंदिरों के शिलालेख पाए गए। जैन ने एएसआई रिपोर्ट का हवाला देते हुए आगे बताया कि मंदिर के स्तंभों पर प्रतीकों को मिटाने का प्रयास किया गया।
पिछले साल 21 जुलाई को पारित ज़िला अदालत के एक आदेश के बाद ASI ने यह निर्धारित करने के लिए ज्ञानवापी परिसर का वैज्ञानिक सर्वेक्षण किया था कि क्या मस्जिद का निर्माण हिंदू मंदिर की पहले से मौजूद संरचना पर किया गया था।
हालांकि हाल ही तक सभी इतिहासकार जानते थे और अपनी अपनी पुस्तकों में लिखते भी थे कि सितंबर 1669 में औरंगज़ेब ने मंदिर को ध्वस्त करने का आदेश दिया और उस स्थान पर एक मस्जिद का निर्माण संभवतः औरंगज़ेब ने स्वयं करवाया, हिंदू याचिकाकर्ताओं के यह दावा करने के बाद कि 17वीं सदी की मस्जिद का निर्माण पहले से मौजूद मंदिर के ऊपर किया गया था, अदालत ने सर्वेक्षण का आदेश दिया था। फिर ASI ने 18 दिसंबर को सीलबंद लिफाफे में अपनी सर्वेक्षण रिपोर्ट जिला अदालत को सौंपी थी।


