वाराणसी ज़िला न्यायालय ने बुधवार को हिंदू पक्ष को ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के भीतर व्यास के तहख़ाने में प्रार्थना करने की अनुमति दे दी। हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि ज़िला प्रशासन को 7 दिनों के भीतर व्यवस्था करनी होगी क्योंकि सात दिनों के भीतर पूजा आरंभ हो जाएगी। सभी को पूजा करने का अधिकार होगा।
इस बीच मुसलमान पक्ष ने ज़िला न्यायालय के फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देने का निर्णय लिया है।
इससे पहले सोमवार को ज्ञानवापी मस्जिद विवाद में हिंदू पक्ष ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India या ASI) द्वारा साक्ष्य पाए जाने के बाद ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र को खोलने के लिए सर्वोच्च न्यायालय का रुख़ किया था जहाँ माना जाता है कि परिसर में पहले से उपस्थित एक हिंदू मंदिर के भीतर एक शिवलिंग स्थित है।
वुज़ूख़ाना मस्जिद परिसर के उस स्थान को कहते हैं जहाँ मुसलमान नमाज़ अदा करने से पहले आचमन करते हैं। मस्जिद परिसर के ASI के सर्वेक्षण को लंबित रखते हुए 2022 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बंद कर दिया गया था। वकील विष्णु शंकर जैन द्वारा प्रतिनिधित्व किए गए हिंदू पक्ष ने स्थगन आदेश को हटाने और ASI को ‘शिवलिंग’ को हानि पहुँचाए बिना ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र में एक और सर्वेक्षण करने की अनुमति देने के लिए एक आवेदन दायर किया।
जैन ने कहा कि ASI को ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र का अध्ययन करने की अनुमति दी जानी चाहिए क्योंकि इससे पता चलेगा कि यह एक फव्वारा है या शिवलिंग। उन्होंने कहा कि मैंने सर्वोच्च न्यायालय में एक आवेदन दायर किया है जिसमें 19 मई 2023 को दिए गए स्थगन आदेश को हटाने के लिए कहा गया है। ASI को ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र का अध्ययन और उसकी प्रकृति अध्ययन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
ASI सर्वेक्षण में हिंदू मंदिर के साक्ष्य मिले
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का ASI सर्वेक्षण 4 अगस्त 2023 को शुरू हुआ जब इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने मुसलमान वादियों की याचिका ख़ारिज कर दी जिन्होंने ASI द्वारा वैज्ञानिक सर्वेक्षण के लिए वाराणसी न्यायालय के आदेश पर रोक लगाने की मांग की थी। ASI के दल ने मस्जिद परिसर की सतह के नीचे क्या है इसकी जाँच करने के लिए भूमि के भीतर प्रवेश कर पाने वाले रडार और अन्य वैज्ञानिक उपकरणों का प्रयोग किया। टीम ने ‘वुज़ूख़ाना’ को छोड़कर आंतरिक और बाहरी दीवारों तहख़ाने और परिसर के अन्य भागों का भी सर्वेक्षण किया।
जनवरी की 27 को जैन ने कहा कि 800 पृष्ठ लंबी ASI रिपोर्ट ने पुष्टि की है कि ज्ञानवापी मस्जिद 17वीं शताब्दी में एक हिंदू मंदिर को नष्ट करने के पश्चात बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में मस्जिद परिसर के भीतर कन्नड़, देवनागरी और तेलुगु भाषाओं में प्राचीन ग्रंथ मिलने का उल्लेख है जो रुद्र जनार्दन और विश्वेश्वर से संबंधित थे। उन्होंने यह भी कहा कि तोड़े गए मंदिर के खंभों का प्रयोग मस्जिद के निर्माण में किया गया था।

वाराणसी न्यायालय को सौंपी गई ASI रिपोर्ट में कहा गया है कि 17वीं शताब्दी में औरंगज़ेब के शासनकाल के दौरान पहले से उपस्थित संरचना को नष्ट कर दिया गया था और वर्तमान संरचना में इसके कुछ हिस्से को संशोधित और पुन: उपयोग किया गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि वर्तमान ढाँचे के निर्माण से पहले उसी स्थान पर एक बड़ा हिंदू मंदिर हुआ करता था।
ASI रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वर्तमान संरचना की पश्चिमी दीवार पहले से उपस्थित हिंदू मंदिर का शेष भाग है। रिपोर्ट में एक कमरे के भीतर मिले अरबी-फ़ारसी शिलालेख का हवाला दिया गया है जिसमें कहा गया है कि मस्जिद औरंगज़ेब के 20वें शासनकाल (1676-77 ई०) में बनाई गई थी। इसलिए ऐसा प्रतीत होता है कि पहले से उपस्थित संरचना को 17वीं शताब्दी में औरंगज़ेब के शासनकाल के समय नष्ट कर दिया गया था और इसके कुछ हिस्से को वर्तमान संरचना में संशोधित और पुन: उपयोग किया गया था।
ASI रिपोर्ट में कहा गया है कि वैज्ञानिक अध्ययन व सर्वेक्षण, वास्तुशिल्प अवशेषों, उजागर विशेषताओं और कलाकृतियों, शिलालेखों, कला और मूर्तियों के अध्ययन के आधार पर यह कहा जा सकता है कि वर्तमान संरचना के निर्माण से पहले एक हिंदू मंदिर उपस्थित था।



[…] […]