श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने बुधवार को वाराणसी ज़िला अदालत के हिंदू पक्ष को ज्ञानवापी मस्जिद के अंदर प्रार्थना करने की अनुमति देने के आदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एक भूल को सुधार लिया गया है। उन्होंने कहा कि आदेश दिया गया है कि वहाँ प्रार्थना की जाती थी और इसे जारी रखा जाना चाहिए। यह अच्छा है कि पूजा करने का अधिकार दिया गया है। सच्चाई सामने आ गई है।
पुजारी ने कहा कि जिन लोगों ने पूजा रोकी और जिस तरह से पूजा रोकी गई, दोनों बातें ग़लत थीं… उन्होंने पूजा करने का अधिकार देने के लिए अदालत को धन्यवाद दिया। यह ख़ुशी की बात है… पूजा रोकना ग़लत था, लेकिन अब ग़लती सुधार ली गई है।
वाराणसी ज़िला अदालत ने बुधवार को एक दिवंगत पुजारी के परिवार को ज्ञानवापी मस्जिद के तहख़ाने में हिंदू देवताओं की पूजा करने का अधिकार दिया। यह आदेश न्यायाधीश एके विश्वेश ने पारित किया जिन्होंने ज़िला अधीक्षक को मस्जिद के अंदर पूजा की सुविधा के लिए सात दिनों के भीतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
पुजारी सोमनाथ व्यास 1993 तक तहखाने में पूजा-अर्चना करते रहे। फिर जब वाराणसी के अधिकारियों ने तहख़ाने को बंद कर दिया तो यह प्रथा बंद हो गई। व्यास के पोते शैलेन्द्र कुमार पाठक ने तहख़ाने में पूजा करने के अधिकार को लेकर अदालत का रुख़ किया था।
हिंदू पक्ष के वकील ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में नमाज बंद कर दी गई थी जबकि मुसलमान पक्ष इस निर्णय को इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनौती देगा।
हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि हिंदू भक्तों को परिसर के भीतर प्रार्थना करने से रोकने के लिए सरकार द्वारा कोई लिखित आदेश नहीं दिया गया था। उन्होंने कहा कि व्यवस्था होते ही हिंदू श्रद्धालु पूजा-अर्चना शुरू कर देंगे। काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट को पूजा-अर्चना की व्यवस्था करने के लिए किसी आदेश की आवश्यकता नहीं है। हमने अपना क़ानूनी काम कर लिया है, सात दिनों के भीतर पूजा आरंभ करवाना ट्रस्ट पर निर्भर है।
जैन ने कहा कि एक राज्य सरकार ने हिंदू श्रद्धालुओं को वहां पूजा करने से रोकने के लिए अपनी शक्ति का दुरुपयोग किया है। आज कोर्ट ने इसे अपने क़लम से सुधार दिया और पूजा की अनुमति देने का आदेश दिया।
ज्ञानवापी मस्जिद के तलघर में चार तहख़ाने हैं। इनमें से एक पर व्यास परिवार का नियंत्रण है।
कुछ दिन पहले भारतीय पुरातात्त्विक सर्वेक्षण (Archaeological Survey of India) ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि मस्जिद एक बड़े हिंदू मंदिर के अवशेषों पर बनाई गई थी।


