भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी यात्रा के माध्यम से बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोटों को मज़बूत कर रहे हैं और “हिंदुओं के साथ अन्याय” कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गांधी की यात्रा में अब तक सिर्फ़ मुसलमान भागीदार शामिल हुए हैं और दावा किया कि उनके पास इसका वीडियो सबूत है।
दुबे ने कहा कि —
उन्होंने (राहुल गांधी) अब तक जिन स्थानों का दौरा किया है — मुर्शिदाबाद, मालदा, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा… ये सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों के केंद्र हैं। वह बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोटों को मज़बूत कर रहे हैं और हिंदुओं के साथ अन्याय कर रहे हैं… आप हिंदू भी नहीं हैं लेकिन फिर भी अगर आप ख़ुद को हिंदू घोषित करना चाहते हैं तो हम इसका स्वागत करते हैं। लेकिन जब आओगे तो हिंदुओं की भी रक्षा करना, मुसलमान आपके साथ नहीं रहने वाले हैं।
भाजपा ने कई बार राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। सत्तारूढ़ पार्टी और उसके समर्थक भी अक्सर यह दावा करते हैं कि कांग्रेस के प्रमुख परिवार में जवाहरलाल नेहरू के ज़माने से ही कोई हिन्दू नहीं है।
गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल जिले में भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की थी। यात्रा 100 लोकसभा क्षेत्रों और 337 विधानसभा क्षेत्रों और 110 जिलों को कवर करते हुए 6,713 किमी की दूरी तय करने के लिए निर्धारित है।
मणिपुर के अलावा यात्रा चार पूर्वोत्तर राज्यों — नागालैंड (दो दिनों में 257 किमी), अरुणाचल प्रदेश (एक दिन में 55 किमी), मेघालय (एक दिन में पांच किमी) और असम (आठ दिनों में 833 किमी) — से गुज़र चुकी है। फ़िलहाल कांग्रेस नेता झारखंड में प्रवेश कर चुके हैं जहाँ से वे ओड़िषा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जाएंगे और 67 दिनों के बाद 20 मार्च को मुंबई में यात्रा का समापन करेंगे।


