बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में पंचायत समिति के चुनाव जीतने वाले पार्टी के छह हजार सदस्यों में से लगभग तीन हजार को उनकी सुरक्षा के लिए अन्य स्थानों पर भेजना पड़ा है। बीजेपी के इन विजेताओं को सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की ओर से लगातार धमकियां मिल रहीं थीं। उनसे कहा जा रहा था कि या तो वे पंचायत समिति के सदस्य पद से इस्तीफा दें या फिर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो जाएं। ये लोग डेढ़ माह पश्चात पंचायत समिति के सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल शुरू होने पर ही लौटेंगे। पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के परिणाम आने के बाद सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी आरोप लगा चुके हैं कि ममता बनर्जी लोकतंत्र पर दोमुंही बातें करतीं हैं। येचुरी की यह प्रतिक्रिया कर्नाटक विधानसभा में बहुमत नहीं जुटा पाने पर मुख्यमंत्री पद से बीजेपी के येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद आई ममता बनर्जी की टिप्पणी के जवाब में थी। येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी को जिन बीजेपी-विरोधी नेताओं ने देशभर से बधाई संदेश भेजे, उनमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सबसे आगे थीं। ममता बनर्जी ने कांग्रेस-जेडीएस के जुगाड़ू गठबंधन को लोकतंत्र की जीत बताया था।
यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि पश्चिम बंगाल में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में नामांकन दाखित करने की तारीख से लेकर मतदान तक लोकतंत्र का गला घोंटा जाता रहा। प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी के राजनीतिक मायने निकालने से बचते हुए निष्पक्ष भाव से विचार करने की जरूरत है। इससे उनके कथन की सच्चाई का अहसास अवश्य होगा। मोदी ने पंचायत चुनावों के दौरान जो हुआ, उसे लोकतंत्र के लिए घातक बताया। उनके कहने का आशय यह था कि चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने से विरोधियों को रोकना एक खतरनाक प्रवृत्ति के पनपने का संकेत है। नामांकन के दौर में बीजेपी, सीपीएम, कांग्रेस और अन्य दलों के लोगों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए तृणमूल कांग्रेस के समर्थक और कार्यकर्ता गुण्डई पर उतारू थे। उस अराजक माहौल में प्रशासन और पुलिस के लोग कहां दुम दबाये बैठे थे? जाहिर है कि ये दोनों मशीनरियां सत्ताधारी दल के गुलामों की तरह काम कर रहीं थीं। पश्चिम बंगाल में जिस नए तरीके की चुनावी हिंसा या गुण्डागर्दी के आरोप लगे हैं, उन्हें मनगढ़ंत नहीं कहा जा सकता। नामांकन के दौर में आई मीडिया रिपोर्टें आरोपों की पुष्टि के लिए पर्याप्त थीं। तृणमूल कांग्रेस के समर्थक खुले आम गुण्डागर्दी करते हुए विरोधी राजनीतिक दलों के समर्थकों का आतंकित कर रहे थे। बीजेपी, वामदलों और कांग्रेस के उम्मीदवारों को नामांकन भरने से रोका जा रहा था। बीजेपी के सैकड़ों उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने के बाद घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे।
पंचायत चुनावों के लिए मतदान से पहले एक बात स्पष्ट रूप से महसूस होती रही कि भद्रलोक में दक्षिण पंथ की ओर झुकाव बढ़ रहा है। वामदलों विशेषकर सीपीएम और उसके साथ-साथ कांग्रेस को निष्प्रभावी करने के बाद भी तृणमूल कांग्रेस का असुरक्षा भाव बढ़ा है। बीजेपी के प्रति बढ़ रहे झुकाव से तृणमूल कांग्रेस में चिन्ता है। वह बीजेपी को भविष्य में एक बड़ी चुनौती के रूप में देखने लगी है। दरअसल, तृणमूल की बढ़ती सारी व्यग्रता की वजह बीजेपी ही है। लोकतंत्र के प्रति तृणमूल कांग्रेस की नियत पर संदेह निराधार नहीं है। कुल 58,792 पंचायत सीटों में से एक-तिहाई सीटों पर किसी भी विपक्षी दल के प्रत्याशी की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किया गया। महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि अदालत के आदेश के कारण इन सीटों के परिणाम घोषित नही किए जा सके हैं। आरोप है कि इन सीटों पर चुनाव के लिए बीजेपी, वामदल, कांग्रेस और अन्य के उम्मीदवार हिंसा और अलोकतांत्रिक तरीके से विरोध के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके थे।
जिन पंचायत क्षेत्रों में 14 मई को मतदान हुआ, वहां भी तृणमूल कांग्रेस की लोकप्रियता से अधिक उसके समर्थकों के आतंक का अहसास होता है। ऐसे क्षेत्रों में 76 प्रतिशत सीटें तृणमूल कांग्रेस के खाते में चलीं गईं। तृणमूल कांग्रेस ने ग्राम पंचायत की 66 प्रतिशत, पंचायत समितियों की 80 प्रतिशत और जिला पंचायत की 87 प्रतिशत सीटों पर कब्जा कर लिया। 14 मई को हुए मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष नहीं कहा जा रहा है। चुनावी हिंसा में 50 मौतें हुईं। सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया गया। मोदी, येचुरी और विजयवर्गीय द्वारा लगाए गए आरोपों के जवाब में तृणमूल कांग्रेस के पास कोई पुख्ता तर्क नहीं है। ममता बनर्जी का मौन बता रहा है कि तृणमूल की पोल-खुलने के साथ उनका तरकश भी खाली हो चुका है। ऐसी स्थिति में कल्पना करें कि यदि एक-तिहाई सीटों के लिए नए सिरे से चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का आदेश आ जाता है तब क्या होगा?
विश्लेषक मानते हैं कि तृणमूल कांग्रेस की ऐसी व्यग्रता के पीछे 2019 की चिन्ता है। उसको लग रहा है कि अगले साल उनके भाग्य से छींका टूट सकता है। ममता मान बैठी हैं कि अगले लोकसभा चुनावों में बीजेपी और उसके सहयोगी बहुमत हासिल नहीं कर पाएंगे। पश्चिम बंगाल में तृणमूल का एकछत्र राज होने पर ममता बनर्जी प्रधानमंत्री पद के लिए मजबूत दावेदारी कर सकती हैं। यहां एक अन्य पक्ष भी है। पश्चिम बंगाल की राजनीति की गहरी समझ रखने वाले मानते हैं कि ममता के लिए दिल्ली अभी दूर है। ऐसी धारण के पीछे कई वजहें हैं। मसलन- ममता बनर्जी भले ही पश्चिम बंगाल में खासी प्रभावशाली राजनेता हैं, लेकिन विपक्ष में ही कई लोग उन्हें तुनकमिजाज राजनेता मानते हैं। ममता बनर्जी के प्रधानमंत्री बनने के स्वप्न के साकार होने में सबसे बड़ी बाधा कांग्रेस और वामदलों की ओर से ही खड़ी होगी। तीसरा कारण, पश्चिम बंगाल में बीजेपी का बढ़ता प्रभाव है। तृणमूल कांग्रेस समर्थकों की ओर से आजमाए गए तमाम अलोकतांत्रिक और काफी हद तक गैर कानूनी टोटकों के बावजूद बीजेपी ग्राम पंचायत की 18 प्रतिशत, पंचायत समितियों की 12 प्रतिशत और जिला पंचायत की 3.5 प्रतिशत सीटें जीतने में कामयाब हो गई। बीजेपी दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बन कर उभरी है। बीजेपी के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। यह बात भद्रलोक की राजनीति में एक नई करवट के संकेत दे रही है।
बंगाल की अपनी खास सांस्कृतिक पहचान, विशाल शिक्षित वर्ग और समृद्धि के कारण उन्नीसवीं शताब्दी में भद्रलोक शब्द का चलन शुरू हुआ था। शुरुआत में अगड़ी जाति वाले बंगाल के कुलीन वर्ग के लिए इसका प्रयोग किया जाता था। कालान्तर में भद्रलोक समूचे बंगाल की पहचान सा बन गया। आजादी के बाद कुछ बांग्ला विद्वानों ने भद्रलोक को पहुंचाए जा रहे नुकसान पर चिन्ता व्यक्त की थी। माना जाता है कि सीपीएम की अगुआई वाले वाममोर्चा के लगभग तीन दशक तक चले शासन के दौरान भद्रलोक छवि को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा।
सुसमृद्ध, सुसभ्य, सुसंस्कृत, सुशिक्षित और सुविचारों तथा कला प्रेमियों की इस दुनिया में कई अप्रिय बदलाव वाममोर्चा के शासन काल में देखे गए। आज जो कुछ तृणमूल कांग्रेस के जमाने में पश्चिम बंगाल में दिखाई दे रहा है वही वाममोर्चा सत्ता के दौर में दिखाई देता था। सत्ताधीश भले बदल गए हों, लेकिन राज करने वालों का चरित्र और प्रवृत्तियां पूर्ववत ही हैं। पहले वामपंथी दलों के लोग कानून का माखौल उड़ाते थे, वही काम तृणमूल के लोग करने लगे हैं। असहमत और विरोधियों के दमन का हथकंडा वामपंथियों से ही तृणमूल के लोगों ने सीखा है। राज्य का मुख्यमंत्री बनने की ममता बनर्जी की महत्वाकांक्षा जनता ने पूरी कर दी। भद्रलोक ने वामपंथियों की अभद्रता असहनीय हो जाने पर उपलब्ध बेहतर विकल्प के रूप में तृणमूल कांग्रेस को मौका दिया था। आज तृणमूल कांग्रेस वाममोर्चा के पदचिन्हों पर चल रही है। सम्भव है कि पश्चिम बंगाल के प्रबुद्ध मतदाता अगले विकल्प पर विचार करने पर विवश हों। निश्चित रूप से उनके समक्ष मजबूत विकल्प के रूप में बीजेपी है।

