ज़िले के अधिकारियों द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज शनिवार को ज्ञानवापी मस्जिद के वुज़ूख़ाना क्षेत्र की सफ़ाई शुरू की गई। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को हिंदू महिला याचिकाकर्ताओं के एक आवेदन को स्वीकार कर लिया था जिसमें ज्ञानवापी मस्जिद के ‘वुज़ूख़ाना’ के पूरे क्षेत्र को साफ़ करने और स्वच्छता की स्थिति बनाए रखने के लिए निर्देश देने की मांग की गई थी, जहां एक ‘शिवलिंग’ पाया गया था।
इलाके में भारी पुलिस तैनाती देखी गई. मस्जिद में प्रवेश करने से पहले सफ़ाई कर्मचारियों की पहचान की जाँच की गई।
हिंदू पक्ष के वकील सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि हमने सुप्रीम कोर्ट में मांग की थी कि काफी गंदा हो चुका को साफ़ करवाया जाए। आदेश 16 जनवरी को आया था, इसलिए आज इसे साफ़ किया जा रहा है। दोनों पक्षों के लोग आज भी वहाँ मौजूद हैं। पूरा काम ज़िलाधिकारी की निगरानी में होगा।
इससे पहले सफ़ाई को लेकर गुरुवार को वाराणसी में हिंदू और मुसलमान पक्ष के लोगों के साथ ज़िलाधिकारी के नेतृत्व में बैठक हुई। ज़िलाधिकारी ने कहा कि वुज़ूख़ाना की सफ़ाई का आदेश कोर्ट ने दिया था। इस संबंध में दोनों पक्षों से बातचीत हो चुकी है। इसकी सफ़ाई 20 जनवरी से शुरू होगी।
ज्ञानवापी बनाम श्रृंगार गौरी मामले में हिंदू पक्ष के वकील सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में दोनों पक्षों ने शांतिपूर्वक बात की। उन्होंने कहा कि बैठक वुज़ूख़ाना की सफ़ाई को लेकर हुई थी। दोनों पक्षों ने शांति से बात की है। कोर्ट ने ज़िलाधिकारी को सफ़ाई करवाने का आदेश दिया है। बैठक में मुसलमान पक्ष और ज़िले के अधिकारियों के साथ हम भी मौजूद थे।
भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा कि शीर्ष अदालत के पिछले आदेशों को ध्यान में रखते हुए, ‘वुज़ूख़ाना’ क्षेत्र को ज़िला प्रशासन वाराणसी की देखरेख में साफ़ किया जाएगा।
ज्ञानवापी मस्जिद प्रबंधन समिति ने कहा कि वह पानी की टंकी की सफ़ाई का समर्थन करती है जो शीर्ष अदालत के आदेश पर लगभग दो वर्षों से सील है।
‘वुज़ूख़ाना’ वह जलाशय है जहाँ मुसलमान नमाज़ अदा करने से पहले दोनों हाथ कोहनी तक धोते हैं।
आवेदन में कहा गया है कि पानी की टंकी में मछलियाँ 12 से 25 दिसंबर 2023 के बीच मर गईं और उसी के कारण टैंक से दुर्गंध आ रही है। आवेदन में कहा गया कि चूँकि वहाँ उपस्थित शिवलिंग हिंदुओं के लिए पवित्र है, उसे सभी गंदगी, मैल, मृत जानवरों आदि से दूर रखा जाना चाहिए और साफ़ स्थिति में होना चाहिए। वर्तमान में वह मरी हुई मछलियों के बीच में है जो भगवान शिव के भक्तों की भावनाओं को आहत करता है।


