चुप्पी तोड़ने के मायने

हैशटैग मी टू के साथ एक ही दिन में 12 मिलियन लोगों ने अपने अनुभवों को शेयर किया था

235

25 मई को हॉलीवुड के शहंशाह हार्वे विंस्टीन ने खुद को न्यूयार्क पुलिस के हवाले कर दिया। यह एक ऐसी खबर है, जिसने अन्याय के खिलाफ मुंह खोलने या चुप्पी तोड़ने के महत्व को रेखांकित किया। सोशल मीडिया पर पिछले साल यौन शोषण के खिलाफ चला मी टू अभियान का यह हासिल था। न्यूयार्क की अदालत ने विंस्टीन को बलात्कार और यौन उत्पीड़न के मामले में अभियुक्त बनाया गया और इसलिए विंस्टीन को आत्मसमर्पण करना पड़ा। इस मामले में अदालत में अभियोजन पक्ष ने स्पष्ट कहा कि विंस्टीन ने युवतियों को राजी करने के लिए अपनी हैसियत और ताकत का इस्तेमाल इस तरह से किया कि वह उनका यौन शोषण कर सकें। पिछले साल आरोप लगने पर हॉलीवुड का यह मुगल इस बात से इनकार करता रहा कि ये सभी आरोप झूठे हैं, क्योंकि उन्होंने ये सभी संबंध उनकी सहमति से ही बनाए थे। विंस्टीन के खिलाफ कई महिलाओं ने आरोप लगाए थे, पर यह पहला मौका है, जब उन्हें अभियुक्त बनाया गया। लगभग पचास महिलाओं में कई प्रसिद्ध अभिनेत्रियां भी शामिल थीं, जिन्होंने अपने दुखद अनुभव सोशल मीडिया पर हैशटैग मी टू के साथ साझा किए थे। ग्वानिथ पॉल्त्रोव, सलमा हयाक, एंजेलीना जोली, कारा डेलेवीने, लिया सेडॉक्स, रोजाना आरक्वेटा, मीरा सोरवीनो ऐसी ही अभिनेत्रियां हैं। यह दूसरी बात है कि हार्वे विस्टीन को दस लाख डालर के मुचलके पर तुरंत जमानत मिल गई, पर उन्हें एक जीपीएस ट्रैकर पहनने और पासपोर्ट जमा करना होगा। ठीक इसी समय एक अमेरिकी प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता मॉर्गन फ्रीमैन ने माफी मांगी। उन पर गोइंग इन स्टाइल फिल्म बनने के दौरान एक प्रोडक्शन असिस्टेंट समेत आठ महिलाओं ने यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। ये दोनों मामले किस तरफ इशारा कर रहे हैं? अगर फ्रीमैन जैसे अभिनेता माफी मांगते हैं और हार्वे विंसटीन जैसे हॉलीवुड के शहंशाह का न केवल कॅरियर, बल्कि पर्सनल लाइफ तबाह हुई, तो यह किस बात की तस्दीक है। यह किसकी विजय कही जा सकती है? जाहिर है कि जिन महिलाओं ने अपने खिलाफ हुए यौन दुर्व्यवहार को सबके सामने लाने की हिम्मत दिखाई।

जिन्होंने लंबे समय तक अपने साथ हुए गलत कामों पर चुप्पी साधे रखी, जिन्होंने तत्काल इस बात के लिए मुंह नहीं खोला कि उनके साथ कुछ गलत हुआ था, वजह कुछ भी हो सकती है। देर से ही सही, उन्होंने गलत को गलत कहना स्वीकार। और सबके सामने एक अविश्वसीय सच को सामने लेकर आई, जिस पर तत्काल कोई विश्वास करने को राजी नहीं हुआ था। अगर ऐसा न हुआ होता, तो, इन ताकत की हनक में खोए हुए लोगों की शिकार अभी भी कई युवतियां हो चुकी होतीं। इससे कतई इनकार नहीं किया जा सकता है। हॉलीवुड अभिनेत्री एलिसा मिलानो की चुप्पी तोड़ने का परिणाम था कि ऐसे आरोप लगने के बाद विंस्टीन को अपनी ही कंपनी से निकाल दिया गया। ऑस्कर के आयोजकों ने भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। आज उन्होंने इस कंपनी को बचाने के लिए खुद को दिवालिया घोषित कर लिया है। साथ ही उन्हें एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट एंड साइंस से भी निकाल दिया। उनकी पत्नी अभिनेत्री जॉर्जीना चैपमैन ने भी इस कांड के बाद उनसे अलग होने का मन बना लिया है। 1952 में जन्मे हार्वे विंस्टीन एक प्रसिद्ध अमेरिकन प्रोड्यूसर है। उन्होंने और उनके भाई बॉब ने मिलकर एक मनोरंजन कंपनी मीरामैक्स बनाई, जिसने बहुत सी प्रसिद्ध फिल्में बनाई। इनमें से सेक्स, लाइज एंड विडियोटेप, द क्राइंग गेम, पल्प फिक्शन, हैवेनली क्रीचर, शेक्सपीयर इन लव खासी प्रसिद्ध रहीं। शेक्सपीयर इन लव के लिए उन्हें ऑस्कर भी मिला। ब्रितानी फिल्म इंडस्ट्री में योगदान के लिए उन्हें ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर की मानद उपाधि से 2004 में सम्मानित भी किया जा चुका है। अपनी कंपनी मीरामैक्स छोड़ने के बाद उन्होंने फिर से अपने भाई के साथ मिलकर द विंस्टीन कंपनी और एक मिनी-मेजर फिल्म स्टूडियो की भी स्थापना की। इस कंपनी के वे चेयरमैन थे।

पिछले साल अक्टूबर में अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए हॉलीवुड अभिनेत्री एलिसा मिलानो ने सोशल मीडिया को माध्यम बनाया और लोगों से हैशटैग मी टू के साथ महिलाओं से अपील की कि वे भी अपने साथ हुए यौन दुर्व्यहारों पर अपनी बात रखें। उनके ऐसा कहने के साथ ही कुछ देर बाद देखते ही देखते दुनिया भर की महिलाओं ने हैशटैग मी टू के साथ अपनी आपबीती बताई। इस हैशटैग के साथ इस तरह की घटनाएं बयां करने वाले कोई साधारण लोग नहीं थे, बहुत संख्या में इसमें जाने माने लोग शामिल थे, जिन्होंने अपनी जिंदगी में कभी न कभी यौन उत्पीड़न सहा था। हैशटैग मी टू के साथ एक ही दिन में 12 मिलियन लोगों ने अपने अनुभवों को शेयर किया था।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.