चार लोकसभा और दस विधानसभा उपचुनावों में मतदान के दिन से लेकर उसके बाद तक राजनीतिक दलों ने जिस तरह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन या ईवीएम को खलनायक बनाने की कोशिश की है, वह निश्चय ही दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है। पिछले काफी समय से बीजेपी विरोधी दल ईवीएम की शिकायतें करते रहे हैं। उसे हैक करने से लेकर उसमें छेड़छाड़ किए जाने तक का दावा भी कर दिया। दुष्प्रचार इतना किया गया कि जो लोग ईवीएम की कार्यप्रणाली को नहीं जानते उन्हें भी संदेह हो जाए कि कुछ न कुछ गड़बड़ी अवश्य है। इन उपचुनावों के दौरान इसे जितने जोर-शोर से उठाया गया, उससे लगा कि वाकई ईवीएम में इतने व्यापक पैमाने पर यदि गड़बड़ी हुई है, तो फिर इससे लोकसभा चुनाव कराना कैसे संभव होगा? कैराना लोकसभा क्षेत्र में तो सैंकड़ों की संख्या में ईवीएम खराब होने की शिकायत की गई। महाराष्ट्र के गोंदिया भंडारा से भी ऐसी ही शिकायत की जाने लगी। मतदान कितना हो रहा है, किस तरह वहां सुरक्षा व्यवस्था है आदि पर चर्चा ही खत्म। चर्चा केवल ईवीएम की। टीवी चैनलों पर भी बहस आरंभ और यह रात तक चलता रहा। अंत में यह निष्कर्ष दिया गया कि करीब 25 प्रतिशत ईवीएम में कोई न कोई गड़बड़ी हुई और इससे मतदान प्रभावित हुआ। चुनाव आयोग के दिल्ली स्थित मुख्यालय से लेकर राज्य चुनाव आयोगों के दफ्तरों तक नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने ईवीएम की शिकायत की। इसमें बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल भी शामिल था। यह शोर अब भी जारी है कि ईवीएम में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चिहो सकते, इसलिए इसे हटाकर मतपत्रों वाली प्रणाली अपनाई जाए। पहली नजर में ऐसा लगता भी है। अगर वाकई 25 प्रतिशत ईवीएम में गड़बड़ी हुई तो फिर इस पर पुनर्विचार करना पड़ेगा। किंतु क्या यही सच है? इसका सीधा उत्तर है, नहीं। मीडिया में मचे हंगामे तथा राजनीतिक दलों की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने तत्काल कोई बयान देने की बजाय पूरी स्थिति की सही जानकारी की प्रतीक्षा की। जो जानकारी आई उससे सारा बावेला व्यर्थ का साबित हुआ। चुनाव आयोग ने 28 मई की शाम को इस संबंध में विस्तृत बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि ईवीएम में खराबी और मतदान में बाधा उत्पन्न किए जाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों में स्थिति को काफी बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि लोकसभा या विधानसभा के प्रत्येक चुनाव अथवा उपचुनाव में ईवीएम और वीवीपीएटी मशीनों की 20 से 25 प्रतिशत अतिरिक्त संख्या उपलब्ध रहती है, जिससे मशीनों के खराब होने की स्थिति में तत्काल अतिरिक्त मशीनें लगाई जा सकें। अतिरिक्त मशीनें सेक्टर अधिकारी की निगरानी में रखी जाती हैं, जिन्हें वह मशीनों के खराब होने पर बदलता है। प्रत्येक सेक्टर अधिकारी के क्षेत्राधिकार में लगभग दर्जन भर मतदान केन्द्रों में मशीनों के रखरखाव की जिम्मेदारी होती है। आयोग ने साफ किया कि 25% मतदान केन्द्रों पर ईवीएम के खराब होने की खबर बिल्कुल गलत है। चुनाव आयोग ने जो जानकारी दी उसके अनुसार कुल मिलाकर 10,365 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ। इस तरह कुल 10,365 ईवीएम का प्रयोग हुआ। इनमें से सिर्फ 96 को खराबी की वजह से बदलना पड़ा।
यानी यह संख्या एक प्रतिशत से भी कम है। जिस कैराना में सबसे ज्यादा शिकायत हुई वहां के बारे में मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने बताया कि गड़बड़ी ईवीएम में नहीं, बल्कि वीवीपैट में हुई। उन्होंने साफ किया कि कैराना लोकसभा एवं नूरपुर विधानसभा को मिलाकर केवल छह ईवीएम में खराबी आई। यह एक सामान्य स्थिति है। जहां-जहां मतदान में बाधाएं आईं, वहां देर तक मतदान कराया गया। उदाहरण के लिए कैराना उपचुनाव क्षेत्र के ग्राम मुबारकपुर में रात करीब दस बजे तक मतदान हुआ। गंगोह के गांव बिलासपुर के मतदान केन्द्र संख्या 237 व 238 पर पर भी रात दस बजे तक मतदान हुआ। तलसी, हरपाली व छावड़ी समेत आठ मतदान केन्द्रों पर भी रात नौ से दस बजे तक मतदान हुआ। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में भी दो मतदान केन्द्रों पर रात 8 बजे तक वोटिंग हुई। विरोधी दलों ने तो यहां तक आरोप लगाना आरंभ कर दिया कि जिन जगहों पर बीजेपी विरोधी मत पड़ने हैं, वहां ईवीएम में खराबी पैदा की गई ताकि मतदान बाधित हो सके। आरोप लगाने वाले अपने संकुचित राजनीतिक स्वार्थ में यह भूल गए कि ऐसा करके वे बीजेपी को नहीं चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्था की विश्वसनीयता और निष्पक्षता पर प्रश्न खड़ा कर रहे हैं। राजनीतिक दलों का दायित्व है कि इसे स्वाभाविक रूप से लें। पहले तो केवल ईवीएम से ही चुनाव होता था। 2001 से चुनाव आयोग इसका उपयोग कर रहा है। 2014 तक इसे लेकर इस तरह का हंगामा नहीं हुआ। जैसे-जैसे विपक्षी दल चुनाव हारने लगे वैसे-वैसे ईवीएम को बदनाम करने का खेल आरंभ हो गया। ये चुनाव आयोग की बीजेपी से मिलीभगत का भी आरोप लगाने लगे। ईवीएम जब इंटरनेट से जुड़ा होता ही नहीं, तो फिर इसके हैक किए जाने का प्रश्न कहां से उठता है। उसमें गड़बड़ी की जा सकती है, यह दावा करने वाले दलों, नेताओं और संगठनों को चुनाव आयोग ने बाजाब्ता चुनौती दी कि आइए और साबित करिए। कोई साबित करने आयोग नहीं गया। क्यों? क्योंकि ये केवल सुनी-सुनाई बातों पर आरोप लगाते हैं। इनके संदेह को दूर करने के लिए ही चुनाव आयोग ने वीवीपैट की व्यवस्था की। वीवीपैट यानी वोटर वेरीफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल। यह एक ऐसी मशीन है जिसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के साथ जोड़ा जाता है। मतदान करने के बाद इससे एक कागज की पर्ची निकलती है। इस पर्ची में जिसे वोट दिया गया हो उस उम्मीदवार का नाम और चुनाव चिह्न छपा होता है। वीवीपैट में लगी शीशे के स्क्रीन पर यह पर्ची सात सेकंड तक दिखाई देती है। यह मशीन वर्ष 2013 में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने बनाई थी।
यह व्यवस्था इसलिए है कि किसी तरह का विवाद होने पर ईवीएम में पड़े वोट के साथ पर्ची का मिलान किया जा सके। वास्तव में हमें चुनाव आयोग की निष्पक्षता एंव ईमानदारी पर विश्वास करना चाहिए था। वैसी स्थिति में इसकी जरूरत नहीं पड़ती। केवल राजनीतिक दलों के संदेह करने के कारण मतदान पर वीवीपैट के अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ा है। हालांकि जितनी संख्या में वीवीपैट के खराब होने की शिकायतें आईं वो थोड़ी चिंताजनक हैं। लेकिन इसकी अतिरिक्त व्यवस्था पहले से थी, इसलिए तुरंत बदल दिया गया। वैसे अभी तक यह साफ नहीं है कि वाकई मशीनों में खराबी आई या उसके संचालन करने वालों से भूलें हुईं। लेकिन इनकी कुल संख्या भी 384 बताई गई हैं। आयोग ने कहा कि वीवीपैट खराबी की तकनीकी जांच कराई जाएगी। उसके बाद ही पता चलेगा कि इसके वास्तविक कारण क्या थे। वैसे आयोग का मानना है कि मतदान कर्मचारी वीवीपैट मशीनों का ठीक से इस्तेमाल नहीं कर सके। यही कारण सबसे प्रबल नजर आता है। हां, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि शायद कहीं-कहीं भीषण गर्मी के कारण वीवीपैट में लगे सेंसर ने काम करना बंद कर दिया हो। इस कारण वीवीपैट हैंग हो गई हो। वैसे चुनाव आयोग ने यह घोषणा कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में 2019 के लोकसभा चुनावों में सभी जगह नई वीवीपैट मशीनें लगाई जाएंगी। इसके लिए कंपनी ने निर्माण आरंभ कर दिया है। जो भी हो, इस तरह के हंगामे का कोई तार्किक और नैतिक कारण नजर नहीं आता है। हर चुनाव में ईवीएम का मामला उठा दिया जाता है। यह बात अलग है कि जहां बीजेपी हारी वहां बाद में विपक्षी दल और मीडिया में उनके समर्थक शांत हो जाते हैं।
कर्नाटक चुनाव परिणाम के दौरान जब तक बीजेपी बहुमत से आगे थी, हर चैनल पर बीजेपी विरोधी पार्टियों के प्रवक्ता ईवीएम को निशाना बनाने लगे। जैसे ही परिणाम पलटा, बीजेपी बहुमत से पीछे हो गई उनका सुर बदल गया। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ईवीएम पर हंगामे का जवाब देते हुए कहा था कि अगर इसमें गड़बड़ी की जा सकती तो आज हम सरकार में नहीं होते। यही सच है। वास्तव में ईवीएम को बदनाम करने और उसके माध्यम से चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करने वाली पार्टियां और नेता किसी का भला नहीं कर रहे। इनका पुरजोर विरोध होना चाहिए। हमारा चुनाव आयोग पूरी तरह निष्पक्ष एवं कुशल है तथा उसके मातहत मतदान के लिए उपयोग की जानी वाली ईवीएम बिल्कुल सुरक्षित। इसके साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ संभव ही नहीं। इसके विरुद्ध केवल अनैतिक दुष्प्रचार है।

