फेसबुक डाटा लीक मामले के खुलासे के बाद से ही इस बात की आशंका जतायी जा रही है कि इसका भारत में भी दुरुपयोग किया जा सकता है। देश में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। भारत में डाटा सिक्योरिटी को लेकर अभी काफी कम जागरुकता है। ऐसे में अभी से ही सुरक्षात्मक उपायों पर विचार करना जरूरी हो गया है। दरअसल डिजिटलाइजेशन के युग में अगर कोई चीज सबसे ज्यादा खतरे में है तो वो है हमारी गोपनीयता। डिजिटल वर्ल्ड में हर व्यक्ति अपने से संबंधित कोई भी जानकारी इस भरोसे के साथ फीड करता है कि उन जानकारियों तक बिना उसकी अनुमति के किसी और की पहुंच नहीं हो सकेगी। सैद्धांतिक तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी यूजर एग्रीमेंट में इस बात का आश्वासन देता है कि यूजर्स की जानकारियों को उसकी अनुमति के बिना किसी तीसरे पक्ष के साथ शेयर नहीं किया जायेगा। फेसबुक से डाटा लीक होने का ताजा मामला इसी तरह के भरोसे को तोड़ने वाला मामला है।
लगभग डेढ़ दशक से फेसबुक के नाम से चल रहा सोशल मीडिया का ये प्लेटफॉर्म आज पूरी दुनिया के सबसे मजबूत नेटवर्क का रूप ले चुका है। दुनिया भर में इसके यूजर्स की संख्या अरबों में है। सिर्फ भारत की ही बात करें तो करीब 25 करोड़ भारतीय किसी न किसी रूप से फेसबुक से जुड़े हुए हैं। इनकी निजी जानकारी फेसबुक के डाटा बैंक में स्टोर की हुई है।
डाटा लीक होने की ये सनसनी एक अमेरिकी और एक इंग्लैंड के अखबार की संयुक्त जांच के बाद हुए खुलासे के बाद से फैली है। इसके मुताबिक फेसबुक के करीब पांच करोड़ यूजर्स की निजी जानकारियों का दुरुपयोग अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया गया था। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या फेसबुक से सिर्फ अमेरिकी यूजर्स की निजी जानकारियां ही लीक हुई हैं या फिर अन्य देशों के यूजर्स का डाटा भी लीक होकर किसी तीसरे पक्ष तक पहुंच गया है। सवाल ये भी उठ रहा है कि जब फेसबुक के डाटा बैंक से लीक हुई इन जानकारियों का दुरुपयोग अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव के दौरान हो सकता है तो क्या यही तरीका भारत में नहीं अपनाया जा सकता।
दोनों अखबारों की संयुक्त जांच के बाद हुए खुलासे से पता चला है कि ब्रिटेन की सलाहकार फर्म कैंब्रिज एनालिटिका (सीए) ने फेसबुक से लीक हुई जानकारियों के आधार पर एक एप के जरिये अमेरिकी वोटरों के अलग अलग वर्गों के व्यवहार के संबंध में अपना आकलन तैयार किया। बाद में इसी आकलन के आधार पर डोनाल्ड ट्रंप की टीम ने चुनावी रणनीति तैयार की डेमोक्रेट उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को पछाड़कर राष्ट्रपति बन गये। इसी तरह कैंब्रिज एनालिटिका पर यूरोपियन यूनियन में बने रहने के मुद्दे को लेकर इंग्लैंड में हुए जनमत संग्रह में भी अहम भूमिका निभाने का आरोप लग रहा है। इस आरोप के बाद इंग्लैंड में सूचना आयुक्त कार्यालय ने इसकी जांच शुरू भी कर दी है। साथ ही ब्रिटेन में हाउस ऑफ कॉमन्स की डिजिटल, संस्कृति, मीडिया और खेल संबंधी संसदीय समिति ने फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को 27 मार्च को पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
ये तो स्पष्ट है कि कैंब्रिज एनालिटिका ने फेसबुक से लीक हुए डाटा का उपयोग अमेरिका समेत अन्य देशों में भी किया है। दिक्कत ये है कि इसको लेकर जांच अभी सिर्फ अमेरिका और इंग्लैंड में ही चल रही है। इन जांचों के दायरे में किसी भी अन्य देश में होने वाले चुनाव या जनमत संग्रह को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में इन जांचों के आधार पर ये नहीं कहा जा सकता है कि फेसबुक से लीक हुए डाटा का किस किस देश में उपयोग किया गया। इसलिए अगर आज भारत में बीजेपी कांग्रेस पर और कांग्रेस बीजेपी पर कैंब्रिज एनालिटिका की सेवा लेने का आरोप लगा रही है तो इसे एक झटके में नकारा भी नहीं जा सकता है।
भारत सरकार ने भी इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है और चेतानवी भी दी है कि यदि फेसबुक से लीक हुई जानकारियों के जरिये देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छेड़छाड़ हुई तो सख्त कार्रवाई की जायेगी। सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि यदि किसी भी तरह की गड़बड़ी पायी गयी तो फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को समन भेजकर भारत भी बुलाया जा सकता है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस संबंध में डाटा एनालिस्ट कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका को एक नोटिस भेजकर उससे छह बिन्दुओं पर सफाई मांगी है। । भारत सरकार ने इन बिन्दुओं पर कंपनी से 31 मार्च तक अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा है।
एक बड़ी परेशानी ये भी है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर डाटा लीक की घटना को रोकने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किये गये हें। यहां डाटा को सुरक्षित रखने और संरक्षित करने के लिए मजबूत कानूनी ढांचा भी अभी तक तैयार नहीं किया जा सका है। इसके साथ ही भारत में डाटा संरक्षण को लेकर लोगों में भी पर्याप्त जागरुकता नहीं है। हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ताओं को साइन इन करते वक्त यूजर एग्रीमेंट को स्वीकार करने या अस्वीकार करने का विकल्प देता है। लेकिन भारत में 99 फीसदी से भी ज्यादा लोग इस यूजर एग्रीमेंट को पूरा पढ़ने की जहमत नहीं उठाते। ज्यादातर भारतीय यूजर्स को इस बात से भी फर्क नहीं पड़ता कि उनके द्वारा फीड की गयी जानकारी का उपयोग किस तरह से किया जायेगा।
ये जानकारी जब लीक होकर किसी एनालिस्ट कंपनी के पास पहुंचती है तो वो इसके जरिये यूजर्स का साइकोलॉजिकल प्रोफाइल तैयार करता है। यही साइकोलॉजिकल प्रोफाइल चुनावी रणनीति बनाने वाली कंपनियों के काम आती है और इसी के जरिये यूजर्स को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत के लगभग 25 करोड़ फेसबुक यूजर, लगभग 13 करोड़ ट्विटर यूजर और लगभग 18 करोड़ वाट्सऐप यूजर का डाटा यदि किसी डाटा एनालिसिस करने वाली कंपनी के पास पहुंच जाये तो वो इसका किस तरह व्यावसायिक इस्तेमाल कर सकती है।
इस बात में कोई दो राय नहीं है कि सूचना प्रौद्योगिकी आज जिस स्तर तक पहुंच गयी है, वहां से पीछे लौटना संभव नहीं है। शहरी जीवन में तो इंटरनेट ने अपनी पैठ बना ही ली है, ग्रामीण भारत में रहने वाली आबादी का एक बड़ा हिस्सा भी मोबाइल नेटवर्क और स्मार्ट फोन की बदौलत आज साइबर वर्ल्ड से जुड़ गया है। ये आबादी खुलकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर रही है। सोशल मीडिया एक्सपर्ट हरदीप सिंह का कहना है कि सोशल मीडिया अब आम सूचना के आदान-प्रदान तक ही सीमित नहीं रह गया है। बाजार के रुझानों को प्रभावित करने के साथ ही इसने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। 2014 के लोकसभा चुनाव में इसकी महत्ता स्पष्ट रूप से पूरे देश ने महसूस की थी। ये सारी बातें तबतक तो ठीक है, जबतक कि ये सारे अभियान व्यक्तिगत तौर पर या स्वतःस्फूर्त तरीके से चलाये जाते हैं। लेकिन जब इसमें लोगों की पसंद-नापंसद या अन्य जानकारियों से संबंधित डाटा इकट्ठा कर आम लोगों को चुनावी प्रक्रिया आदि के दौरान साइकोलॉजिकली प्रभावित करने की कोशिश की जाती है वो कृत्य पूरी प्रक्रिया को दूषित कर देती है। कैंब्रिज एनालिटिका ने यही काम अमेरिका में किया और कुछ हद तक ब्रिटेन में भी किया। आरोपों को माना जाये तो इस कंपनी ने भारत में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस व कुछ अन्य दलों को भी अपनी सेवा दी। ये अलग की बात है कि सभी दलों ने इन आरोपों से स्पष्ट इनकार किया है। इसके साथ ही एक अच्छी बात ये भी है कि कैंब्रिज एनालिटिका द्वारा फेसबुक के लीक हुए डाटा के आधार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की खबर का खुलासा होते ही भारत सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सोशल साइट्स के यूजर्स के हितों की रक्षा करने के लिए जो पहले से बने नियम हैं उनकी नये सिरे से समीक्षा की जायेगी ताकि किसी भी तरह से भारतीय यूजर्स से संबंधित डाटा का दुरुपयोग न हो सके। इसके साथ ही सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी चेताया है कि उन्हें अपने इंडियन ऑपरेशन में इस बात को सुनिश्चित कर लेना चाहिए कि उनके काम से भारत की किसी भी तरह की सामाजिक, वैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर प्रतिकूल असर न पड़े।
इस मामले का खुलासा होने के बाद फेसबुक डाटा लीक को लेकर दुनिया भर में मचे हंगामे के बीच सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने अपने यूजर्स से बाकायदा एक लंबा पोस्ट लिखकर माफी मांगी है। उन्होंने यूजर्स को इस बात का भरोसा भी दिलाया है कि डाटा बैंक की सुरक्षा को और चाक-चौबंद किया जायेगा, ताकि किसी भी स्थिति में डाटा लीक जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने इस बात के भी संकेत दिये हैं कि भारत और ब्राजील मं होने वाले चुनाव के पहले फेसबुक डाटा की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त कर दी जायेगी। इसके लिए फेसबुक प्लेटफॉर्म का उपयोग करने वाली तमाम बाहरी कंपनियों तक यूजर्स की न्यूनतम जानकारियां पहुंचने दी जायेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार/योगिता पाठक

