भाजपा के प्रति जनविश्वास का विस्तार

यहां तक कि विदेशी आक्रांता भारत को राजनीतिक रूप से गुलाम बनाने में अवश्य सफल रहे थे, लेकिन विविधता के बावजूद भारत एक राष्ट्र बना रहा

230

कर्नाटक में भी कांग्रेस प्रत्यक्ष सत्ता से दूर हो गई। अब केवल तीन राज्यों पर ही उसका प्रत्यक्ष शासन बचा है। भाजपा के सामने विपक्ष लाचार नजर आ रहा है। कर्नाटक में यह गनीमत रही कि विपक्ष ईवीएम का रोना लेकर भी बैठ नहीं सकता। भाजपा के प्रति आमजन के विश्वास कायम है। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता की बराबरी करने वाला विपक्ष में कोई नेता नहीं है। स्थानीय मुद्दों के आधार पर उपचुनाव जीत कर ये सिर पर आसमान उठा लेते हैं, लेकिन जब सरकार बनाने की बात आती है, तो इन्हें वही आमजन नकार देता है। कर्नाटक में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच था। जनता दल सेकुलर भी तीसरी ताकत के रूप में मौजूद थी। कांग्रेस और भाजपा दोनों राष्ट्रीय पार्टियां हैं। इनके सम्बन्ध में एक बात जो कर्नाटक चुनाव से निकली है, वो ये कि कांग्रेस को अपने प्रांतीय नेताओं के भरोसे ही चुनावी समर में उतरना पड़ेगा। उसे अपने केंद्रीय नेतृत्व से कोई उम्मीद नहीं करनी चाहिए। दूसरी तरफ भाजपा को अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री और प्रांतीय नेताओं की छवि का भी लाभ मिल रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन और प्रधानमंत्री के पद अलग हाथों में है।

अमित शाह संगठन और प्रबंधन में बेजोड़ है। नरेंद्र मोदी आज भी देश की राजनीति के सर्वाधिक लोकप्रिय और विश्वसनीय नेता है। इसी के साथ प्रांतीय स्तर पर भी लोकप्रिय नेताओं की कमी नहीं है। कर्नाटक में येदियुरप्पा लिंगायत समुदाय के है। उनका जनाधार भी है। वहीं सिद्धारमैया सपा शासन की भांति केंद्र की योजनाओं का मखौल बनाते रहे। इसका नुकसान आमजन को हुआ। कर्नाटक में कांग्रेस ने हिन्दू धर्म में विभाजन का कार्य किया। इसी तरह कांग्रेस को हर स्तर पर कमजोर नेतृत्व के चलते नुकसान हुआ। कर्नाटक के पहले भी यही देखा गया था। जहां प्रांतीय नेतृत्व कमजोर पड़ा,वहां कांग्रेस पराजित होती चली गई। पंजाब में प्रांतीय नेतृत्व ने दम दिखाया तो वहां कांग्रेस की सरकार बन गयी। अमरिंदर सिंह के नाम पर वहां कांग्रेस की सरकार बनी। उत्तर प्रदेश का उदाहरण तो सर्वाधिक दिलचस्प है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी उत्तर प्रदेश की है, यही दो लोग यहां से लोकसभा में है। लेकिन प्रांतीय संगठन बदहाल है। उसका असर पार्टी पर साफ दिखाई देता है। कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व में ही पार्टी चुनावी मोर्चे पर थी, लेकिन उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार के बेहिसाब आरोप थे। कहा जा रहा था कि पार्टी की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में उनकी हिस्सेदारी बहुत बढ़ा दी गई थी। इसका प्रतिकूल असर सरकार पर हो रहा था। सिद्धरमैया इसे समय रहते समझ नहीं सके। जब समझे,तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कर्नाटक में पांच वर्ष तक शासन करने के बाद भी कांग्रेस उपलब्धियों के नाम पर खाली हाथ थी। कांग्रेस की त्रासदी समझी जा सकती है। इसके लिए उसने विभाजनकारी चाल चलने में संकोच नहीं किया। इसका दोहरा नुकसान हुआ। एक तो सरकार की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। यह माना गया कि उसके पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है। दूसरा यह कि इतने हल्के ढंग से यह विषय उठाने से लिंगायत समुदाय भी खुश प्रभावित नहीं हुआ। क्योकि यह विशुद्ध राजनीतिक चाल थी। लिंगायत या वीरशैव का आदि स्रोत भारतीय दर्शन ही है, जिसमें भगवान शिव सर्वत्र पूज्य हैं।

भारतीय राष्ट्र को इन धार्मिक तत्वों ने सदैव जोड़ कर रखा है। यहां तक कि विदेशी आक्रांता भारत को राजनीतिक रूप से गुलाम बनाने में अवश्य सफल रहे थे, लेकिन विविधता के बावजूद भारत एक राष्ट्र बना रहा। कांग्रेस के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने वह कार्य किया है, जिसका साहस विदेशी आक्रांता भी नहीं कर सके। केवल कुर्सी के लिए ऐसी कुटिलता का प्रदर्शन किया गया। वे नकारात्मक मुद्दे उठाकर विकास से लोगों का ध्यान भटकाना चाहते थे। कांग्रेस मतदाताओं के मिजाज को समझने में विफल रही। इसके अलावा पांच वर्षों की नाकामी सिद्धारमैया की मुसीबत बन गई। बतौर मुख्यमंत्री उनके पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ भी नहीं है। यह विरोधियों का आरोप नहीं था। बल्कि इसे सिद्धारमैया स्वयं प्रमाणित कर रहे थे। विकास की जगह लिंगायत और संघ के प्रति उनका ज्यादा आकर्षण था। राहुल गांधी के लिए तो वैसे भी नरेंद्र मोदी और संघ पर हमला बहुत प्रिय विषय है। मसला कुछ भी हो, वह अपनी इसी धुन में रहते हैं। राहुल गांधी कर्नाटक में भी यही कर रहे थे। ऐसे में परिणाम भी ऐसे ही मिलने थे।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ दिलीप अग्निहोत्री

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.