भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद हेमा मालिनी प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या में हिंदू महाकाव्य रामायण पर आधारित एक नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी 2024 को होने वाला है। अभिनेत्री से राजनेता बनी हेमा मालिनी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि मैं राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय पहली बार अयोध्या आ रही हूँ जिसका लोग वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे थे… 17 जनवरी को मैं अयोध्या धाम में रामायण पर आधारित एक नृत्य नाटिका पर अपनी प्रस्तुति दूंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को राम मंदिर में समारोह में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम ने महत्वपूर्ण ध्यान आकर्षित किया है। भारत और विदेश के कई गणमान्य व्यक्तियों को अयोध्या में शुभ अवसर में भाग लेने के लिए निमंत्रण मिला है।
अयोध्या में राम लला (शिशु भगवान् राम) के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए वैदिक अनुष्ठान मुख्य समारोह से एक सप्ताह पहले 16 जनवरी को शुरू होंगे। वाराणसी के पुजारी लक्ष्मी कांत दीक्षित 22 जनवरी को राम लला के अभिषेक समारोह का मुख्य अनुष्ठान करेंगे। 14 जनवरी से 22 जनवरी तक अयोध्या में अमृत महोत्सव मनाया जाएगा।
1008 हुंडी महायज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें हज़ारों श्रद्धालुओं को भोजन करवाया जाएगा। अपेक्षित भक्तों को समायोजित करने के लिए अयोध्या में उतने ही परिमाण में तम्बू लगाए जा रहे हैं।
श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के अनुसार 10,000-15,000 लोगों के लिए व्यवस्था की जाएगी हालांकि लगभग 7,000 लोगों को प्रत्यक्ष निमंत्रण दिया गया है जबकि शेष श्रध्द्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने मुहल्लों के मंदिरों में जाकर श्रीराम की पूजा करें।
स्थानीय अधिकारी भव्य समारोह के आसपास आगंतुकों की अनुमानित वृद्धि के लिए तैयारी कर रहे हैं और सभी उपस्थित लोगों के लिए एक सहज और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध अनुभव सुनिश्चित करने के लिए उन्नत सुरक्षा उपायों को लागू करने और समुचित व्यवस्था करने की प्रक्रिया में हैं।


