गीता कपूर नहीं रहीं। ये खबर बहुत चौंकाने वाली नहीं है। पाकीजा और रजिया सुल्तान जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं गीता कपूर का निधन यदि 67 साल की उम्र में हो ही गया तो इसे कम उम्र की मौत भी नहीं कहा जा सकता। इसमें बड़ी बात यह है की बेटा-बेटी होने के बावजूद गीता कपूर को एक वृद्धाश्रम में अपनी आखिरी सांस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा आखरी समय तक गीता कपूर को इसी बात का इंतजार रहा कि उनका बेटा आएगा और उनको घर लेकर जाएगा। लगभग साल भर पहले गीता को उनके बेटे ने मुंबई के एक अस्पताल में पहुंचाया था और वहां से एटीएम से पैसा लेकर आने की बात कह कर निकल गया था। तब से ही गीता अपने बेटे का इंतजार करती रहीं, लेकिन उनका इंतजार कभी खत्म नहीं हुआ।
गीता कपूर की मौत हमें इस बात की अहसास कराती है कि हम कितने संवेदनहीन हो गए हैं। जिस माता-पिता ने हमें जन्म दिया, पालन-पोषण किया, अपने पैरों पर चलना सिखाया, वही माता-पिता एक दिन बोझ लगने लगते हैं। माता-पिता की बातें कड़वी लगने लगती हैं और उन पर किया गया एक-एक रुपये का खर्च भी भारी लगने लगता है। कुछ साल पहले ही दिल्ली के पास गाजियाबाद से एक खबर आई थी, जिसमें एक बेटे ने अपनी बूढ़ी विधवा मां को जंगल में इसलिए छोड़ दिया था, ताकि वहां जंगली जानवर उसे मार दें या वह खुद ही भटक कर भूखे-प्यासे दम तोड़ दे और बेटा दिल्ली में अपनी मां के घर पर कब्जा कर सके। पिछले हफ्ते एक और खबर आई। तीन भाइयों ने अपनी मां की मौत के बाद भी पांच महीने तक उसका अंतिम संस्कार सिर्फ इसलिए नहीं किया, ताकि मां को मिलने वाली पेंशन मिलती रहे। हमारा समाज किधर जा रहा है, यह बताने के लिए ये घटनाएं काफी हैं। पीढ़ियों के बीच टकराव की बात कोई नई बात नहीं है। स्वाभाविक रूप से नई पीढ़ी और पुरानी पीढ़ी की सोच में हमेशा ही अंतर होता है। इसको लेकर प्रायः घरों में विवाद की स्थिति भी बनती है। लेकिन परिवार सामंजस्य बिठाने का ही नाम है। अगर सामंजस्य न हो सका, तो वह परिवार नहीं होता। बूढ़े और अशक्त हो चुके माता-पिता, जिनका सहारा उनके बेटे-बेटी ही होते हैं, वही अगर उनको दर-दर की ठोकर खाने के लिए विवश कर दे, अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए उन्हें वृद्धाश्रम में रहने के लिए मजबूर कर दे, तो यही कहा जा सकता है कि उन बच्चों की आंख का पानी सूख चुका है। वे सिर्फ अपने बीवी-बच्चों के साथ ही मस्त रहना चाहते हैं।
पिछले तीन-चार दशक से एकल परिवार महानगरीय जीवन की एक व्यवस्था बनती जा रही है। रोजगार के चक्कर में लोग मजबूरन अपने मां-बाप से दूर शहरों में एकल जीवन जीने के लिए विवश है। पति-पत्नी और बच्चे इसमें दादा-दादी या नाना-नानी का अधिकतम रोल तभी होता है, जब वे साल में एक-दो महीने के लिए बच्चों के पास आते हैं या बच्चे छुट्टियों के दौरान अपने मां-बाप के पास जाते हैं। संयुक्त परिवार की अवधारणा महानगरीय जीवन से धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है और इसके साथ ही समाज के एक हिस्से की आंख का पानी भी सूखता जा रहा है। मां-बाप को जो बच्चे वृद्धाश्रम की सीढ़ियों तक पहुंचाकर छोड़ देते हैं, उन्हें दो बातें अवश्य याद रखनी चाहिए। यदि बचपन में उनके माता-पिता ने भी उनका पालन-पोषण करने की जगह उन्हें अनाथाश्रम पहुंचा दिया होता, तो उनका क्या होता। और दूसरी बात कि जो काम वे आज अपने माता-पिता के साथ कर रहे हैं, यही काम अगर कल को उनके बच्चे उनके साथ करें, तो उन्हें कैसा लगेगा। इन दो बातों को ही यदि बच्चे समझ लें, तो शायद किसी भी वृद्ध माता-पिता को वृद्धाश्रम का मुंह नहीं ताकना पड़ेगा, कोई भी बच्चा अपनी विधवा मां को मरने के लिए जंगल में नहीं छोड़ जाएगा। गीता कपूर के साथ जो हुआ वह दुखद है। उनकी मौत की खबर चर्चा में इसलिए आ गई, क्योंकि उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम करके एक चर्चित चेहरा बन चुकी थीं। सच्चाई तो ये है कि समाज में गीता कपूर जैसी कई मां और कई पिता हैं, जो कई-कई दिनों तक वृद्धाश्रम के दरवाजे की ओर देखते रहते हैं कि उनका बेटा आएगा, उनके बच्चे उनसे मिलने आएंगे। लेकिन, उनके बच्चे अंत तक नहीं जाते। पश्चिमी देशों में ओल्ड एज होम का विचार काफी पुराना है, लेकिन ये भी एक सच है कि वहां अमूमन बच्चों और माता-पिता के बीच वैसा भावनात्मक लगाव भी नहीं होता, जैसा भारत में होता है। एक उम्र विशेष तक बच्चे मां-बाप की जिम्मेदारी होते हैं, उसके बाद न तो बच्चों को मां-बाप से कोई मतलब रह जाता है और ना ही मां-बाप बच्चों की कोई चिंता करते हैं। स्वाभाविक रूप से ऐसी स्थिति में बुढ़ापे में ओल्ड एज होम ही उनका सहारा होता है। लेकिन, भारत में ऐसा नहीं है।
भारतीय परंपरा में अपने परिजनों की बात तो दूर, समाज के वृद्धजनों की भी सेवा करना एक पुनीत कर्तव्य माना गया है। माता-पिता को यहां देवी-देवता का स्थान दिया जाता है। ऐसी परंपरा वाले देश में यदि बच्चे इतने संवेदनहीन हो रहे हैं, तो हमें इस बात पर विचार करना पड़ेगा कि कहां गलत हो रहा है। कहीं ना कहीं गलती माता-पिता की भी है, जो अपने बच्चों के लाड़-प्यार में अपना सब कुछ लुटा देते हैं या अपनी सारी जिंदगी की कमाई बच्चों के नाम कर देते हैं। ऐसा करने वाले हर माता-पिता को वृद्धाश्रम जाना ही पड़ता है, ऐसा भी नहीं है। माता-पिता की सेवा करने वाले बच्चों की संख्या आज भी देश में कम नहीं है, लेकिन अगर वृद्धाश्रम जाने वाले माता-पिता को देखें, तो पता चलता है कि उनमें अधिकांश लोग वही हैं, जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई जीते जी अपने बच्चों के नाम कर दी या अपने बच्चों के लिए अपना सर्वस्व लुटा दिया। ऐसे में जब बच्चों को लगने लगता है कि उसे अब माता-पिता से कुछ नहीं मिलेगा या माता-पिता की देखरेख पर उसे अपने जेब से खर्च करना पड़ेगा, तो उसे बहुधा माता-पिता बोझ लगने लगते हैं। इसलिए यह सबक है उन माता-पिता के लिए, जो अपने बच्चों के मोह में अपना सब कुछ लुटा देने के लिए तत्पर रहते हैं। बच्चों के नाम वसीयत अवश्य करें, लेकिन ताउम्र अपनी संपत्ति अपने ही नाम रखें। कम से कम पैतृक संपत्ति की लालच बच्चों को मां-बाप से जोड़े रखेगी। लेकिन सबसे अच्छा तो यही होगा कि समाज में माता-पिता का सम्मान एक बार फिर कायम किया जा सके, ताकि बच्चे निस्सवार्थ भाव से अपने माता-पिता का बुढ़ापे में भी ध्यान रख सकें।

