पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने इस बात को स्वीकार करके पकिस्तान सरकार, पाकिस्तानी सेना और वहां की बदनाम खुफिया एजेंसी आईएसआई को कटघरे में खड़ा कर दिया है कि 26/11 के मुंबई अटैक में पाकिस्तानी आतंकवादियों का हाथ था। नवाज शरीफ की स्वीकारोक्ति ने पाकिस्तान के उन दावों की भी पोल खोल दी है, जिसमें वह आतंकवादियों को संरक्षण और प्रशिक्षण देने के आरोपों से पल्ला झाड़ता रहा है। शुक्रवार को मुल्तान में एक रैली से पहले ‘डॉन’ को दिए एक इंटरव्यू में नवाज शरीफ ने स्वीकार किया है कि उनके देश में आतंकी संगठन सक्रिय हैं।
नवाज शरीफ ने स्पष्ट तौर पर मुंबई अटैक में पाकिस्तानी आतंकियों का हाथ होने की बात कबूलते हुए कहा कि आप एक देश को नहीं चला सकते, जब देश में दो या तीन समानांतर सरकारें चल रही हों। इसे रोकना होगा, क्योंकि देश वही सरकार चला सकती है, जो संवैधानिक प्रक्रिया से चुनी गई हो। सवाल उठता है कि आखिर नवाज की ये स्वीकारोक्ति अब क्यों आई है। यही बातें उन्हें तब क्यों याद नहीं आयी जब वे खुद पाकिस्तान के वजीर-ए-आजम थे। पाकिस्तान अभी तक हमेशा यही कहता रहा है कि भारत मुंबई अटैक के मसले पर पाकिस्तान को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। खुद नवाज शरीफ भी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहते हुए अलग अलग मौकों पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई बार दोहरा चुके हैं कि आतंकी संगठनों से पाकिस्तान सरकार या पाकिस्तानी सेना का कोई लेना देना नहीं है।
हालांकि भारत सरकार ने आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त आतंकियों को पाकिस्तान का समर्थन मिलने के सबूत कई बार दिए हैं। मुंबई अटैक को लेकर भी भारत की ओर से एक के बाद एक कई डोजियर और पुख्ता प्रमाण दिये गये हैं। इसके बावजूद पाकिस्तान हमेशा ही भारत के इस दावे को नकारते हुए आतंकी सरगनाओं को संरक्षण देने की कोशिश करता रहा है।
लेकिन, अब खेल बदला हुआ सा नजर आ रहा है। करप्शन के आरोपों की वजह से सत्ता से बेदखल हो चुके नवाज शरीफ कि अचानक आत्मा जाग गई है। उन्होंने खुले दिल से आतंकी गतिविधियों में पाकिस्तान की संलिप्तता की बात को स्वीकार कर लिया है। नवाज शरीफ की इस स्वीकारोक्ति ने जहां पाकिस्तान में पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के विरोधियों को मुंह खोलने का मौका दे दिया है, वहीं भारतीय पक्ष भी उनके इस रुख से हैरान है। हर कोई यही जानना चाहता है कि नवाज शरीफ को यह बात हाथ से सत्ता छिन जाने के बाद ही क्यों याद आई। जब तक वे प्रधानमंत्री थे, तब तक क्या उन्हें सच्चाई की जानकारी नहीं थी। एक प्रधानमंत्री को सच की जानकारी नहीं होने की बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता। ऐसे में ये सवाल उठना भी लाजमी है कि अगर उन्हें मुंबई अटैक का सच पता था, तो उन्होंने पद पर रहते ही इस दिशा में कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
मौजूदा दौर में पाकिस्तान में जारी आतंकी गतिविधियों, आतंकियों के प्रशिक्षण और संरक्षण की वजह से पूरी दुनिया में उसकी स्थिति एक आतंकवादी देश जैसी हो गई है। यह ठीक है कि चीन के विरोध की वजह से संयुक्त राष्ट्र संघ में पाकिस्तान को आतंकवादी समर्थक देश घोषित नहीं किया जा सका है, लेकिन इस तथ्य से आज पूरा विश्व परिचित हो चुका है कि पाकिस्तान आतंकवादियों की न केवल मदद करता है, उन्हें प्रशिक्षण देता है, हथियार और पैसे मुहैया कराता है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर घोषित आतंकवादियों को शरण भी देता है।
ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तान ने ही सुरक्षित रूप से शरण दिया हुआ था और पाकिस्तान में ही अमेरिकी नेवी सील ने उसका एनकाउंटर किया था। ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद जो देश पाकिस्तान का समर्थन भी करते थे, उन्हें भी इस बात का पता चल चुका है कि पाकिस्तान आतंकवादियों के प्रति नरम रवैया अपनाता है, उन्हें अपने यहां शरण देता है और उन्हें अपने विरोधी देशों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हरसंभव मदद देता है। मोटे शब्दों में पाकिस्तान आतंकवादियों का पालनहार बन गया है। पाकिस्तान आतंकवादियों का पालनहार है ये बात अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत लंबे समय से सबूतों के साथ बताता रहा है। चाहे मुंबई के सीरियल धमाके के मुख्य आरोपी दाऊद इब्राहिम की बात हो, खालिस्तानी आतंकवादियों को प्रशिक्षण और मदद देने की बात हो, या फिर जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे दुर्दांत आतंकवादी संगठनों को मदद उपलब्ध कराने की बात हो, पाकिस्तान ना केवल इन आतंकवादियों को प्रशिक्षण देता रहा है, बल्कि उन्हें हथियार भी मुहैया कराता रहा है। साथ ही भारत के खिलाफ गृहयुद्ध की स्थिति बनाने के लिए उन्हें दोनों हाथ से पैसे भी बांटता रहा है।
सच तो यह भी है कि आतंकवाद से लड़ने के नाम पर पाकिस्तान ने अमेरिका जैसे देश से लंबे समय तक काफी आर्थिक मदद ली है, लेकिन उस मदद का उपयोग उसने आतंकवादियों से लड़ने और खात्मा करने के लिए नहीं, बल्कि आतंकवादियों का संरक्षण करने के लिए किया है। और यह बात अब किसी से छुपी हुई नहीं है। इसके बावजूद पाकिस्तान सरकार हमेशा ही आतंकवाद को संरक्षण देने के आरोपों से इनकार करती रही है। ऐसे में अब आयी नवाज शरीफ की स्वीकारोक्ति से पाकिस्तान में तो हलचल मचना ही था। नवाज के घुर विरोधी समझे जाने वाले तहरीके इंसाफ पार्टी के सदर इमरान खान ने तो साफ शब्दों में कहा है कि अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए नवाज भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाषा बोल रहे हैं। इमरान खान के इस आरोप को महज एक राजनीतिक आरोप मानकर टाला नहीं जा सकता।
दरअसल, भ्रष्टाचार के आरोप में फंसने के बाद अब नवाज शरीफ की स्थिति ऐसी हो गई है कि वह किसी भी स्थिति में दोबारा देश के वजीर-ए-आजम नहीं बन सकते हैं। करप्शन के आरोप में कभी भी उनको लंबी सजा सुनायी जा सकती है। इसके साथ ही उनकी देश-विदेश में स्थित संपत्ति भी जब्त हो सकती है। साफ है कि ऐसा हुआ तो वे मुकम्मल तौर पर बर्बाद हो जायेंगे। ऐसी स्थिति में नवाज शरीफ सिर्फ इसी बात की कोशिश कर रहे हैं कि किसी भी तरह वे अपनी साफगोई से दुनिया के सामने पाकिस्तान के करतूतों का खुलासा कर अपने लिए हमदर्दी का भाव अर्जित कर सकें और सजा होने की स्थिति में अन्य देशों में स्थित अपनी संपत्ति को बचा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार/कविता सारस्वत

